समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 01 सितंबर 2026 मंगलवार

रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया, एक्सपायरी डेट के खाद्य पदार्थ जप्त
मंदसौर 31 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह के निर्देश पर सोमवार को मंदसौर स्थित मैडॉक रेस्टोरेंट पर खाद्य सुरक्षा के मद्देनजर कड़ी कार्रवाई की गई निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थ ( सॉस, कॉफी पाउडर आदि) जब्त किए गए साथ ही अमानक खाद्य पदार्थों को जांच हेतु भेजा गया। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा की दृष्टि से स्वच्छता एवं गलत ब्रांडिंग सहित कई कमीयां पाई गई अमानक पदार्थों को जब्त कर कार्रवाई हेतु मौके पर टीम द्वारा पंचनामा बनाया गया ।
कार्रवाई में एसडीएम श्री शुभम पाटीदार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आर.के. द्विवेदी , खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री जादौन, तहसीलदार श्री प्रेमशंकर पटेल, नायब तहसीलदार श्री अभिषेक चौरसिया आदि शामिल थे।
–00–
नल जल योजनाओं के मेंटेनेंस का कार्य महिला स्वयं सहायता समूहों को दिया जावे
बैठक में कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने दिये निर्देश
मंदसौर 31 अगस्त 2026 / जिले में नल जल योजनाओं के मेंटेनेंस का कार्य महिला स्वयं सहायता समूह को दिया जाए ताकि वे आर्थिक रूप से और अधिक आत्मनिर्भर हो सके समूहों द्वारा नल जल योजनाओं के वाल्व खोलने, बंद करने तथा जलकर वसूली का कार्य भी किया जाएगा उक्त निर्देश कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने कलेक्ट्रेट में सोमवार को आयोजित बैठक में दिए सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन, कार्यपालनयंत्री जल निगम श्री अलीअसगर, कार्यपालनयंत्री पीएचई श्री वेभव भावसार तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर द्वारा गांधी सागर-1 एवं गांधी सागर-2 समूह जल प्रदाय योजना तथा एकल ग्रामीण जल प्रदाय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। गांधी सागर-1 /2 परियोजना का कार्य शीघ्र पूर्ण कर कमीशनिंग प्रारंभ किया जाए। सड़क पुनर्स्थापन की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा समस्त सड़क पुनर्स्थापन कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। जहां वी.डी.एन. कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां जल निगम द्वारा ग्राम पंचायत के सहयोग से वैकल्पिक स्थानीय स्रोत से योजना को कमीशन किया जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत ग्राम-स्तरीय रखरखाव हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए तथा वाल्व संचालन एवं कर संग्रहण में स्वयं सहायता समूहों को शामिल किया जाए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को शेष 25 गांवों का कार्य पूर्ण कर हैंडओवर करने के निर्देश दिए गए। सामूहिक अंशदान के भुगतान की प्रक्रिया पंचायत दर्पण पोर्टल के माध्यम से किए जाने संबंधी जानकारी ली गई। घरेलू नल कनेक्शन स्टैंड पोस्ट के बिना भी चालू किए जाएं तथा उन पर अस्थायी रूप से प्लास्टिक वाल्व लगाकर पाइप को बंद रखा जाए। उपभोक्ता अंत तक 0.2 पीपीएम अवशिष्ट क्लोरीन बनाए रखने हेतु इंटरमीडिएट क्लोरीनेशन सुनिश्चित किया जाए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिन बचे हुए गांवों में वी.डी.एन. कार्य नहीं हुआ है, उन्हें चिन्हित कर जल निगम अथवा ग्राम पंचायत के माध्यम से जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
–00–
खाद्य औषधि प्रशासन मिलावट के विरुद्ध कार्रवाई करें, परिवहन विभाग बसों में ओवरलोडिंग पर एक्शन ले
कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
मंदसौर 31 अगस्त 2026 / कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने सोमवार को आयोजित समय सीमा पत्र की समीक्षा बैठक में जिले के खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देशित किया कि त्योहारों के दृष्टिगत सैंपल लेने के कार्य में गति लाई जाए मिलावट की विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई नजर भी आनी चाहिए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि बसों में ओवरलोडिंग के विरुद्ध एक्शन लेवे कलेक्टर द्वारा अन्य विभागों की भी समीक्षाकी गई। सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों को निराकरण की विशेष रूप से समीक्षा की गई। स्पष्ट निर्देशित किया कि 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का निपटारा शीघ्र अति शीघ्र किया जाए, सीतामऊ तहसील में 50 दिवस से अधिक की 259 शिकायत पाई गई कलेक्टर ने कहा कि इतनी ज्यादा शिकायते सीतामऊ में क्यों है। इसी प्रकार मल्हारगढ़ में भी 50 दिवस से अधिक की शिकायते ज्यादा संख्या में होने के कारण शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए गए। समीक्षा में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि नगर पालिकाओं में 50 दिवस से ज्यादा की शिकायत किसी भी स्तर पर ज्यादा संख्या में लंबित नहीं होना चाहिए। कलेक्टर ने महिला बाल विकास विभाग तथा कृषि विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया की जननी एक्सप्रेस तथा 108 सेवाओं के संबंध में आ रही शिकायतों के निवारण हेतु कड़ा एक्शन लिया जाए।
शासन के महत्वपूर्ण मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की तैयारी की समीक्षा करते हुए बताया गया कि आगामी कैंप भानपुरा में आयोजित होगा। इसके लिए कलेक्टर द्वारा पूर्व से ही तैयारी के निर्देश दिए कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी शिविर के पूर्व ही संबंधित क्षेत्र में अपने स्तर पर शिवीर लगा सकते हैं शिकायत का निपटारा कर सकते हैं। खासतौर पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों के निपटारे के लिए उपयुक्त अवसर होता है।
कलेक्टर ने मंदसौर मंडी सचिव से मंडी परिसर में किये जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की जिले के तहसीलदारों को निर्देशित किया कि फार्मर आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाई जाए। राजस्व दस्तावेजों में अपूर्ण तथा त्रुटि पूर्ण जानकारी को दुरुस्त करने के लिए गांवो में कैंप आयोजित करें।
–00–
आपदा मित्र योजना के अन्तर्गत सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रारंभ
मंदसौर 31 अगस्त 2026 / राज्य आपदा प्राधिकरण भोपाल के प्राप्त निर्देशों के परिपालन में भारत सरकार की आपदा मित्र योजना के अन्तर्गत सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय कुशाबाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में जिला आपदा प्राधिकरण मंदसौर द्वारा किया गया। जिसमें प्रथम दिवस आपदा मित्र योजना में शामिल प्रतिभागियों के पंजीयन की कार्यवाही कि गई।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड- एसडीईआरएफ श्री वीरेन्द्रसिंह जादौन द्वारा भारत सरकार की आपदा मित्र योजना के संबंध में विस्तारपूर्वक बतलाया गया। जिसके अंतर्गत सम्पूर्ण मध्यप्रदेश स्तर पर 35 हजार आपदा मित्र बनाएं जाने का लक्ष्य इस वित्तीय वर्ष 2026-27 मे रखा गया है। जिला मंदसौर हेतु 500 आपदा मित्र बनाए जाने की संख्या राज्य आपदा प्राधिकरण भोपाल द्वारा इस जिले हेतु निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण पश्चात प्रशिक्षु आपदा मित्रों की सेवाओं का लाभ सिंहस्थ 2028 के दौरान भीड़ प्रबंधन/यातायात व्यवस्था सहित घाट सुरक्षा व्यवस्था हेतु किया जाना प्रस्तावित है। इस दौरान आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यशाला मे सम्मिलित प्रशिक्षणार्थियों को आपदा मित्रों के कर्तव्यों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि आपदा मित्र आपदा की स्थिति में प्रशासन एवं रेस्क्यू एजेंसियों के महत्वपूर्ण सहयोगी के रूप में कार्य करेंगे। बाढ़, आग, दुर्घटना एवं अन्य आपदाओं के समय लोगों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने, राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने तथा आमजन को आपदा से बचाव के प्रति जागरूक करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
कार्यक्रम में जिला सेनानी होमगार्ड श्री वीरेन्द्रसिंह जादौन के मार्गदर्शन में कंपनी कमांडर श्री रब्बी काजी, श्री संदीप भंवर, सिविल डिफेंस जिला वार्डन अधिकारी डॉ. हिमांशु यजुर्वेदी, एवं कैप्टन विजयसिंह पुरावत, फायर ऑफिसर, सिविल डिफेंस श्री आदित्य डोडिया, सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रशिक्षणार्थी प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि आपदा के समय स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित एवं तत्पर स्वयंसेवकों की उपलब्धता से राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। आपदा मित्र प्रशिक्षण का उद्देश्य आमजन में आपदा प्रबंधन की क्षमता विकसित करना तथा जरूरत के समय प्रशासन को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराना है।
प्रशिक्षण के आगामी सत्रों में आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव, अग्नि सुरक्षा, जल बचाव सहित विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
–00–
आईटीआई में स्टूडेंट को स्किल्ड करने तथा प्लेसमेंट के लिए सुस्पष्टकार्य योजना तैयार करें
जिला कौशल समिति की बैठक में कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने दिए निर्देश
मंदसौर 31 अगस्त 2026 / जिला कौशल समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने आईटीआई प्राचार्य को निर्देश दिए कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में युवाओं को इस प्रकार प्रशिक्षित किया जाए कि वे स्थानीय तथा अन्य उद्योगों में मांग के अनुसार स्किल्ड बने तथा कंपनियों में प्लेसमेंट हासिल कर सके। जिले के स्थानीय उद्योगों में भी रोजगार हासिल कर सके। आईटीआई दूरदर्शी तरीके से अपना विजन डेवलप करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन, आईटीआई प्राचार्य श्री राहुल गौड आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सोलर टेक्नोलॉजी के बढ़ते विस्तार के साथ आईटीआई गुणवत्तापूर्ण ढंग से युवाओं को सोलर तकनीक में प्रशिक्षित करे। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि आईटीआई ट्रेनिंग के पश्चात ट्रेंड युवा कहां पर रोजगार प्राप्त कर रहे हैं, किस स्थिति में है जानकारी प्राप्त करते रहें जिससे कि आगामी कार्य योजना बनाने में जानकारी सहायक सिद्ध होगी। आईटीआई प्राचार्य ने बताया कि सोलर टेक्नोलॉजी के अंतर्गत आईटीआई द्वारा अब तक 131 युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। कलेक्टर ने इस बात पर जोर दिया कि प्रशिक्षित युवाओं के लिए आईटीआई स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाओं का सघनता से पता करें।
आईटीआई के एक्शन प्लान पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि बिंदुवार प्रत्येक जानकारी स्पष्ट हो विभागवार जिम्मेदारी तय की जाए, एजेंडा सुनिर्धारित हो, जिला कौशल प्लान के लिए समयबद्ध रूप से कार्यक्रम बनाया जाए। कलेक्टर द्वारा मुख्यमंत्री सीखो कमाई योजना की भी समीक्षा की गई। आईटीआई प्राचार्य को निर्देशित किया कि उद्योग रोजगार संबंधी विभागों तथा जिले के स्थानीय उद्योगों से निरंतर संवाद बनाए रखें।
—00—
नवीन एयर कूलर क्रय किए जाने हेतु निविदा 15 सितम्बर तक आमंत्रित
मंदसौर 31 अगस्त 2026 / जिला न्यायालय एवं तहसील न्यायालयों के उपयोग हेतु नवीन एयर कूलर क्रय किए जाने के लिए अनुभवी एवं प्रतिष्ठित फर्म/आपूर्तिकर्ताओं से ई-निविदांए 15 सितम्बर 2026 को शाम 5 बजे तक आमंत्रित की गई है, 16 सितम्बर को दोपहर 2 बजे निविदाएं खोली जाएगी।
उक्त निविदा संबंधी विस्तृत दस्तावेज एवं निविदा के नियम एवं शर्तें माननीय उच्च न्यायालय मध्यप्रदेश जबलपुर की वेबसाईट https://mphc.gov.in एवं जिला न्यायालय मंदसौर की वेबसाईट https://mandsaur.dcourts.gov.in तथा एमपी टेंडर पोर्टल https://mptenders.gov.in पर उपलब्ध है, जंहा से ई-निविदा प्रारूप एवं शर्ते डाउनलोड की जा सकती है।
–00–
प्रदेश के लगभग 1 लाख 22 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए मिलेंगे 25-25 हजार रुपये
मुख्यमंत्री डॉ. यादव 1 सितंबर को 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की राशि का करेंगे अंतरण
कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या अधिक अंक पाने वाले विद्यार्थी होंगे लाभान्वित
मंदसौर 31 अगस्त 2026 / कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या अधिक अंक पाने वाले प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों का आधुनिक तकनीक से जुड़ने का सपना जल्द ही पूरा होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के लगभग 1 लाख 22 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि का अंतरण करेंगे। विद्यार्थियों को यह राशि 1 सितंबर को कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर, भोपाल में आयोजित लैपटॉप क्रय के लिये राशि वितरण कार्यक्रम के दौरान प्रदान की जाएगी।
प्रदेश सरकार द्वारा विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें डिजिटल तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना चलाई जा रही है। इसके अंतर्गत कक्षा 12वीं की परीक्षा में पहले ही प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा का संबल
प्रदेश सरकार द्वारा योजना के अंतर्गत इस वर्ष प्रदेश के लगभग 1 लाख 22 हजार विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। प्रत्येक विद्यार्थी के खाते में 25 हजार रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। इस प्रकार विद्यार्थियों को कुल 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की राशि का अंतरण किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार की यह पहल प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आवश्यक डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। लैपटॉप के माध्यम से विद्यार्थी ऑनलाइन अध्ययन, डिजिटल पाठ्य सामग्री, ई-लर्निंग और अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर अपनी शिक्षा को और बेहतर बना सकेंगे।
–00–



