मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 16 जुलाई 2026 गुरुवार

नगरीय निकायों में संध्याकालीन शिविरों के द्वितीय चरण का हुआ शुभारंभ

पहले दिन 18 शिकायतें प्राप्त, 9 का मौके पर हुआ त्वरित निराकरण

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले की समस्त 08 नगरीय निकायों में बुधवार से वार्ड स्तरीय संध्याकालीन शिविरों के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया गया। शिविर जनप्रतिनिधियों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित किए गए, जहां नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निराकरण की कार्रवाई की गई। प्रथम दिवस नगर पालिका जावरा के वार्ड क्रमांक 1 एवं 2 तथा जिले की 7 नगर परिषदों के वार्ड क्रमांक 1 में शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में कुल 18 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 9 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में 7 पेयजल संबंधी थीं, जिनमें से 2 का तत्काल समाधान किया गया। स्वच्छता से जुड़ी 9 शिकायतों में से 7 का मौके पर निराकरण किया गया। इसके अतिरिक्त स्पीड ब्रेकर निर्माण तथा विद्युत डीपी के आसपास तार फेंसिंग से संबंधित 2 शिकायतें भी प्राप्त हुईं, जिन पर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। पीओ डूडा श्री अरुण कुमार पाठक ने बताया कि संध्याकालीन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का वार्ड स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जिले की सभी नगरीय निकायों में यह अभियान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा।

=========

होटल-ढाबों पर अवैध शराब बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई

30 पाव देशी शराब व 16 केन बीयर जब्त, तीन प्रकरण दर्ज

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त श्री विकास मण्डलोई के मार्गदर्शन तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री मनोहर खरे के नेतृत्व में गठित टीम ने वृत सैलाना क्षेत्र में होटल एवं ढाबों पर कार्रवाई की।

आबकारी उपनिरीक्षक श्री सचिन भास्करे ने कार्तिक ढाबा, पारगी ढाबा, होटल मधुबन, रॉयल राजस्थानी ढाबा एवं हरियाली ढाबा पर विधिवत तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान 30 पाव देशी प्लेन मदिरा एवं 16 केन बीयर जब्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के अंतर्गत कुल 3 प्रकरण दर्ज किए गए। जब्त मदिरा की कुल कीमत लगभग 4,520 रुपये है।

कार्रवाई में आबकारी प्रधान आरक्षक रामचरण पवार तथा नगर सैनिक नरेंद्र सिंह भाटी भी शामिल रहे। उक्त कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी ।

======

नारकोटिक्स नियंत्रण हेतु सभी विभाग मिलकर करें संयुक्त एवं प्रभावी कार्रवाई

नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं की रोकथाम एवं बेहतर समन्वय के सम्बंध में बैठक संपन्न

जिले में नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं की रोकथाम, नियंत्रण तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से कलेक्टर भवन स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अपर कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि नारकोटिक्स के विरुद्ध कार्रवाई में आपसी समन्वय अत्यंत आवश्यक है। सभी विभाग तालमेल के साथ संयुक्त रूप से कार्यवाही करें तथा सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करें।

शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि स्कूलों एवं महाविद्यालयों में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं। साथ ही NDPS अधिनियम के प्रावधानों एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में विद्यार्थियों एवं आमजन को जागरूक किया जाए।

31 जुलाई तक सभी पैक्स समितियों का रिवीजन पूर्ण करें : कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह

दुग्ध संघ के उत्पादों का बाजार बढ़ाने, नई समितियों के गठन के दिए निर्देश

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहकारिता, दुग्ध संघ एवं संबंधित विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने निर्देश दिए कि जिले की शेष सभी पैक्स प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों का रिवीजन 31 जुलाई तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्य अगले 10 दिनों में गुणवत्ता के साथ पूरा होना चाहिए। सैलाना और बाजना क्षेत्र में दुग्ध सहकारी समितियों के पंजीयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विकासखंडों में समितियों का पंजीयन लंबित है, वहां प्राथमिकता के आधार पर नई समितियों का गठन एवं पंजीयन कराया जाए।

बैठक में कलेक्टर ने दुग्ध संघ को उत्पाद निर्माण, ब्रांडिंग और विपणन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ के उत्पादों की मांग बढ़ाने के लिए व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार की जाए तथा किसानों को दुग्ध सहकारिता से अधिक से अधिक जोड़ा जाए। नस्ल सुधार कार्यक्रमों को गति देने, ग्राम स्तर पर नई दुग्ध सहकारी समितियों के गठन, सक्रिय सदस्यों को जोड़ने तथा मिल्क रूट का विस्तार करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि दुग्ध उत्पादन से जुड़े प्रत्येक स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को मजबूत किया जाए ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने अधिकारियों से आमजन को दुग्ध संघ से जोड़ने के लिए नवाचार अपनाने और उत्पादों की गुणवत्ता एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में सहकारिता एवं दुग्ध संघ के अतिरिक्त अन्य विभागों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पैक्स, दुग्ध संघ एवं भारत सरकार की विभिन्न सहकारी संस्थाओं के समन्वय से कार्य किया जाए। उन्होंने ई-सेवा सुविधाओं का विस्तार, जन औषधि केंद्रों पर सभी आवश्यक दवाओं की समय पर उपलब्धता, पशु आहार की पर्याप्त व्यवस्था तथा ऑडिट संबंधी कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

==========

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने कलेक्टर परिसर में किया पौधारोपण

परिसर को विकसित कर गार्डन बनाने के दिए निर्देश, 100 छायादार पौधे लगाए गए

एक पेड़ मां नाम अभियान के अंतर्गत जिले में हरियाली बढ़ाने एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने कलेक्टर परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी सामूहिक रूप से पौधे लगाए।

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने परिसर का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधारोपण वाले स्थल को व्यवस्थित रूप से विकसित कर आकर्षक गार्डन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, पौधों के संरक्षण एवं उनके समुचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही उद्यानिकी विभाग के सहयोग से पौधों की देखभाल एवं स्थल के सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

पौधारोपण अभियान के दौरान परिसर में लगभग 100 छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधे लगाए गए, जिनमें बादाम, शीशम, पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल हैं।

=========

वृद्धजनों के लिए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना संचालित

60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के बीपीएल वृद्धजन कर सकते हैं आवेदन

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने बताया है कि वृद्धजनों के लिए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना संचालित की जा रही है।

योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के ऐसे महिला एवं पुरुष, जो गरीबी रेखा (बीपीएल) के नीचे जीवन-यापन कर रहे हैं, उन्हें प्रतिमाह 600 रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जाएगी।

योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदक के पास आयु प्रमाण पत्र, बीपीएल कार्ड, आधार कार्ड, समग्र आईडी, पासपोर्ट फोटो एवं बैंक पासबुक होना आवश्यक है।

आवेदन के लिए संबंधित जनपद पंचायत, नगर निकाय अथवा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

स्वरोजगार योजना हेतु आवेदन आमंत्रित

व्यवसाय एवं सेवा इकाई स्थापना के लिए 1 लाख रुपये तक मिलेगा ऋण लाभ

सहायक संचालक पिछडा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वरोजगा योजना के अंतर्गत पिछडा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के युवक-युवतियों के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत 18 से 55 वर्ष आयु के ऐसे आवेदक जो आयकर दाता न हो तथा राज्य अथवा केन्द्र सरकार की किसी अन्य स्वरोजगार योजना का हितग्राही न हों, वे स्वयं का व्यवसाय अथवा सेवा इकाई स्थापित करने के लिए 10 हजार से 1 लाख रुपये तक के ऋण हेतु आवेदन कर सकते हैं।

 

योजना के लिए आवेदन एमपीऑनलाइन पोर्टल samast.mponline.gov.in के माध्यम से किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यालय पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, पुराना कलेक्टोरेट भवन, प्रथम मंजिल, कालिका माता मंदिर के पास, रतलाम में संपर्क किया जा सकता है।

=========

सूखा व अल्प वर्षा की आशंका को देखते हुए किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठाएं

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई

 उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने बताया कि भारत सरकार द्वारा रतलाम जिले को अलनीनो से प्रभावित जिलों में घोषित किया गया है। अलनीनो के कारण रतलाम जिले में अल्प वर्षा व सूखा की स्थिति बनने की संभावना बनी हुई है, जिससे खरीफ फसलो की नुकसान होने की संभावना है।

 

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत 1 जुलाई 2026 से 31 जुलाई 2026 तक खरीफ फसलो का बीमा किया जा रहा है। फसल बीमा कराने के लिये आवेदन, आधारकार्ड, बैंक पासबुक एवं भूमि संबंधी पावती की छायाप्रति, बुवाई प्रमाण-पत्र, मोबाईल नंबर, फार्मर आईडी दस्तावेज होना आवश्यक है।

खरीफ हेतु अधिसूचित फसलों के लिए कृषक प्रीमियम प्रति हेक्टेयर सोयाबीन के लिए 1040 रुपये, मक्का के लिए 800 रुपये तथा कपास के लिए 3150 रुपये निर्धारित किया गया है।

अलनीनो के कारण रतलाम जिले मे वृहद स्तर पर फसलो की क्षति की संभावना को देखते हुयें जिले के कृषको को सलाह दी जाती है, कि समस्त अधिसूचित फसलो के समस्त रकबे का बीमा करायें। जिससे सूखा या अल्प वर्षा एवं अन्य किसी प्राकृतिक आपदा के कारण फसलो की क्षति होने की दशा में कृषको को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल बीमा दावा राशि का लाभ प्राप्त हो सकें। किसान भाईयो से आग्रह है कि फसलो का शत प्रतिशत फसल बीमा कराना सुनिश्चित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}