खड़ावदा में नालियां हुई चोक, सड़कों पर फैला गंदा पानी और कीचड़, ग्रामीणों ने ‘क्लीन खड़ावदा’ अभियान चलाने की मांग की

खड़ावदा में नालियां हुई चोक, सड़कों पर फैला गंदा पानी और कीचड़, ग्रामीणों ने ‘क्लीन खड़ावदा’ अभियान चलाने की मांग की
खडावदा निप्र। विधानसभा के खड़ावदा नगर में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आलम यह है कि नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण वे पूरी तरह जाम हो चुकी हैं, जिससे गंदा पानी और कीचड़ अब सड़कों पर बह रहा है। नगर के वार्ड क्रमांक 1 से लेकर 12 तक स्थिति बदतर बनी हुई है, जिससे आम जनता का पैदल निकलना भी दूभर हो गया है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि नालियां कचरे और मिट्टी से अटी पड़ी हैं। निकासी व्यवस्था ठप होने से घरों का गंदा पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। इसके कारण न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि भीषण बदबू से राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुहाल हो गया है। सबसे गंभीर चिंता स्वास्थ्य को लेकर है; जमा पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा पैदा हो गया है।
नागरिकों ने ग्राम पंचायत के खिलाफ रोष व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार सूचना देने के बावजूद सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। कीचड़ के कारण आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं, विशेषकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि नगर में तत्काल विशेष सफाई अभियान शुरू किया जाए। सभी वार्डों की नालियों की गहराई से सफाई कर निकासी व्यवस्था दुरुस्त की जाए। नियमित रूप से कचरा संग्रहण और सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
वार्डवासियों का कहना है कि पंचायत को ‘स्वच्छ भारत अभियान’ की तर्ज पर “क्लीन खड़ावदा” मुहिम चलानी चाहिए ताकि नगर को गंदगी मुक्त बनाया जा सके।



