समाचार मध्यप्रदेश नीमच 01 सितंबर 2026 मंगलवार

पंचायत उप निर्वाचन-2026 की घोषणा के साथ नीमच जिले में आदर्श आचार संहिता लागू
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हिमांशु चंद्रा ने जारी किए आदेश,
निर्वाचन परिणाम की घोषणा तक रहेगी प्रभावशील
नीमच, 31 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल द्वारा पंचायतों के उप निर्वाचन-2026 के लिए निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही नीमच जिले के संबंधित ग्राम पंचायतों, निर्वाचन क्षेत्रों एवं वार्डों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। यह आचार संहिता निर्वाचन परिणाम की घोषणा की तिथि तक प्रभावशील रहेगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा ने सोमवार, 31 अगस्त 2026 को आदेश जारी कर जिले के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, आदर्श आचार संहिता के प्रभावशील होने के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देश लागू होंगे। सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
–00–
सब जेल जावद में ब्रह्माकुमारी बहनों ने आयोजित किया आध्यात्मिक शिविर एवं राखी मिलन समारोह
नीमच, 31 अगस्त 2026। प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में सोमवार को सब जेल जावद में आध्यात्मिक शिविर एवं राखी मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को आध्यात्मिक चिंतन के माध्यम से जीवन में सकारात्मक बदलाव, नैतिक मूल्यों, शांति और सद्भाव के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी सविता दीदी, श्रुति दीदी, मेघना दीदी, योगिता दीदी एवं समता दीदी ने आध्यात्मिक प्रवचन दिए। उन्होंने बंदियों को आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच तथा नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में बुराइयों का त्याग कर सद्भाव, प्रेम और शांति के मार्ग पर आगे बढ़ने से व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।
रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में राखी मिलन समारोह भी आयोजित किया गया। इस दौरान जिन बंदियों को राखी बांधने वाला कोई नहीं था, उन्हें ब्रह्माकुमारी बहनों ने पवित्र राखी बांधी। उन्होंने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व को समझाते हुए भाईचारे, प्रेम और आत्मिक संबंधों की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बंदियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी बंदियों को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ जीवन पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई।
ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा बंदियों को पांच प्रतिज्ञाएं भी दिलाई गईं। इनमें बुराइयों का त्याग करने, नशे से दूर रहने, सकारात्मक एवं अनुशासित जीवन जीने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प शामिल रहा। कार्यक्रम ने बंदियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की भावना को प्रोत्साहित किया।
–00–
जिला पंचायत सीईओ ने जिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण
इमरजेंसी में मरीजों को तत्काल उपचार और अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
नीमच, 31 अगस्त 2026। जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने सोमवार को जिला चिकित्सालय नीमच का निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न वार्डों, आईसीयू एवं इमरजेंसी का निरीक्षण किया तथा भर्ती मरीजों से उपचार, दवाइयों एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
सीईओ श्री वैष्णव ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को तत्काल एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने ड्यूटी के दौरान चिकित्सकों एवं स्टाफ को पूरी मुस्तैदी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा वार्डों, आईसीयू, इमरजेंसी एवं अन्य परिसरों में नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मरीजों को आवश्यक दवाइयां, जांच एवं उपचार की सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल सहित चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।



