दूध शाकाहार नहीं है’, जबलपुर में लगे पोस्टर से मचा बवाल; पुलिस ने इसे लगाने वालों को हिरासत में लिया

दूध शाकाहार नहीं है’, जबलपुर में लगे पोस्टर से मचा बवाल; पुलिस ने इसे लगाने वालों को हिरासत में लिया
जबलपुर। ग्वारीघाट में मार्ग पर कई जगह दूध शाकाहार नहीं है के पोस्टर लगाए जा रहे थे। कुछ लोगों ने इन पोस्टरों के लगाने पर आपत्ति जताई। जानकारी मिलने पर मौके पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी पहुंचे। विवाद के बाद इन पोस्टर को हटा दिया गया। रविवार की शाम को दीपोत्सव कार्यक्रम होना था उससे पहले विवादित पोस्टर लगाने को अशांति फैलाने का प्रयास बताया जा रहा है। जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है। विवादित पोस्टर रामपुर चौक से ग्वारीघाट के बीच मुख्य मार्ग पर लगाए जा रहे थे। यह पोस्ट एनिमल से इंडिया नामक एक संस्था के इशारे पर लगाए जा रहे थे। पोस्टर में दुनिया में भारत को सबसे बड़ा बीफ निर्यातक होने की जानकारी थी और अधिक जानकारी के लिए यूट्यूब पर मां का दूध सर्च करने के लिए लिखा था। इसे कुछ लोगों ने विशेष वर्ग की भावनाएं भड़काने और अशांति फैलाने का प्रयास बताया। मामले में सावधानी बरतते हुए पुलिस ने तुरंत इन पोस्टरों को हटवा दिया। मौके पर पोस्टर लगाते मिले तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने पूछताछ में भोपाल की एक एजेंसी के कहने पर जबलपुर में पोस्टर लगाने के लिए आने की बात कही है। आरंभिक रूप से मामले में अजय वर्मा सहित अन्य दो को आरोपित बनाया गया है। आरोपितों पर धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर और दुर्भावना पूर्ण तरीके से अपमानित करने का मामला पंजीबद किया गया है। हिरासत में लिए गए आरोपितों से भोपाल में एजेंसी व उसके संचालक के बारे में जानकारी ली जा रही है।



