समाचार मध्यप्रदेश नीमच 24 जुलाई 2026 शुक्रवार

/////////////////////////////////////////
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कार्रवाई जारी
नीमच 23 जुलाई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शहर को स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा स्वच्छता नियमों के उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।
इसी क्रम में गुरुवार को नगर पालिका द्वारा फ्रूट मार्केट क्षेत्र में कचरा एवं गंदगी फैलाने तथा प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 15 व्यापारियों एवं ठेले संचालकों के विरुद्ध कुल 3,300 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। नगर पालिका द्वारा,कचरा फैलाने वालों पर 200 रुपये का मौके पर ही जुर्माना किया जा रहा है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया के निर्देशानुसार स्वास्थ्य अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक,श्री गोपाल नरवाले, श्री भारत सिंह भारद्वाज तथा राजस्व शाखा के श्री योगेश टांकवाल द्वारा यह कार्रवाई की गई।
नगर पालिका ने सभी व्यापारियों, ठेला संचालकों एवं आम नागरिकों से अपील की है, कि वे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पालन करें, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं तथा प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार नियमित रूप से चालानी कार्रवाई जारी रहेगी।
======
आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत
कुकड़ेश्वर । ग्राम सुवासरा बुजुर्ग में आज दोपहर खेत पर कृषि कार्य के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से विजय पिता मोतीलाल गुर्जर मौत हो गई।======
जिले में अब तक औसत 275.5 मि.मी. वर्षा दर्ज
नीमच 23 जुलाई 2026, जिले में चालू वर्षाकाल के दौरान अब तक औसत 275.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में जिले में औसत 471.1 मि.मी. वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।
अधीक्षक भू-अभिलेख, नीमच से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 से 23 जुलाई 2026 की प्रातः 8 बजे तक जिले की चारों तहसीलों में वर्षा का विवरण इस प्रकार है- नीमच में 358.0 मि.मी., जावद में 247.0 मि.मी., सिंगोली में 259.0 मि.मी. तथा मनासा में 238.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में नीमच में 441.0 मि.मी., जावद में 540.0 मि.मी., सिंगोली में 571.7 मि.मी. तथा मनासा में 332.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई थी।
इसी प्रकार, 23 जुलाई 2026 को प्रातः 8 बजे तक बीते 24 घंटों में जिले में औसतन 15.0 मि.मी.वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान नीमच तहसील में 24.0 मि.मी., जावद में 6.0 मि.मी. मनासा में 14.0 मि.मी. तथा सिंगोली में 16.0 वर्षा दर्ज की गई।
======
जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा-6 प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई
नीमच, 23 जुलाई 2026। पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, रामपुरा में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा-6 में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा – 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
विद्यालय के प्राचार्य श्री नंद किशोर पंवार ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs अथवा https://navodaya.gov.in के माध्यम से निर्धारित अंतिम तिथि तक निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया एवं विस्तृत दिशा-निर्देश उक्त वेबसाइटों पर उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया, कि प्रवेश के लिए वही विद्यार्थी पात्र होंगे, जो शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नीमच जिले के किसी शासकीय अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा-5 में अध्ययनरत हों। साथ ही अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के मध्य होना अनिवार्य है।
प्राचार्य श्री पंवार ने जिले के सभी पात्र विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन करें, ताकि किसी भी पात्र विद्यार्थी को आवेदन से वंचित न रहना पड़े।
=========
जिला कौशल समिति की बैठक 27 जुलाई को
नीमच, 23 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में जिला कौशल समिति की बैठक 27 जुलाई 2026, सोमवार को प्रातः 10 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष, नीमच में आयोजित की जाएगी।
बैठक में कौशल विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा के साथ अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में सर्व संबंधितों से समय पर उपस्थिति की अपेक्षा की गई है।
========
पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से किया जागरूक
नीमच, 23 जुलाई 2026। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में 15 से 30 जुलाई 2026 तक संचालित “नशे से दूरी है जरूरी अभियान-2.0” के तहत बुधवार को शासकीय सांदीपनि विद्यालय, मनासा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने विद्यार्थियों को नशे के सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक श्री व्यास ने कहा कि नशा व्यक्ति को केवल शारीरिक रूप से ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से भी कमजोर बनाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें किसी भी प्रकार का नशा करने के लिए प्रेरित करता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही विद्यार्थियों को खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने “No Drugs” संदेश के साथ मानव श्रृंखला बनाकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मनासा श्रीमती साबेरा अंसारी, थाना प्रभारी मनासा निरीक्षक निलेश अवस्थी, उप निरीक्षक सपना राठौर, शासकीय सांदीपनि विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
नीमच पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे इस जनजागरूकता अभियान का हिस्सा बनें, स्वयं नशे से दूर रहें तथा परिवार और समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। जनसहयोग एवं सामाजिक सहभागिता से ही स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।
==========
युवा संगम रोजगार एवं स्वरोजगार मेले में 54 युवाओं का प्राथमिक चयन
नीमच, 23 जुलाई 2026। जिला प्रशासन नीमच, जिला रोजगार कार्यालय तथा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नीमच के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को ‘युवा संगम रोजगार एवं स्वरोजगार मेला’ आयोजित किया गया। मेले में विक्रम सीमेंट,ओसवाल एथेनॉल एंड सीड्स,अदानी विल्मर, विश्वेश्वर डेनिम तथा सन चेजर सहित पांच प्रतिष्ठित कंपनियों ने सहभागिता कर युवाओं का साक्षात्कार लिया।
रोजगार मेले में जिले के 136 युवाओं ने उपस्थित होकर पंजीयन कराया। विभिन्न कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता एवं साक्षात्कार के आधार पर 54 युवाओं का प्राथमिक चयन किया गया।
मेले में जिला रोजगार कार्यालय द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसरों के साथ-साथ विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं एवं कैरियर मार्गदर्शन की जानकारी भी प्रदान की गई। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें स्वरोजगार के प्रति भी प्रेरित करना रहा।
रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। जिला प्रशासन ने ऐसे आयोजनों को युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
==============
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पर त्वरित कार्रवाई,दिव्यांग हितग्राही को मिला स्वरोजगार का साधन
नीमच, 23 जुलाई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की संवेदनशील पहल से जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दिव्यांग हितग्राही श्री पंकज चौहान को स्वरोजगार के लिए ई-रिक्शा उपलब्ध कराया गया। गत 21 जुलाई 2026 को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान ग्राम डांगाड़ी,तहसील मनासा निवासी दिव्यांग श्री पंकज चौहान पिता श्री राजाराम चौहान ने स्वरोजगार के लिए ई-रिक्शा उपलब्ध कराने का आवेदन प्रस्तुत किया था। कलेक्टर ने आवेदन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग सुश्री श्रुति भयडिया को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र ई-रिक्शा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देशों के पालन में अल्ट्राटेक सीमेंट, खोर के सहयोग से उपलब्ध ई-रिक्शा 23 जुलाई 2026 को कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं डिप्टी कलेक्टर एवं उपसंचालक सुश्री श्रुति भयडिया द्वारा श्री पंकज चौहान को कलेक्टर कार्यालय में प्रदान किया गया।
ई-रिक्शा प्राप्त होने पर श्री पंकज चौहान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें स्वरोजगार का सहारा मिल गया है और वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार का बेहतर ढंग से भरण-पोषण कर सकेंगे। उन्होंने इस सहयोग के लिए कलेक्टर एवं संबंधित सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिक्शा वितरण में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र नीमच से क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट श्री भूरालाल अहीर, कार्यालय सहायक श्री प्रकाश सैनी, फिजियोथैरेपी सहायक श्री विकास अंखिया,चौकीदार श्री सत्यराम रावत ,आदि का सहयोग रहा।
===========
कलेक्टर की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्न
राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण में लाएं तेजी— कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा
नीमच, 23 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के सभी राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रास्ता विवाद, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, परंपरागत रास्तों से जुड़े विवाद सहित अन्य सभी राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर जाकर त्वरित एवं प्रभावी निराकरण किया जाए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा उनके निराकरण में व्यक्तिगत रुचि लेने के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम एवं तहसीलदार न्यायालयों में लंबित समय-सीमा (टीएल) प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि तीन एवं छह माह से अधिक समय से लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए। आगामी एक माह में कम से कम 85 प्रतिशत टीएल प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नामांतरण प्रकरणों में 85 प्रतिशत तथा बंटवारा प्रकरणों में 80 प्रतिशत निराकरण का लक्ष्य निर्धारित करते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सभी एसडीएम को अधीनस्थ न्यायालयों का नियमित निरीक्षण करने के लिए भी कहा।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई में प्राप्त राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का निराकरण राजस्व अमले द्वारा मौके पर पहुंचकर किया जाए। पटवारी एवं राजस्व अधिकारी दोनों पक्षों की उपस्थिति में रास्ता विवाद एवं अन्य भूमि संबंधी मामलों का यथासंभव स्थल पर ही समाधान सुनिश्चित करें। भूमि संबंधी विवादों के निराकरण के लिए पुलिस विभाग के समन्वय से विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने सीमांकन से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए सात दिवस के भीतर लंबित मामलों का मौके पर निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही रास्ता विवादों का भी समय-सीमा में निराकरण कर आदेशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के निराकरण का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी न्यायालय में तीन माह से अधिक अवधि का कोई भी राजस्व प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त सभी प्रकरण निर्धारित समय-सीमा में निराकृत किए जाएं।
उन्होंने एसडीएम एवं तहसीलदारों को न्यायालयों द्वारा पारित आदेशों का फील्ड स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने तथा संबंधित पटवारियों से नियमित अनुपालन प्रतिवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पटवारियों के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री में प्रविष्टियों की संख्या बढ़ाने एवं लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में शासकीय भूमि के नक्शों के तरमीम कार्य, नक्शाविहीन गांवों के भौतिक सत्यापन, जिला अभिलेखागार में अनुपलब्ध नक्शों की जानकारी संकलित करने तथा राजस्व नक्शों को अद्यतन करने की प्रगति की समीक्षा की गई। मजरा-टोलों से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा संभावित स्थलों का सर्वे कराने के निर्देश देते हुए कहा कि शासकीय रास्तों, तालाबों, श्मशान भूमि एवं अन्य सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां भी अतिक्रमण पाया जाए, वहां नियमानुसार तत्काल कार्रवाई कर उसे हटाया जाए।
बैठक में शासकीय भूमि से संबंधित उच्च न्यायालय एवं उच्चतम न्यायालय में लंबित प्रकरणों, लोकायुक्त, मानवाधिकार आयोग एवं आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ से प्राप्त शिकायतों, वन एवं राजस्व भूमि सीमा विवाद तथा भू-अर्जन से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों का शीघ्र एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री श्रुति भयड़िया सहित जिले के सभी तहसीलदार एवं राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।
=========
जिले के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार पर रहेगा विशेष फोकस
सीईओ जिला पंचायत की अध्यक्षता में डीएटीसीसी कार्यकारिणी की बैठक संपन्न
नीमच, 23 जुलाई 2026। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पर्यटन विकास को गति देने तथा ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के संबंध में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में शासकीय एवं अशासकीय सदस्यों सहित कुल 33 सदस्यों ने भाग लिया। उपस्थित सदस्यों ने जिले में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में जिले के ऐतिहासिक गढ़ों एवं किलों, बांधों, झरनों, प्राचीन मंदिरों तथा पुरातात्विक महत्व के स्थलों को विशेष रूप से चिन्हित कर उन्हें पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से स्थान दिलाने का प्रस्ताव रखा गया।
पर्यटन विकास के लिए जिले की वेबसाइट पर सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी, उनके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व तथा उपलब्ध सुविधाओं का समावेश किए जाने पर भी सहमति व्यक्त की गई। साथ ही पर्यटन विभाग को सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग के उद्देश्य से इंस्टाग्राम पेज संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि जिले के पर्यटन स्थलों का नियमित प्रचार-प्रसार किया जा सके और पर्यटकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके।
बैठक में एडीएम श्री बीएस कलेश,एएसपी श्रीमती हेमलता अग्रवाल,एसडीएम नीमच पराग जैन, डीईओ, सीएमओ नगर पालिका नीमच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, इतिहासकार, पर्यटन विशेषज्ञ, टूर ऑपरेटर, होटल एवं रिसॉर्ट प्रतिनिधि, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला पुरातत्व संघ तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए जिले में पर्यटन विकास को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
==========



