कयामपुर में सरकारी जमीन के नाम पर 2.80 लाख की ठगी का आरोप

अनुविभागीय अधिकारी के पास पहुंची उपसरपंच के खिलाफ शिकायत
सीतामऊ। जनपद पंचायत सीतामऊ क्षेत्र के ग्राम पंचायत क्यामपुर के वार्ड क्रमांक 02 स्थित इंद्रा कॉलोनी में जमीन बिक्री के नाम पर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार उपसरपंच दिनेश पिता उदा भीरमा ने लीला बाई परमार को 800 वर्गफीट प्लॉट देने का सौदा कर उससे 2 लाख 80 हजार रुपये लिए, लेकिन इसके बदले विधिवत रजिस्ट्री या नामांतरण नहीं कराया गया।मामले से जुड़े दस्तावेज के अनुसार 40×20 यानी 800 वर्गफीट जमीन के लिए 31 मार्च 2022 को 1000 रुपये के ई-स्टाम्प पर नोटरी अनुबंध कराया गया था।
शिकायत में आरोप है कि अनुबंध में न तो सर्वे नंबर, न खसरा नंबर और न ही खाता नंबर दर्ज है। महिला का कहना है कि दिनेश भीरमा ने उसे जमीन अपनी आधिपत्य की बताते हुए नामांतरण की जिम्मेदारी खुद लेने की बात कही थी, लेकिन बाद में लगातार आज- कल कहकर मामला टालता रहा।जब पीड़िता स्वयं नामांतरण के लिए पंचायत पहुंची तो कथित तौर पर सामने आया कि अनुबंध में बताई गई जमीन का कोई स्पष्ट सर्वे नंबर दर्ज नहीं है और मौके की जमीन राजस्व रिकॉर्ड में शासकीय मद में दर्ज होने की बात सामने आई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि महिला के अनपढ़ होने का फायदा उठाकर उसे जमीन के नाम पर अनुबंध दिया गया और राशि ली गई।
इस मामले में ग्राम पंचायत की ओर से अनुविभागीय अधिकारी राजस्व व जनपद पंचायत सीतामऊ के अधिकारियों को शिकायत देकर राजस्व रिकॉर्ड की जांच की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता पक्ष ने तहसीलदार से खसरा नकल निकलवा कर जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने, यदि जमीन शासकीय पाई जाती है तो पीड़िता की 2.80 लाख रुपये की राशि ब्याज सहित वापस दिलाने तथा बिना सर्वे नंबर के नोटरी पर जमीन बेचने के मामले की जांच कराने की मांग की है।
–00–




