समाचार मध्यप्रदेश नीमच 03 सितंबर 2026 गुरुवार
********************************
सावलिया सेठ दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की कार को ट्राले ने मारी टक्कर, एक की मौत, चार गंभीर
सागरग्राम के पास दर्दनाक हादसा: धार जिले के रहने वाले हैं सभी पीड़ित..
नीमच। सावलिया सेठ (मंडफिया) दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार को जीरन थाना क्षेत्र के सागरग्राम के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्राले ने जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के मुताबिक, धार जिले के कानवन निवासी पांच मित्र मंगलवार को दर्शन के लिए रवाना हुए थे।* *घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस टीम (पायलट केशव बलवारा, संदीप मोदी, नरेंद्र खींची व ईएमटी सुनील खींची) ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल नीमच जिला अस्पताल पहुंचाया।हादसे की स्थिति:मृतक: हिमांशु पवार (राजपूत)गंभीर घायल: मोहित पवार, जय सिंह राजपूत, अंकित लोहार, आशीष राजपूत।
–00–
बर्डिया में 60 दिवसीय नालसा मेगा ड्राइव के अंतर्गत लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ 3 सितंबर को
नीमच, 2 सितंबर 2026/ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा दिनांक 25 अगस्त से 23 अक्टूबर 2026 तक संचालित 60 दिवसीय मेगा ड्राइव का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश के 7 जिलों का चयन किया गया है, जिसमें नीमच जिला भी शामिल है। नीमच जिले में मेगा ड्राइव हेतु ग्राम बर्डिया, तहसील मनासा का चयन किया गया है।
ग्राम बर्डिया में 3 सितंबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे ग्राम पंचायत परिसर में लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा किया जाएगा। शुभारंभ के पश्चात ग्रामीणजनों के साथ मेगा ड्राइव के अंतर्गत आगामी 60 दिवस में की जाने वाली गतिविधियों पर चर्चा एवं विचार-विमर्श किया जाएगा।
मेगा ड्राइव के दौरान ग्राम बर्डिया में घर-घर सर्वे कर पात्र व्यक्तियों को चिन्हित किया जाएगा तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए संबंधित शासकीय विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
इस दौरान पैरा लीगल वॉलिंटियर्स द्वारा ग्रामीणजनों को विधिक अधिकारों एवं नालसा की विभिन्न योजनाओं के संबंध में जागरूक कर आवश्यक मार्गदर्शन एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
–00–
खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के पात्र एमएसएमई के लिए मैसूर में एक्सपोजर विजिट का अवसर
नीमच, 2 सितंबर 2026। रेजिंग एंड एक्सीलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस योजना के अंतर्गत खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े पात्र सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए मैसूर में एक्सपोजर विजिट का आयोजन प्रस्तावित है।
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, नीमच से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में खाद्य प्रसंस्करण एवं संबंधित गतिविधियों से जुड़े इच्छुक एवं पात्र एमएसएमई इस एक्सपोजर विजिट के लिए नामांकन करा सकते हैं। एक्सपोजर विजिट 15 से 19 सितंबर 2026 तक केंद्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान, मैसूर में आयोजित होना प्रस्तावित है।
इच्छुक एमएसएमई उद्यमी एक्सपोजर विजिट में सहभागिता के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, नीमच से संपर्क कर नामांकन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
–00–
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों पर मंथन, इंदौर में जुटेंगे युवा और छात्र
नीमच। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक में आगामी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों तथा अधिक से अधिक युवाओं और छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में नीमच जिला युवा कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष वैभव अहीर ने भी सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश गंगोरिया, राष्ट्र महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी शिव सिंह चौहान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन दिया। युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों की व्यापक भागीदारी रहेगी। संगठन स्तर पर इसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह नजर आया।
–00–
खड़गे के सम्मान में उतरे कांग्रेसी, रतनगढ़ में भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन
-हल्द्वानी में सभा स्थल के कथित शुद्धिकरण और राहुल गांधी पर एफआईआर के विरोध में युवा कांग्रेस व अनुसूचित जनजाति विभाग ने जताया आक्रोश
रतनगढ़। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा स्थल पर कथित रूप से किए गए ‘शुद्धिकरण’ और इस मामले में आवाज उठाने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में मंगलवार को रतनगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। ब्लॉक युवा कांग्रेस एवं अनुसूचित जनजाति विभाग के संयुक्त नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है और जाति के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता। युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि खड़गे का कथित अपमान बहुजन समाज और संविधान की भावना का अपमान है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा लोकतांत्रिक आवाज को दबाने के प्रयास बंद करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय की लड़ाई आगे भी मजबूती से जारी रहेगी। प्रदर्शन में अनुसूचित जनजाति ब्लॉक अध्यक्ष रामस्वरूप सोलंकी, रतनगढ़ नगर कांग्रेस अध्यक्ष लखन भाटी, जिला कांग्रेस कमेटी सचिव अर्जुन बैरागी, युवा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अंकित शर्मा, युवा कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष कमल छपरीबंद, अनुसूचित जनजाति जिला महासचिव मदन मेघवाल, पार्षद लक्ष्मी नारायण सोलंकी, पार्षद प्रतिनिधि बलवंत वर्मा, पूर्व पार्षद आजाद शाह, किसान नेता नानालाल चारण, अल्पसंख्यक नेता गब्बर भाई, डॉ. राजेश सोलंकी, युवा नेता प्रदीप तिवारी, निर्मल पाटीदार, नारू भाई, मोहम्मदी भाई, राहुल छपरीबंद, नितिन सोलंकी, पिंकेश सोलंकी, सरफराज नीलगर, रतनदास बैरागी, कालू मकवाना, ईश्वर व्यास, प्रहलाद चरण, कमलेश भील, जगदीश भील, जाकिर मंसूरी, हुसैन मामू, आयुष सोनी, आशिक मंसूरी, देवराज वर्मा, जाकिर भाई गरवाड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
–00-
बारिश के बीच एमपी ट्रांसको ने अगस्त माह में 135 सर्किट किलोमीटर की 6 नई ट्रांसमिशन लाइनें पूर्ण कर स्थापित किया नया कीर्तिमान
— प्रदेश में ट्रांसमिशन नेटवर्क सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि–
जबलपुर।मध्य प्रदेश में अगस्त माह के दौरान हुई लगातार भारी वर्षा और चुनौतीपूर्ण मौसम परिस्थितियों के बावजूद मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने ट्रांसमिशन नेटवर्क विस्तार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने अगस्त माह में कुल 135.90 सर्किट किलोमीटर लंबाई की 132 केवी की कुल 6 ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण एवं सेकंड सर्किट के कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किए हैं। इसमें रेलवे के लिए तैयार की गई एक महत्वपूर्ण लाइन भी शामिल है।
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में विद्युत पारेषण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, विश्वसनीय एवं सक्षम बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार हो रही वर्षा के बीच एमपी ट्रांसको के अभियंताओं एवं कर्मचारियों ने समर्पण और दक्षता के साथ कार्य करते हुए यह उपलब्धि अर्जित की है।
उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ेगी तथा भविष्य की बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने में सहायता मिलेगी।
अगस्त माह में 6 महत्वपूर्ण लाइने हुई पूर्ण-
एम पी ट्रांसको के मुख्य अभियंता श्री के. एम. सिंघल ने बताया कि अगस्त माह में 132 केवी डबल सर्किट सिंगल स्ट्रिंग आलोट–ताल ट्रांसमिशन लाइन के सैंकड सर्किट का 19.56 सर्किट किलोमीटर, गंज बासौदा–सहरवासा लाइन के सैंकड सर्किट का 28.92 सर्किट किलोमीटर तथा कैमोर–बरही लाइन के सैंकड सर्किट का 32.40 सर्किट किलोमीटर कार्य पूर्ण किया गया।
उन्होंने बताया कि 132 केवी सबस्टेशन सनावद से आर टी एस निमारखेड़ी तक 15.90 सर्किट किलोमीटर लंबी 132 केवी डबल फेज डबल वायर रेलवे ट्रैक्शन लाइन का निर्माण कार्य गंभीर निर्माण चुनौतियां के कारण लंबी अवधि से पूर्ण नहीं हो पा रहा था जिसे स्थानीय प्रशासन ने भरपूर योगदान प्रदान कर कार्य पूर्ण कराने में एमपी ट्रांसको का सहयोग किया और रेल्वे के इस लाईन कार्य को भी गहन वर्षाकाल मे पूर्ण किया गया।
इसके अतिरिक्त बिलकिसगंज–मुगालिया छाप लाइन के सैंकड सर्किट का 17.27 सर्किट किलोमीटर तथा रतनगढ़–सिंगोली लाइन के सैंकड सर्किट का 21.85 सर्किट किलोमीटर निर्माण कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
श्री सिंघल ने बताया कि इन सभी कार्यों के पूर्ण होने से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में ट्रांसमिशन क्षमता में वृद्धि होगी तथा विद्युत प्रणाली की विश्वसनीयता और परिचालन दक्षता को और मजबूती मिलेगी।
–00-
चीनी के स्टॉक की अधिकतम सीमा निर्धारित, 4 हजार क्विंटल से अधिक भंडारण पर रोक
नीमच, 2 सितंबर 2026। राज्य शासन द्वारा जारी मध्यप्रदेश चीनी (अधिकतम स्टॉक सीमा एवं स्टॉक घोषणा नियंत्रण) आदेश, 2026 के तहत जिले में चीनी के भंडारण एवं स्टॉक की निगरानी को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला आपूर्ति अधिकारी, नीमच ने जिले के सभी चीनी डीलरों एवं व्यापारियों को सूचित किया है कि कोई भी डीलर/व्यापारी 4 हजार क्विंटल से अधिक चीनी का स्टॉक नहीं रख सकेगा। साथ ही, प्राप्त स्टॉक को 30 दिवस से अधिक अवधि तक भंडारित नहीं किया जा सकेगा।
सभी डीलर एवं व्यापारियों के लिए भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के पोर्टल https://foodstock.dfpd.gov.in पर अपने चीनी स्टॉक की घोषणा करना तथा उसमें नियमित रूप से अद्यतन जानकारी दर्ज करना अनिवार्य किया गया है।
जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित डीलर/व्यापारी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 एवं अन्य सुसंगत प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन द्वारा सभी संबंधित व्यापारियों से स्टॉक सीमा एवं स्टॉक घोषणा संबंधी प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने की अपेक्षा की गई है।
–00–
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 3 सितंबर को रामपुरा में शिविर
नगर परिषद रामपुरा सहित 12 ग्राम पंचायतों के नागरिकों की समस्याओं का होगा निराकरण
नीमच 2 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आमजन की समस्याओं के निराकरण, शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुगमता से पहुंचाने तथा प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जिले में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 3 सितंबर 2026 को नगर परिषद रामपुरा में शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर में नगर परिषद रामपुरा के साथ ग्राम पंचायत बैसला, बारवाड़िया, मजीरिया, चेनपुरिया, चन्द्रपुरा, अमरपुरा, बुज, डायली, खिमलाब्लॉक, खेतपालिया, लसुडिया ईस्तमुरार एवं सोनडी के नागरिक शामिल होंगे। संबंधित क्षेत्रों के नागरिक अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं शासकीय योजनाओं से जुड़े प्रकरण शिविर में प्रस्तुत कर सकेंगे।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास,जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव सहित जिले के समस्त जिला स्तरीय एवं खंड स्तरीय अधिकारी शिविर में उपस्थित रहेंगे। अधिकारियों द्वारा आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी तथा संबंधित विभागों के माध्यम से प्रकरणों के निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे 3 सितंबर को नगर परिषद रामपुरा में आयोजित शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत करें तथा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का लाभ उठाएं।
–00–
जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर ने की बैंकिंग एवं शासकीय योजनाओं की समीक्षा
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने विभाग और बैंकर्स आपसी समन्वय से करें कार्य– कलेक्टर
नीमच 02 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति,जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला स्तरीय बीमा समिति की वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम त्रैमासिक बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में 1 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 की अवधि की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न बैंकिंग, बीमा, रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति, लंबित प्रकरणों तथा आगामी लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई-2.0 आईएसएस), मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्वरोजगार योजना, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (पशुपालन), कामधेनु योजना सहित उद्योग, उद्यानिकी एवं मत्स्य विभाग की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित लक्ष्यों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि जिले का कोई भी पात्र हितग्राही बीमा एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी और बैंकर्स आपसी समन्वय से कार्य करें तथा पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने तकनीकी अथवा प्रक्रियागत कारणों से प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के प्रमुख निर्देश:
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के पात्र हितग्राहियों के शत-प्रतिशत आवेदन भरवाकर तत्काल बैंकों को उपलब्ध कराए जाएं।
पीएम स्वनिधि योजना में लंबित प्रकरणों की स्वीकृति जारी कर आगामी बैठक तक 200 हितग्राहियों को ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए। योजना के पोर्टल संबंधी समस्याओं का बैंक अधिकारियों से समन्वय कर शीघ्र निराकरण कराया जाए।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया एवं बैंक ऑफ इंडिया को मुद्रा योजना के अंतर्गत 400 हितग्राहियों को ऋण वितरण का लक्ष्य दिया गया।
प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत जीरो बैलेंस खातों की संख्या घटाकर 30 हजार तक की जाए।
बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक एवं इक्विटास बैंक सहित सभी बैंक एनपीए में कमी लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें तथा सीडी रेशियो में सुधार सुनिश्चित करें।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आगामी बैठक तक 100 नए प्रकरण भेजे जाएं एवं स्व-सहायता समूहों को 5 करोड़ रुपये का ऋण वितरण किया जाए।
पशु केसीसी के लिए किसानों से पशु बीमा की अनावश्यक मांग नहीं की जाए।
पीएमएफएमई के लंबित प्रकरणों के निराकरण एवं ऋण वितरण के लिए उप संचालक उद्यानिकी बैंक शाखा प्रबंधकों से समन्वय कर हितग्राहियों को ऋण वितरित करवाएं।
संत रविदास स्वरोजगार योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्वरोजगार योजना, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना एवं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं में 31 जनवरी 2027 तक निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत ऋण स्वीकृति एवं वितरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सभी संबंधित विभागों एवं बैंकर्स की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव,एलबीओ आरबीआई श्री राम पोरवाल,सांसद प्रतिनिधि श्री पवन कुमार दुबे, नाबार्ड प्रतिनिधि श्री योगेंद्र सैनी, परियोजना अधिकारी डूडा श्रीमती मयूरी जोक,अग्रणी जिला प्रबंधक श्री शितांशु शेखर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं बैंक शाखाओं केप्रबंधक उपस्थित रहे।
–00–
पीएम केयर्स योजना बनी इसरार के भविष्य का संबल
10 लाख रुपये की सहायता से मिली आर्थिक सुरक्षा और आगे बढ़ने का विश्वास
नीमच, 2 सितम्बर 2026। कोरोना महामारी का कठिन दौर इसरार पठान के परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक रहा। कोरोना संक्रमण के दौरान उनके माता-पिता का निधन हो गया। इस कठिन परिस्थिति में इसरार के सामने भविष्य और पढ़ाई को लेकर कई चुनौतियां खड़ी हो गईं। ऐसे समय में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की संवेदनशील पहल पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना उनके लिए सहारा बनी।
नीमच जिले की तहसील सिंगोली के ग्राम अलोरी गड़वाड़ा निवासी इसरार पठान वर्ष 2020 में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत थे। कोरोना महामारी के दौरान वर्ष 2021 में उनके माता-पिता का निधन हो गया। इसके बाद योजना के तहत 18 वर्ष की आयु में उन्हें 10 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई,जो 23 वर्ष की आयु पूर्ण करने के पश्चात उनके खाते में हस्तांतरित कर दी गई है।
इस राशि पर उन्हें हर माह 5 हजार रुपये से अधिक का ब्याज भी प्राप्त होता रहा। इससे उन्हें आर्थिक आवश्यकताओं को पूरा करने, आगे की पढ़ाई जारी रखने और भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा का आधार मिला।
इसरार बताते हैं कि माता-पिता को खोने के बाद जीवन में आए कठिन दौर में पीएम केयर्स योजना से मिली सहायता उनके लिए बड़ा संबल बनी। आर्थिक सुरक्षा मिलने से उन्हें भविष्य को लेकर भरोसा मिला और आगे बढ़ने का अवसर मिला।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन समय में सरकार द्वारा उनके भविष्य की चिंता करते हुए दी गई सहायता ने उन्हें अपने सपनों को पूरा करने का विश्वास दिया है।
माता-पिता के निधन से उपजे कठिन दौर में पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना इसरार के लिए उम्मीद और आर्थिक सुरक्षा का आधार बनी। योजना से मिले संबल ने उन्हें परिस्थितियों से उबरकर आत्मविश्वास के साथ बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने की राह दिखाई।
–00—
अवैध खनिज परिवहन पर कलेक्टर की सख्ती, पांच प्रकरणों में 1.12 लाख रुपये से अधिक की शास्ति
नीमच 2 सितम्बर 2026, जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं खनिजों के अवैध उत्खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत पांच प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन मालिकों पर कुल एक लाख 12 हजार 280 रुपये की शास्ति अधिरोपित की है। कार्रवाई जिला खनिज अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदनों के आधार पर की गई।
जिला खनिज अधिकारी के अनुसार 26 अगस्त 2026 को तहसील जावद के ग्राम नयागांव में जांच के दौरान ट्रैक्टर क्रमांक MP44ZD0776 से रैत पत्थर का अवैध परिवहन पाया गया। वाहन मालिक महेश पिता रामचन्द्र जूनी, निवासी चिताखेडा, तहसील जीरन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए रॉयल्टी की 15 गुना राशि 5 हजार 625 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 30 हजार 625 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
इसी प्रकार 26 अगस्त 2026 को तहसील जावद के ग्राम सुवाखेडा में महिन्द्रा ट्रेक्टर क्रमांक RJ09RF1115 से खण्डा पत्थर का अवैध उत्खनन पाए जाने पर वाहन मालिक जीवराज पिता मोतीलाल किर, निवासी कल्याणपुरा, तहसील निम्बाहेडा के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 600 रुपये तथा 25 हजार रूपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति के रूप में, कुल 28 हजार 600 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
26 अगस्त 2026 को तहसील जावद के ग्राम सुवाखेडा में ट्रेक्टर क्रमांक RJ09RB5741 से खण्डा पत्थर का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक प्रकाश पिता भूरालाल माली, निवासी मंडा गुलफरोशान, चित्तौडगढ तहसील निम्बाहेडा के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 600 रुपये तथा 14 हजार 85 रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 17 हजार 685 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
26 अगस्त 2026 को तहसील जावद के ग्राम सुवाखेडा में वाहन क्रमांक RJ09RB2009 से खण्डा का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक दिनेश पिता बाबुलाल, निवासी आकिया, तहसील निम्बाहेडा,जिला चित्तौडगढ के विरुद्ध कार्रवाई की गई। रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 600 रुपये तथा 14 हजार 85 रूपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 17 हजार 685 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
26 अगस्त 2026 को तहसील जावद के ग्राम सुवाखेडा में ट्रैक्टर क्रमांक MP44AB2690 से खण्डा पत्थर का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक गोविन्द पिता भंवरलाल धनगर, निवासी सुवाखेड़ा, तहसील जावद के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 600 रुपये तथा 14 हजार 85 रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 17 हजार 685 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने निर्देश दिए हैं कि अधिरोपित शास्ति राशि निर्धारित अवधि में शासकीय कोष में जमा कराई जाए। शास्ति राशि जमा होने के बाद नियमानुसार जब्त वाहनों को मुक्त किया जाएगा। निर्धारित समयावधि में राशि जमा नहीं किए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध प्रचलित प्रावधानों के तहत भू-राजस्व की भांति वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
–00–
खरीफ फसलों की स्थिति का कृषि अधिकारियों ने लिया जायजा
किसानों को फसल निगरानी और कीट-व्याधि नियंत्रण के संबंध में दी सलाह
नीमच, 2 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार बुधवार को उप संचालक कृषि श्री नगीन सिंह रावत, सहायक संचालक श्री ओ.एस. बर्मन एवं कृषि अधिकारियों ने जावद विकासखंड के ग्राम अठाना, हनुमंतिया, खोर, धनेरिया, तुंबा, महेशपुरिया, सुवाखेड़ा, बरखेड़ा कामलिया सहित विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर खरीफ फसलों की स्थिति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किसानों को फसलों की सतत निगरानी रखने तथा निंदाई एवं कीट-व्याधि नियंत्रण के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी।
फसलों में कीट-व्याधि नियंत्रण के लिए सलाह -सोयाबीन में सेमीलूपर एवं गर्डल बीटल: प्रकोप दिखाई देने पर क्लोरएंट्रानिलीप्रोल 18.5 प्रतिशत एससी 150 मिलीलीटर प्रति हेक्टेयर अथवा पूर्व मिश्रित बीटा सायफ्लुथ्रिन + इमिडाक्लोप्रिड 350 मिलीलीटर प्रति हेक्टेयर अथवा थायोमिथाक्सम + लैम्ब्डा सायहेलोथ्रिन 125 मिलीलीटर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करें।
सोयाबीन एवं उड़द में पीला मोजेक: रसचूसक कीट एवं सफेद मक्खी के नियंत्रण के लिए डाईमिथोएट 30 प्रतिशत ईसी 750 मिलीलीटर प्रति हेक्टेयर अथवा इमिडाक्लोप्रिड 17.8 एसएल 200 मिलीलीटर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करें।
मक्का में फॉल आर्मीवर्म: प्रकोप होने पर इमामेक्टिन बेंजोएट 220 ग्राम प्रति हेक्टेयर अथवा क्लोरएंट्रानिलीप्रोल + लैम्ब्डा सायहेलोथ्रिन 200 मिलीलीटर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करें।
मूंगफली में सफेद लट: क्लोथियानीडीन 50 प्रतिशत डब्ल्यूडीजी 250 ग्राम प्रति 1000 लीटर पानी प्रति हेक्टेयर की दर से ड्रेंचिंग करें।
मूंगफली में व्याधि नियंत्रण: पूर्व मिश्रित टेबुकोनाजोल + सल्फर 1 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करें।
खेतों में जलभराव: वर्षा के कारण खेतों में पानी भरने की स्थिति में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करें।
फलदार पौधों में कीट नियंत्रण: डाईमिथोएट 1.5 मिलीलीटर एवं कॉपर ऑक्सीक्लोराइड 50 डब्ल्यूपी 2.5 ग्राम प्रति लीटर पानी की दर से स्प्रे करें।
सोयाबीन में जैविक नियंत्रण: कीट नियंत्रण एवं पक्षियों के माध्यम से जैविक नियंत्रण को बढ़ावा देने के लिए खेत में 30 से 40 टी आकार के बर्ड परचर लगाएं।
कृषि विशेषज्ञों से लें सलाह -कृषि अधिकारियों ने किसानों से कीट-व्याधि के लक्षण दिखाई देने पर बिना विलंब विशेषज्ञों से सलाह लेने की अपील की है। आवश्यक सलाह के लिए कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. सी.पी. पचैरी से मोबाइल 9329468805 तथा कृषि वैज्ञानिक डॉ. एस.एस. सारंगदेवोत से मोबाइल 9424530725 पर संपर्क किया जा सकता है।
-हल्द्वानी में सभा स्थल के कथित शुद्धिकरण और राहुल गांधी पर एफआईआर के विरोध में युवा कांग्रेस व अनुसूचित जनजाति विभाग ने जताया आक्रोश



