समाचार मध्यप्रदेश नीमच 23 मई 2026 शनिवार

////////////////////////////////
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की उद्योग हितैषी नीतियों से झांझरवाड़ा बना विकास का मॉडल,
नीमच बना मालवा का ‘औद्योगिक शक्ति केंद्र’: निवेश और रोजगार में नई छलांग
डेनिम, टेक्सटाइल और ग्रीन एनर्जी से बदली जिले की तस्वीर,
2500 से अधिक युवाओं को मिला रोजगार
नीमच, 22 मई 2026, पिछले ढाई वर्षों में औद्योगिक विकास की तेज रफ्तार ने नीमच जिले को मध्यप्रदेश के उभरते मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में नई पहचान दी है। “इंडस्ट्रियल वाइब्रेंट हब” के रूप में स्थापित हो चुके नीमच में औद्योगिक विस्तार, निवेश और रोजगार सृजन ने जिले को आर्थिक विकास की मुख्य धारा से जोड़ दिया है।
झांझरवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र में 100% प्लॉट आवंटन: जिले का प्रमुख औद्योगिक केंद्र झांझरवाड़ा पूरी तरह भर चुका है। यहां 200 से अधिक प्लॉट पर 44 औद्योगिक इकाइयां पूर्ण उत्पादन कर रही हैं, जिनमें 2500 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है।
टेक्सटाइल-डेनिम सेक्टर बना रीढ़:
स्वराज सूटिंग्स प्राइवेट लिमिटेड: 400 करोड़ की लागत से विशाल डेनिम यूनिट, 400+ युवाओं को रोजगार।
विश्वेश्वरा डेनिम प्राइवेट लिमिटेड: 135 करोड़ के निवेश से कपड़ा एवं परिधान निर्माण इकाई।
सुविधि रेयांस: मोरवन में 329 करोड़ की इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल मिल निर्माणाधीन, 1500 लोगों को रोजगार संभावित।
ओर्टेक्स प्रोसेसर: क्लोदिंग यूनिट भी क्षेत्र में उत्पादन कर रही है।
ग्रीन एनर्जी व फूड प्रोसेसिंग में विस्तार:मालवा पेट्रो प्रोडक्ट्स, एमपी ग्रीनरिज़, नंदीराज एग्रो प्रोडक्ट्स, ओसवाल एथेनॉल, धनुका बायोटेक जैसी इकाइयों से ग्रीन इंडस्ट्री को बढ़ावा। वहीं जैन एग्रो प्रोडक्ट्स, इनाया एग्रो फूड्स, देशना इंडस्ट्रीज, विनी प्रोडक्ट्स जैसी यूनिट्स ने कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नया बाजार दिया है।
नीमच के चीता खेड़ा में नया औद्योगिक क्षेत्र:बढ़ती मांग को देखते हुए एमपीआईडीसी द्वारा चीताखेड़ा में 186 हेक्टेयर में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। राजस्थान-गुजरात से लगी सीमा के कारण नीमच लॉजिस्टिक हब के रूप में उभर रहा है। भीलवाड़ा से 120 किमी दूरी होने से टेक्सटाइल क्षेत्र में भीलवाड़ा के विकल्प के रूप में नीमच को देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री की नीतियों का असर:मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के “रोजगार आधारित विकास” और “उद्योग-गांव कनेक्ट” मॉडल से प्रक्रियाओं के सरलीकरण, त्वरित भूमि आवंटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का लाभ जिलें तक पहुंचा है। नीमच का औद्योगिक विकास “डबल इंजन इंडस्ट्रियल ग्रोथ मॉडल” का सशक्त उदाहरण है।
उक्त जानकारी देते हुए एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक श्री राजेश राठौड़ ने बताया कि “मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की उद्योग हितैषी सोच से नीमच, मालवा का बड़ा इंडस्ट्रियल हब बना है। झांझरवाड़ा में सभी प्लॉट्स आवंटित हो चुके हैं और नए निवेश प्रस्ताव लगातार मिल रहे हैं। टेक्सटाइल, डेनिम और ग्रीन इंडस्ट्री से हजारों युवाओं को रोजगार मिला है। चीताखेड़ा का नया औद्योगिक क्षेत्र नीमच को प्रदेश के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग सेंटर के रूप में स्थापित करेगा।”
उद्योग विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले वर्षों में नीमच टेक्सटाइल, ग्रीन एनर्जी और एग्री-बेस्ड इंडस्ट्री का प्रमुख केंद्र बनेगा।
==============
धरती आबा उत्कर्ष ग्राम अभियान 8 गांवों में आयोजित
15 उज्ज्वला गैस कनेक्शन वितरित, 52 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण
नीमच, 22 मई 2026। प्रधानमंत्री धरती आबा उत्कर्ष ग्राम अभियान के तहत शुक्रवार को जिले के विभिन्न 8 ग्रामों में आयोजित शिविरों में ग्रामीणों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। ग्राम पंचायत कोज्या के ग्राम परिछा और रामपुरिया में जनप्रतिनिधि श्री भागचन्द की उपस्थिति में 15 पात्र हितग्राहियों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन वितरित किए गए।
ग्राम कानोड़ में 07 किसानों के खेतों की मिट्टी का परीक्षण किया और स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। ग्राम कोज्या में किसानों को किसान फार्मर आई.डी. बनाई। कृषि विभाग द्वारा मिट्टी परीक्षण एवं पशुपालन विभाग ने के.सी.सी. का नवीनीकरण किया। ग्राम पालरी में 30 एवं डोराई में 22 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर,निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। ग्राम डूंगरपुर में 1 से 5 वर्ष के 11 बच्चों के आधार कार्ड बनाए एवं कृषि विभाग ने मिट्टी परीक्षण हेतु किसानों को जानकारी दी। ग्राम दलपतपुरा एवं झांझरवाड़ा में संतृप्ति शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण किया गया।
===================
मिलावटखोरों पर कलेक्टर सख्त” :
अरनिया कुमार स्थित एक फर्म पर प्रशासन की छापेमारी,फर्म में मिले अखाद्य सल्फर, हाइड्रा जैसे केमिकल, फर्म सील
नीमच 22 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला प्रशासन की टीम ने ग्राम अरनिया कुमार, नीमच स्थित एक फर्म पंकज कुमार नीरज कुमार का औचक निरीक्षण किया।
कार्रवाई का विवरण:निरीक्षण के दौरान फर्म के परिसर में अखाद्य पदार्थ सल्फर, हाइड्रा आदि केमिकल पाए गए। जो मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होने से जप्त कर,नियमानुसार जांच उपरांत टीम द्वारा फर्म को तत्काल सील करने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई एसडीएम नीमच श्री संजीव साहू, तहसीलदार नीमच नगर श्री संजय मालवीय एवं राजस्व विभाग की टीम द्वारा की गई है।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने स्पष्ट किया है, कि जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट या अखाद्य केमिकल का भंडारण/विक्रय करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सतत जारी रहेगी। आमजनो से भी अपील की गई है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। यह जानकारी तहसीलदार नीमच नगर श्री संजय मालवीय ने दी हैं।
===========
म.प्र.मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ.अवधेश प्रताप सिह 08 जून को नीमच
नीमच 22 मई 2026, म.प्र.मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ.अवधेश प्रतापसिह 8 जून को नीमच आएंगे। डॉ.सिह 8 जून को कार द्वारा प्रात: 9 बजे माउट आबू से प्रस्थान कर दोपहर 1.30 बजे नीमच सर्किट हाउस पहुंचेगे। आयोग के अध्यक्ष डॉ.अवधेश प्रतापसिह 8 जून सोमवार को अपरान्ह 4.30 बजे जिला जेल नीमच का निरीक्षण करने के बाद शाम 5 बजे उज्जैन के लिए प्रस्थान करेंगे।
===========
हमारी आंगनवाड़ी – पोषण भी, पढ़ाई भी”:
आंगनवाड़ी सेमली ईस्तमुरार में सुविधाओं का विस्तार
लगा विद्युत कनेक्शन, ट्यूबलाइट-पंखा
नीमच 22 मई 2026, शासन की “एडॉप्ट एन आंगनवाड़ी” योजना के तहत मनासा क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्र सेमली ईस्तमुरार को जनभागीदारी से सुसज्जित किया गया है।
विद्युत सुविधा: सरपंच एवं सचिव ने आंगनवाड़ी केंद्र में नया विद्युत कनेक्शन करवाकर ट्यूबलाइट व पंखे लगवाए। जिससे गर्मी में बच्चों को राहत मिलेगी और पढ़ाई का माहौल बेहतर होगा।
पेयजल व्यवस्था: केंद्र में बच्चों एवं कार्यकर्ताओं के लिए शुद्ध पेयजल हेतु वाटर कैम्पर उपलब्ध करवाए गए हैं।
“एडॉप्ट एन आंगनवाड़ी” का उद्देश्य जनसहयोग से आंगनवाड़ी केंद्रों को संसाधन संपन्न बनाना है, ताकि “पोषण भी, पढ़ाई भी” की संकल्पना साकार हो सके। सभी जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों से आंगनवाड़ी केंद्रों को गोद लेकर सुविधाएं बढ़ाने में सहयोग की अपील की गई है।
===========



