गरोठमंदसौर जिला

नशा नहीं, शिक्षा और संस्कार का हो जुनून” — एसडीओपी विजय यादव

पंचशील एकेडमी में पुलिस का नशामुक्ति जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों ने ली प्रदेश को नशामुक्त बनाने की शपथ

संवाददाता- सतीश शर्मा

गरोठ। समाज को नशामुक्त बनाने और युवाओं में जागरूकता का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से थाना गरोठ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत पंचशील एकेडमी, गरोठ में प्रेरणादायी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, संस्कारित एवं लक्ष्यपूर्ण जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीओपी विजय यादव तथा विशिष्ट अतिथि थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव एवं सब इंस्पेक्टर श्री मांगीलाल चौहान रहे। संस्था के सीईओ हेमंत पाटीदार एवं प्राचार्या श्रीमती उषा पाटीदार ने अतिथियों का स्वागत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि एसडीओपी विजय यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “नशा, नाश का द्वार है। जीवन में यदि कोई नशा होना चाहिए तो वह शिक्षा, अच्छे संस्कार, लक्ष्य प्राप्ति और परमात्मा से जुड़ने का होना चाहिए।” उन्होंने कहा कि शराब, धूम्रपान, गुटखा तथा अन्य मादक पदार्थ न केवल शरीर को बीमार बनाते हैं, बल्कि परिवार, समाज और भविष्य को भी बर्बाद कर देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि नशा एक सामाजिक अभिशाप है, जो व्यक्ति की सेहत, आर्थिक स्थिति और सामाजिक प्रतिष्ठा तीनों को प्रभावित करता है। मध्य प्रदेश पुलिस प्रदेशभर में नशामुक्ति अभियान चलाकर समाज को जागरूक करने का कार्य कर रही है, जिसमें युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक करेंगे।

पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी या सेवन की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।

कार्यक्रम में संस्था के सीईओ हेमंत पाटीदार, प्राचार्या श्रीमती उषा पाटीदार, समस्त शिक्षकगण, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन डॉ. एलेक्स ने किया तथा अंत में नीरज पोरवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया।

यह आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, जागरूकता और सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति प्रेरणा जगाने वाला सिद्ध हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}