समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 03 सितंबर 2026 गुरुवार

संत रविदास जयंती के उपलक्ष में कलश वंदन यात्रा का विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत

मंदसौर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650 वीं जयंती के उपलक्ष में आयोजित की जा रही समरसता कलश वंदन यात्रा का जिले के गोवर्धनपुरा, गुराडिया विजय, कुरावन, बसई, सीतामऊ, अफजलपुर आदि स्थानों पर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया, संतों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया। यात्रा में शामिल जनप्रतिनिधियों ने संत रविदास जी के जीवन मृत्यु पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा दिए गए सामान्य समरसता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कलश यात्रा का उद्देश्य समाज में समरसता, एकता, भाईचारे की भावना को जागृत करना है। कहा गया कि संत रविदास जी ने जात-पात से ऊपर उठ कर सभी को एक समान माना है यही संदेश आज समाज के लिए प्रेरणादायक है। कलश वंदन यात्रा का विभिन्न स्थानों पर भ्रमण के दौरान लोगों ने पूजा अर्चना कर पुष्प वर्षा की। इस दौरान आम जनों ने भी कलश यात्रा में उत्साह के साथ भाग लिया तथा संतों के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।–00–
NGT के आदेश के बावजूद तेलिया तालाब में कथित अतिक्रमण पर कार्रवाई कब होगी : राजेश रघुवंशी
मंदसौर/_ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश रघुवंशी ने मंदसौर के महत्वपूर्ण जलस्रोत तेलिया तालाब के संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद से सवाल किया है कि वर्तमान में भोपाल तालाब को लेकर पूरे प्रदेश के लिए जारी किए गए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के कड़े निर्देशों के बाद भी मंदसौर तैलिया तालाब के आसपास हो रहे कथित अवैध निर्माण एवं भराव पर प्रशासनिक कार्रवाई के लिए आखिर मंदसौर की जनता को कब तक इंतजार करना पड़ेगा?
रघुवंशी ने कहा कि तेलिया तालाब के हाई फ्लड लेवल (HFL) एवं डूब क्षेत्र में मिट्टी-मुरम का भराव कर कॉलोनियां विकसित किए जाने तथा व्यावसायिक गतिविधियों के लिए निर्माण किए जाने की शिकायतें निरंतर सामने आ रही हैं। यदि इन गतिविधियों पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई तो पहले से ही प्रभावित तालाब की जलधारण क्षमता और प्राकृतिक जल प्रवाह और ज्यादा प्रभावित हो सकता है।
रघुवंशी नें NGT के OA No. 111/2025 तथा अगस्त-सितंबर 2026 के आदेशों का हवाला देते हुए कहा कि जलस्रोतों एवं वेटलैंड के संरक्षण के लिए ट्रिब्यूनल ने तालाबों के वैज्ञानिक सीमांकन, स्थायी सीमांकन पिलर लगाने तथा निर्धारित नो-कंस्ट्रक्शन जोन में आने वाले अवैध निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई के संबंध में निर्देश दिए हैं। परन्तु प्रश्न यह है कि इन स्पष्ट निर्देशों के आधार पर क्या प्रशासन तेलिया तालाब का वैज्ञानिक सीमांकन कराकर उसके HFL एवं डूब क्षेत्र को स्पष्ट रूप से चिन्हित करेगा.? साथ ही, यह भी सवाल है कि निर्धारित नो-कंस्ट्रक्शन जोन में आने वाले निर्माणों एवं किए गए भराव की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई कब की जाएगी.?
रघुवंशी नें कहा कि तेलिया तालाब मंदसौर की जल एवं पर्यावरण व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके कैचमेंट और डूब क्षेत्र को सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद से मांग की कि NGT के निर्देशों के अनुरूप तालाब का सीमांकन, अतिक्रमण एवं निर्माणों की जांच तथा आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए।
रघुवंशी ने कहा कि तेलिया तालाब का संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था का विषय नहीं, बल्कि पूरे मंदसौर की जल सुरक्षा और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा प्रश्न है।
–00–
मल्हारगढ़ में श्री कृष्ण पर्व का आयोजन 4 सितंबर को
मंदसौर। मध्य प्रदेश शासन संस्कृति विभाग तथा श्री कृष्ण पाथेय न्यास द्वारा जिला प्रशासन मंदसौर के सहयोग से जिले के मल्हारगढ़ के सांदीपनि विद्यालय परिसर में एक दिवसीय श्री कृष्ण पर्व का आयोजन आगामी 4 सितंबर को शाम 7:00 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि विद्वत जन तथा जन सामान्य उपस्थित रहेंगे। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा कार्यक्रम की नोडल अधिकारी एसडीएम मल्हारगढ़ श्रीमती स्वाति तिवारी को नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम में श्री कृष्ण केंद्रित नृत्य नाटिका सुश्री सन्नाली शर्मा एवं ग्रुप मंदसौर द्वारा प्रस्तुत की जाएगी। भक्ति गायन मंदसौर के दीपक कुमार राव एवं साथी प्रस्तुत करेंगे।
–00–
वरिष्ठ शिक्षक राधेश्याम मुजावदिया दादू सर की सेवानिवृत्ति पर स्वागत कर शुभकामनाएं व्यक्त की
शामगढ़-शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सुवासरा से वरिष्ठ व्याख्याता के पद से सेवानिवृत होने पर शिक्षक राधेश्यामजी मुजावदिया (दादू सर) को पोरवाल मोहल्ला शामगढ़ स्थित उनके निवास स्थान पर पहुंचकर शाल श्रीफल भेंट करके पुष्पमाला पहनाकर शुभकामनाएं व्यक्त कर उनका आशीर्वाद प्राप्त कियाविदित है कि दादू सर से शामगढ़ नगर के कई छात्र छात्राएं शिक्षा प्राप्त करके आज विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे है। विशेष कर हमारे क्षेत्र के जाने-माने चिकित्सक डॉ पवन मेहता डॉ अमित धनोतिया डॉ आशीष सहित कई युवा दादू सर से शिक्षा प्राप्त करके नगर एवं क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं, इस बात का सर को बहुत गर्व है।
उन्होंने बताया है कि मुझे बहुत अच्छा लगता है जब मैं सुनता हूं कि मेरे शिष्य ने इस क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की उन्होंने यह भी कहा कि मैं चिकित्सा परामर्श लेने के लिए मेरे शिष्य डॉ अमित धनोतिया के क्लीनिक पर और वहां पर अपनी बारी का इंतजार करता हूं तो मुझे बहुत अच्छा लगता है। और गर्व महसूस होता है।
आज इस अवसर पर उनके शिष्य डॉ अमित धनोतिया नितिन चौधरी एल्डरमैन मुकेश दानगढ़ श्याम गुप्ता श्याम पाटीदार राधेश्याम फरक्या RD नरेंद्र चौधरी ट्रैक्टर सहित उनके मित्र राजेंद्र सिसोदिया राजू भाई बॉम्बे स्टूडियो भी विशेष रूप से उपस्थित रहे
–00–
अनुसूचित जाति कांग्रेस कमेटी ने आक्रोश प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा
मंदसौर – कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार, जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष श्री कन्हैयालाल सिसोदिया के नेतृत्व में मंदसौर में एक विशाल आक्रोश प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा स्थल पर भाजपाईयों द्वारा किए गए कथित जातिवादी “शुद्धिकरण” और इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वाले हमारे जननेता, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर दर्ज की गई झूठी FIR के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हुंकार भरी।
जातिवादी मानसिकता से ग्रसित दोषी भाजपा कार्यकर्ताओं पर तुरंत FIR दर्ज करने की मांग को लेकर आज महामहिम राष्ट्रपति जी के नाम मंदसौर जिला पुलिस अधीक्षक (SP) को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी मंदसौर के सभी शीर्ष पदाधिकारीगण, मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्षगण एवं सैकड़ों जांबाज कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
–00–
सीतामऊ पुलिस की तत्परता : अपहरण की सूचना पर एक घंटे के अंदर आरोपियों को किया डिटेन
सीतामऊ – पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और सक्रियता का परिचय दिया है अपहरण की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति ने टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवकों को महज एक घंटे के भीतर अफजलपुर थाना क्षेत्र से डिटेन कर लिया
जानकारी के अनुसार अपहरण का मामला सामने आते ही सीतामऊ पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर घेराबंदी की इस कार्रवाई में अफजलपुर पुलिस का भी विशेष सहयोग रहा दोनों थानों की संयुक्त कार्रवाई से आरोपियों को जल्दी पकड़ना संभव हो सका
सीतामऊ पुलिस द्वारा अपहरण मामले में एफ आई आर दर्ज कर आगे की पूछताछ की जा रही है पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की नगर में सराहना हो रही है
–00–
ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अघोरिया ने किया वृक्षारोपण
मंदसौर। मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद के जिला समन्वयक श्रीमती तृप्ति बैरागी के मार्गदर्शन एवं ब्लॉक समन्वयक श्रीमती अर्चना रामावत के नेतृत्व में पारेश्वर युवा ग्राम विकास समिति, नौगांव सेक्टर रेवास देवड़ा के अंतर्गत ग्राम अघोरिया में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अघोरिया द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत शासकीय माध्यमिक विद्यालय अघोरिया के मैदान में नीम, जामुन, आम सहित विभिन्न छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्रीमती अर्चना भट्ट, समिति अध्यक्ष श्री श्याम पाटीदार, सचिव श्री राधेश्याम धनगर, श्री कारूलाल सुरोलिया, श्री मदनलाल सिसोदिया, श्री रमेश अहिरवार सहित समिति के समस्त सदस्य उपस्थित रहे।
–00–
शांकी कश्यप ने मारी बाज़ी, दोनों प्रतियोगिताओं में बनीं सिरमौरमंदसौर। दशपुर योग शिक्षा संस्थान, मंदसौर द्वारा संस्था के पंजीकृत योग साधकों के लिए आयोजित दो विशेष योग प्रतियोगिताएं योग गुरू सुरेन्द्र जैन के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। दोनों प्रतियोगिता में साधिका शांकी आनंद कश्यप ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के संयोजक जितेश फरक्या ने जानकारी देते हुए बताया कि साधकों में योग के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से योग बौद्धिक स्पर्धा और योग कला स्पर्धा का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका योग गुरु सुरेंद्र जैन, योग शिक्षक ओम गर्ग, लोकेंद्र जैन, जिनेंद्र उकावत, प्रीति जैन और ललित जैन ने निभाई।
संस्थान द्वारा आयोजित योग बौद्धिक स्पर्धा में कुल 70 साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें स्वास्थ्य एवं योग से संबंधित 50 वैकल्पिक प्रश्न पूछे गए थे। इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में शांकी कश्यप ने प्रथम, मनीषा गोयल ने द्वितीय तथा स्वाति रिछावरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही आनंद कश्यप, अंजली माहेश्वरी और भूमिका खेराजानी को प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए चुना गया।
वहीं तीन चरणों में आयोजित योग कला स्पर्धा में 48 साधकों ने अपनी योग कला का प्रदर्शन किया। इस स्पर्धा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शांकी कश्यप प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि शोभा हिरानी ने द्वितीय और रश्मि कोतक ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में पीहू पुनवानी, कोमल कोटवानी तथा अंजली माहेश्वरी को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया। दोनों प्रतियोगिताओं के सभी विजयी साधकों को संस्थान के आगामी स्थापना दिवस समारोह में विशेष रूप से पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा। विजयी प्रतिभागियों को संस्था के प्रेमेन्द्र चौरड़िया, विजय पलोड़, बीना गर्ग, धर्मदास संगतानी सहित सभी साधकों ने बधाई दी है।
मन्दसौर। दिगंबर जैन सीनियर सिटीजन सोश्यल ग्रुप मंदसौर द्वारा प्रतिमाह के अंतिम दिन आयोजित किये जा रहे भक्तांबर पाठ की श्रृंखला में इस माह के पाठ का आयोजन दिगंबर जैन नया मंदिर जनकुपुरा में किया गया। यह जानकारी देते हुए ग्रुप के प्रवक्ता दिनेश दोशी ने बताया कि विगत दिनों बही पार्श्वनाथ में आयोजित कार्यकारिणी के चुनावों में सीनियर सिटीजन ग्रुप के 5 सदस्यों ने विजय प्राप्त की। विजेता प्रतियोगियों शांतिलाल बड़जात्या, डॉ. वीरेन्द्र गांधी, सी. के. जैन, अरुण कुमार हरसोला एवं राजमल गर्ग का सम्मान ग्रुप द्वारा किया गया। उक्त विजेताओं में शांतिलाल बड़जात्या को बही पार्श्वनाथ में अध्यक्ष मनोनीत किया गया। ग्रुप के सभी सदस्यों ने उक्त सदस्यों को बधाई दी।
इस अवसर पर ग्रुप अध्यक्ष विनोद सिंहल, सकल दिगंबर जैन समाज अध्यक्ष अनिल जैन, पूर्व अध्यक्षगण दीपक भूता अजीत बंडी, कोमलप्रकाश जैन पंछी, संस्थापक अध्यक्ष राजकुमार गोधा सहित रमेश जैन, अशोक बड़जात्या, सुरेश कागरा, सुरेश पाटनी आदि सदस्य उपस्थित थे।
ग्रुप अध्यक्ष विनोद सिंहल ने सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपेक्षा की कि आगे भी ग्रुप द्वारा आयोजित किये जाने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में सभी का इसी प्रकार सहयोग मिलता रहेगा।
अंत में संस्थापक अध्यक्ष राजकुमार गोधा परिवार की ओर से प्रभावना वितरित की गई।
–00–


