मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 29 नवंबर 2025 शनिवार

///////////////////////////////////////////

बेसिक आवश्यकताओं के अनुरूप मास्टर प्लान के मूल सिद्धांतों पर पुनर्विचार करें

मास्टर प्लान अंतर्गत गठित समिति की प्रथम सम्मिलन बैठक संपन्न

मंदसौर 28 नवंबर 25/ टीएंडसीपी उप संचालक सुश्री विनीता दर्शयामकर ने जानकारी दी कि मंदसौर विकास योजना 2041 के अंतर्गत गठित समिति की प्रथम सम्मिलन बैठक आज सुशासन भवन स्थित सभागृह में आयोजित की गई। बैठक में टीएंडसीपी (नगर एवं ग्राम निवेश) के सिद्धांतों, उसकी कार्ययोजना तथा आगामी वर्षों में शहर के समग्र विकास के लिए आवश्यक प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही टीएसपी द्वारा मंदसौर विकास योजना 2041 के संबंध में क्या मत है इसको लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद श्री सुधीर गुप्ता, कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, मंदसौर विधायक श्री विपिन जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, टी एंड सीपी से उप संचालक सुश्री विनीता दर्शयामकर सहित समिति सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में शहर के समग्र नियोजन और मास्टर प्लान के मूल सिद्धांतों पर पुनर्विचार करेंगे। सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने कहा कि मास्टर प्लान में सबसे पहले बेसिक आवश्यकताओं को स्पष्ट कर व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ें। उन्होंने निर्देश दिए कि ड्राफ्ट प्लान को पुनः देखा जाए, एक-एक बिंदु का अध्ययन कर समस्याओं का समाधान किया जाए तथा प्राप्त आपत्तियों का पूर्ण और पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने बताया कि बैठक का उद्देश्य मास्टर प्लान पर विस्तृत चर्चा कर सभी बुनियादी तत्वों का सूक्ष्म विश्लेषण करना है। उन्होंने कहा कि ओरिजिनल प्लान में दर्ज सभी दावे-आपत्तियों को विभाग द्वारा गंभीरता से देखा जाए और उनका उचित निराकरण किया जाए।

विधायक श्री विपिन जैन ने कहा कि आमजन, जनप्रतिनिधि तथा नगर पालिका द्वारा दिए गए सभी सुझावों को महत्व दिया जाए। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान शहर के हित में बने, शासकीय भूमि को ग्रीन बेल्ट में रखा जाए तथा बैठकें समय-समय पर आयोजित कर सुझावों पर कार्यवाही की जाए।

बैठक में समिति के समक्ष आगामी कार्य योजना, ग्रीन एरिया एवं ओपन एरिया के मानकों को देखना तथा निवेश क्षेत्र के प्रत्येक गांव का प्लान तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।

=================

भारतीय सेना आज नए गौरवशाली अंदाज में खड़ी है : सांसद श्री गुप्ता

जिला स्तरीय भूतपूर्व सैनिक सम्मान समारोह संपन्न

मंदसौर 28 नवंबर 25/ कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय भूतपूर्व सैनिक सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहीद सैनिकों के परिवारजनों एवं भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान कर उन्हें राष्ट्र-निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान के लिए नमन किया गया। कार्यक्रम में सांसद श्री सुधीर गुप्ता, कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, मंदसौर विधायक श्री विपिन जैन, कर्नल एवं सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक एवं उनके परिवारजन उपस्थित थे।

समारोह के दौरान स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी स्टाल लगाए गए, जिनमें सैनिकों और उनके परिवारों को एक ही स्थान पर आवश्यक परामर्श, सेवाएं और सुविधाएं प्रदान की गईं। स्टालों का व्यापक रूप से लाभ लिया गया।

सांसद श्री गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि “आज के समय में भारतीय सेना अपने आप में एक नए, आधुनिक और मजबूत अंदाज में विश्व पटल पर खड़ी है।” उन्होंने सभी सैनिक परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेना आज देश की प्रेरणा शक्ति बनी हुई है। व्यापक बजट, आधुनिक तकनीक, हथियार प्रणाली और नई सैन्य क्षमताओं के कारण भारत ने दुनिया में अपना सम्मानजनक स्थान और मजबूत पहचान बनाई है।

कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों को एक छत के नीचे सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सैनिकों की समस्याओं के समाधान हेतु मंच से ही सभी जानकारी प्रदान की जा रही है। किसी भी प्रकार की परेशानी के लिए वे निःसंकोच अपनी बात रखें, प्रशासन द्वारा पूर्ण सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

======

कृषि कार्य में मृत्‍यु होने पर 4 लाख रू की आर्थिक सहायता स्‍वीकृत

मंदसौर 28 नवंबर 25 / मुख्‍यमंत्री कृष‍क जीवन कल्‍याण योजना की कण्डिका 2(01) के तहत कृषि कार्य में कृषि यत्रों का उपयोग करते हुए दुर्घटना में मृत्‍यु अथवा अंग भग होने पर आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। गणमतसिंह निवासी हिंगांररियाछोटा की कृषि कार्य के दौरान मृत्‍यु हो गई थी। कलेक्‍टर श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा मृतक के निकटतम वारिस रेखाकुँवर को 4 लाख रू की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

===============

नेशनल लोक अदालत में विद्युत प्रकरणों में मिलेगी छूट

मंदसौर 28 नवंबर 25 / म.प्र. पश्चिस क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, मंदसौर वृत्त के अधीक्षण यंत्री श्री राजेश चन्द्र जैन द्वारा बताया गया कि म०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के तत्वाधान में 13 दिसम्बर 2025 को नेशनल लोक अदालत आयोजित की जा रही है।

इस लोक अदालत में मंदसौर/ मल्हारगढ़/सीतामऊ संभाग के अन्तर्गत लंबित प्रकरणों का विशेष न्यायालय मंदसौर, गरोठ एवं भानपुरा तहसील न्यायालयों में लंबित विद्युतीय न्यायालयीन प्रकरणों का एवं अन्य अनियमितताओं के प्रकरणों तथा मुकदमा पूर्व प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा।

कंपनी द्वारा दी जाने वाली छूटे कंपनी की ओर से विद्युत अधिनियम 2003 के अंतर्गत न्यायालयों में लंबित प्रकरणों एवं मुकदमा पूर्व प्रकरणों के निराकरण के लिये निम्नदाव श्रेणी के समस्त घरेलू समस्त कृषि 5 किलोवॉट भार तक के गैर घरेलू, 10 एच.पी. भार तक के औद्योगिक उपभोक्ताओं को सम्पूर्ण निर्धारण राशि का एक मुश्त भुगतान किये जाने पर छूट प्रदान की जावेगी। धारा 135 (विद्युत चोरी प्रकरणों) हेतु

प्री-लिटिगेशन स्तर पर आंकलित सिविल दायित्व की राशि पर 30% छूट, व्याज पर 100% छूट।

प्री-लिटिगेशन स्तर पर आंकलित सिविल दायित्व की राशिपर 20% छूट, ब्याज पर 100% छूट।

उपभोक्ताओं की सुविधा हेतु जिला न्यायालय परिसर मंदसौर एवं तहसील न्यायालय गरोठ व भानपुरा में कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे, जो समझौता वार्ता कर छूट का लाभदिलाने में सहयोग प्रदान करेंगे।

अधीक्षण यंत्री श्री जैन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि 13 दिसंबर 2025 को लोक अदालत में उपस्थित होकर कंपनी द्वारा प्रदान की जा रही छूट एवं राहत योजनाओं का लाभ ले और न्यायालयीन प्रक्रिया से शीघ्र छुटकारा प्राप्त करें।

विद्युत अधिनियम 2003 के अन्तर्गत विद्युत चोरी के प्रकरणों में 3 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।

========================

भावांतर योजना में सोयाबीन का मॉडल रेट 4260 रुपए जारी

मंदसौर 28 नवंबर 25 / भावांतर योजना 2025 के अंतर्गत सोयाबीन विक्रेता किसानों के लिए 28 नवंबर को 4260 रुपए प्रति क्विंटल का मॉडल रेट जारी किया गया है। यह मॉडल रेट उन किसानों के लिए है जिन्होंने अपनी सोयाबीन की उपज मंडी प्रांगणों में विक्रय की है। इस मॉडल रेट के आधार पर ही भावांतर की राशि की गणना की जाएगी। मॉडल रेट और न्यूनतम समर्थन मूल्य के भावांतर की राशि राज्य सरकार द्वारा दी जा रही है।

सोयाबीन का पहला मॉडल रेट 7 नवंबर को 4020 रुपए प्रति क्विंटल जारी किया गया था। इसी तरह 8 नवंबर को 4033 रुपए, 9 और 10 नवंबर को 4036 रुपए, 11 नवंबर को 4056 रुपए, 12 नवंबर को 4077 रुपए, 13 नवंबर को 4130 रुपए, 14 नवंबर को 4184 रुपए, 15 नवंबर को 4225 रुपए, 16 नवंबर को 4234 रुपए, 17 नवंबर को 4236 रुपए, 18 नवंबर को 4255 रुपए, 19 नवंबर को 4263 रुपए, 20 नवंबर को 4267 रुपए, 21 नवंबर को 4271 रुपए और 22 नवंबर को 4285 रुपए, 23, 24 नवंबर को 4282 रुपए, 25 नवंबर को 4277 रुपए, 26 नवंबर को 4265 और 27 नवंबर को 4252 रुपए प्रति क्विंटल का मॉडल रेट जारी हुआ था। राज्य सरकार की गारंटी है कि किसानों को हर हाल में सोयाबीन के न्यूनतम समर्थन मूल्य की 5328 रुपए प्रति क्विंटल की राशि मिलेगी।

================

सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत दिसम्बर के लिये खाद्यान्न आवंटित

मंदसौर 28 नवंबर 25 / राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अनुसार प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत सार्वजनिक वितरण प्रणाली से माह दिसम्बर में वितरण के लिये खाद्यान्न, फोर्टिफाइड नमक और शक्कर का आवंटन जारी कर दिया गया है।

जारी आवंटन में गेहूं 18 लाख 14 हजार 464 क्विंटल, फोर्टिफाइड चावल 6 लाख 2 हजार 957 क्विंटल, शक्कर 11 हजार 966 क्विंटल, डबल फोर्टिफाइड नमक 26 हजार 881 क्विंटल और नमक 76 हजार 731 क्विंटल जिलों को आवंटित किया गया है। उचित मूल्य दुकानवार/जिलेवारआवंटन ehttp://epos.mp.gov.inpos.mp.gov.in पर अलॉटमेंट लिंक पर प्रदर्शित है।

===========

पी.एम. कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, मंदसौर में स्टार्टअप और नवाचार विषय पर सेमिनार का आयोजन

मन्दसौर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंदसौर में दिनांक 28 नवंबर 2025 को इंस्टीट्यूशंस इन्नोवेशन काउंसिल के तत्वाधान में एवं प्राचार्य महोदय प्रो जे.एस दूबे के आदेशानुसार स्टार्टअप एवं नवाचार विषय पर प्रबंध विभाग द्वारा सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार के मुख्य वक्ता उद्यमी श्री नाहरू खान जी मेव ने उपस्थित होकर विद्यार्थियों को नए स्टार्ट अप शुरू के लिए प्रेरित किया और विद्यार्थियों से कहा कि आपको हमेशा कुछ नया करने का सोचना चाहिए, अपना प्रोजेक्ट बनाकर उस पर कार्य करना चाहिए। इसके लिए सरकार द्वारा आज के समय में विभिन्न योजनाओं के तहत अपना स्टार्टअप शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है उन्होंने हर काम को जिम्मेदारी से करने की सीख प्रदान की और बताया कि परिश्रम के बिना सफलता नहीं मिल सकती है। उक्त सेमिनार में प्रबंध विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ आरती पडियार, आईआईसी कोऑर्डिनेटर डॉ यशवंत पवार एवं सदस्य श्री हीरालाल जाटव, IQAC मेन्टर सुश्री सायमा परवीन एवं प्रबंध विभाग से डॉ रजत जैन, सुश्री साक्षी विजयवर्गीय, सुश्री शालू नलवाया उपस्थिति रहे। उक्त कार्यक्रम में लगभग विद्यार्थियों ने उत्सुकता पूर्वक अपनी सहभागिता दी।
==============

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}