समाचार मध्यप्रदेश नीमच 26 जून 2026 शुक्रवार

/////////////////////////////
मुख्य सचिव ने कानून व्यवस्था, राजस्व प्रकरणों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
SAFE CLICK 2.0, नशे से दूरी एवं दस्तक अभियान के संबंध में दिए निर्देश
नीमच 25 जून 2026, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संभागायुक्तों, कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था, राजस्व प्रकरणों तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था एवं जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्देश दिए, कि साइबर अपराधों पर नियंत्रण हेतु “SAFE CLICK 2.0” अभियान व्यापक स्तर पर संचालित करें। 15 से 31 जुलाई 2026 तक “नशे से दूरी है जरूरी अभियान के तहत जागरूकता अभियान चलाकर, सभी शैक्षणिक परिसरों को ड्रग-फ्री ज़ोन बनाने के लिए प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
राजस्व एवं लोक सेवा:अविवादित नामांतरण, सीमांकन व बंटवारा प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करें। विकास कार्यों से जुड़े भूमि अधिग्रहण प्रकरण समय-सीमा में पूर्ण करें। लोक सेवा गारंटी अधिनियम की सेवाएं समय पर दें व सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार के प्रस्ताव 15 जुलाई तक भेजें।
स्वास्थ्य एवं पोषण:मातृ-शिशु मृत्यु दर घटाने हेतु ANMOL 2.0 पोर्टल से हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की रीयल-टाइम ट्रैकिंग करें। गंभीर एनीमिया प्रबंधन हेतु ब्लड कैंप लगाएं व प्रसूति सहायता का लंबित भुगतान शीघ्र करें। 14 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक ‘दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान’ में घर-घर ORS व जिंक का वितरण व जल स्रोतों का क्लोरीनेशन करें। टीबी मुक्त अभियान में स्वास्थ्य शिविर लगाकर रोगियों की पहचान व उपचार सुनिश्चित करें।
बैठक में निर्देश दिए गये, कि वनाधिकार अधिनियम के लंबित दावों का त्वरित निराकरण, जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी व बच्चों का शत-प्रतिशत स्कूल नामांकन सुनिश्चित करेंगे, निपुण भारत/मिशन अंकुर के तहत सीखने का स्तर सुधारें, ड्रॉपआउट कम करें व APAAR आईडी शत-प्रतिशत बनाएं।
वी.सी.में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, एडीएम श्री बी.एस.कलेश, सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
========
हनुमंत्या व्यास में ग्रामीणों की पेयजल समस्या का हुआ त्वरित निराकरण
ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त कर कलेक्टर को दिया धन्यवाद
नीमच, 25 जून 2026, विकासखण्ड नीमच के अंतर्गत ग्राम हनुमंत्या व्यास, ग्राम पंचायत भाटखेडा के ग्रामीणों द्वारा पीने के पानी की व्यवस्था न होने एवं चौकीदार-सरपंच द्वारा पानी बेचने की शिकायत कलेक्टर नीमच के समक्ष 19 जून 2026 को प्रस्तुत की गई थी। इस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शिकायत को तत्काल संज्ञान में लेकर टी.एल.में कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग खण्ड नीमच को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक यंत्री व मैदानी अमले ने ग्राम का मौका निरीक्षण व ग्रामीणों से संवाद किया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री के श्री दीपेश वास्पत ने बताया, कि निरीक्षण में पाया गया कि, शासकीय कुआं से चौकीदार व नलचालक द्वारा रोड निर्माण ठेकेदार को पानी दिया जा रहा था। उन्हें निर्देशित किया गया, कि कुआं का पानी केवल पेयजल हेतु उपयोग हो। भविष्य में ऐसा पाए जाने पर वैधानिक कार्यवाही होगी।
नलजल योजना का विद्युत ट्रांसफार्मर जलने व मोटर पंप खराब होने से पेयजल समस्या उत्पन्न हुई थी। विद्युत विभाग से समन्वय कर, नवीन ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया तथा ग्राम पंचायत द्वारा मोटर पंप का सुधार कर पुनः स्थापित किया गया। पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से चालू होने पर ग्रामवासियों ने संतुष्टि जाहिर करते हुए कलेक्टर नीमच को धन्यवाद दिया है।
========
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने सिंगल क्लिक से 203.56 करोड से अधिक की सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि अंतरित की
नीमच 25 जून 2026, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने गुरूवार को एक वर्चुअल कार्यक्रम में प्रदेश के 33 लाख 92 हजार से अधिक हितग्राहियों और वृद्धजनों के बैंक खाते में 203.56 करोड़ से अधिक की सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। इस मौके पर नीमच के एनआईसी कक्ष में एडीएम श्री बी.एस.कलेश, उप संचालक सामाजिक न्याय सुश्री श्रुति भयडिया सहित जिले के हितग्राही उपस्थित थे।
==========
– डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर विधायक परिहार ने दी श्रद्धांजलि

नीमच। आपातकाल दिवस के अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने नीमच विधानसभा क्षेत्र के लोकतंत्र सेनानियों एवं जनसंघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के निवास पर पहुंचकर उनका सम्मान किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए उनके संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
विधायक परिहार ने लोकतंत्र सेनानी शिवनारायण जी शर्मा, बाबूलाल जी चौधरी, वेणीराम जी पाटीदार, भगवान जी खंडेलवाल, राजेंद्र जी अग्रवाल एवं जनसंघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता किशनलाल जी नागदा का शाल एवं पुष्पमाला से सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का एक काला अध्याय था, जिसमें लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया गया था। ऐसे कठिन समय में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों का योगदान राष्ट्र सदैव स्मरण रखेगा।
परिहार ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का त्याग, साहस और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके संघर्षों के कारण ही देश में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा संभव हो सकी। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महेंद्र भटनागर, मंडल अध्यक्ष मोहनसिंह राणावत, दारासिंह यादव, मेहरसिंह जाट, एडवोकेट विनोद शर्मा, जनरल सिंह चौहान, अनिल शर्मा, अशोक शर्मा, पार्षद योगेश कवीश्वर, अमन दीवान, उमंग सुराह, कान्हा सोनी, गौरव चोपड़ा, महामंत्री विक्की छाबड़ा, रमेश राठौर, महेश चौधरी, राधेश्याम रावत, सतीश हास, लोकेश चांगल, हितेश नामदेव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



