मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 19 मई 2026 मंगलवार

//////////////////////////////////

जिले में जनगणना का 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण, स्व गणना में मंदसौर प्रदेश में प्रथम : जिला जनगणना अधिकारी

पेयजल समस्या होने पर तत्काल जल स्रोतों का करें अधिग्रहण

मंदसौर 18 मई 26 / साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल ने बताया कि जिले में जनगणना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में चार्ज अधिकारी लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीण एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करवाया जाए। उन्होंने बताया कि स्व गणना अभियान अंतर्गत मंदसौर जिले ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सभी सीएमओ को निर्देशित करते हुए कहा गया कि गर्मी एवं आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए आवश्यक तैयारियां पूर्व से सुनिश्चित करें। अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु फायर ब्रिगेड एवं अन्य संसाधनों को हमेशा अलर्ट मोड में रखा जाए। जहां कहीं पेयजल की समस्या उत्पन्न हो, वहां तत्काल आवश्यक जल स्रोतों का अधिग्रहण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही भू-अर्जन के प्रकरण लंबित नहीं रखने एवं ई-केवाईसी का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि उपार्जन केंद्रों पर किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। बारदान एवं गोदाम की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए। बताया गया कि 23 मई तक स्लॉट बुकिंग जारी रहेगी। गेहूं परिवहन कार्य सुचारु रूप से संचालित हो, इसमें किसी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल जानकारी देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा भी की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

==========

मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपन एवं संशोधन हेतु ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू

www.mplocalelection.mp.gov.in पर शुरू हुई ऑनलाइन मतदाता सेवा सुविधा

मंदसौर 18 मई 26 / नगरीय निकाय एवं पंचायतों की मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के पश्चात सुशासन भवन में जिला स्तरीय स्टेण्डिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल ने की। बैठक में जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, जिला पंचायत सदस्य, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती जायसवाल ने मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण अंतर्गत चल रही दावा-आपत्ति प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पहली बार ऑनलाइन नाम जोड़ने, नाम विलोपन एवं नाम संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस संबंध में जिले के मास्टर ट्रेनर श्री संजय राजगुरू द्वारा ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया गया कि मतदाता ऑनलाइन लिंक www.mplocalelection.mp.gov.in के माध्यम से नाम जोड़ने हेतु ER-1, नाम विलोपन हेतु ER-2 तथा नाम संशोधन हेतु ER-3 फार्म भर सकते हैं।

जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अनिता चकोटिया ने बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, पार्षदों तथा जनपद एवं जिला पंचायत सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची संबंधी कार्यों में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि संबंधित प्राधिकृत अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों को नाम जोड़ने, नाम विलोपन एवं नाम संशोधन की ऑनलाइन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।

============

ग्राम अजयपुर में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित, 68 लोगों ने कराई स्वास्थ्य जांच

मंदसौर 18 मई 26 / ग्राम अजयपुर में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वास्थ्य जांच कराई। शिविर में कुल 68 लोगों की ओपीडी दर्ज की गई, जिनमें 24 पुरुष एवं 44 महिलाएं शामिल रहीं।

शिविर के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण एवं जांच सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कुल 55 एक्सरे किए गए, जिनमें 4 एक्सरे एब्नार्मल पाए गए। साथ ही 4 स्पूटम कलेक्शन किए गए तथा 10 सीवाई टेस्ट किए गए। शिविर में 68 लोगों की हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर एवं बीपी जांच भी की गई।

स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों के साथ फूड बास्केट का वितरण

आयुष्मान आरोग्य शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। टीबी उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए टीबी शपथ दिलाई गई। शिविर के दौरान 3 जरूरतमंद हितग्राहियों को फूड बास्केट वितरित किए गए। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने एवं समय-समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।

============

राहगीर अभियान के तहत ग्राम बोलिया में रास्ते से हटवाया अतिक्रमण

मंदसौर 18 मई 26 / गरोठ एसडीएम श्री राहुल चौहान द्वारा बताया गया कि कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के मार्गदर्शन में संचालित राहगीर अभियान के अंतर्गत ग्राम बोलिया में शासकीय रास्ते का निरीक्षण एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान नायब तहसीलदार श्री जनेन्द्र निगम उपस्थित रहे।

जनसहयोग से तैयार किया जा रहा 2 किमी लंबा एवं 35 फीट चौड़ा रास्ता

अभियान के तहत ग्राम के 20 किसानों द्वारा जनसहयोग से 2.50 लाख रुपये की राशि एकत्रित की गई। किसानों के सहयोग से रास्ते से अतिक्रमण हटवाकर लगभग 2 किलोमीटर लंबा एवं 35 फीट चौड़ा मार्ग तैयार कराया गया है। मार्ग को बारहमासी आवागमन योग्य बनाने हेतु उस पर मुरम डाली जा रही है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके। फोटो संलग्न

=================

मुख्यमंत्री विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु स्वरोजगार योजना हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

मंदसौर 18 मई 26 / पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण सहायक संचालक द्वारा बताया गया कि मध्यप्रदेश शासन विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु कल्याण विभाग के तत्वाधान में जिले के विमुक्त, घुमंतु और अर्द्धघुमंतु समुदाय के बेरोजगार युवक-युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु स्वरोजगार योजना’ के अंतर्गत आवेदन-पत्र आमंत्रित किए गए हैं। इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष के लिए मंदसौर जिले को भाग-एक (व्यक्तिमूलक प्रकरण) के तहत कुल 30 हितग्राहियों का भौतिक लक्ष्य प्राप्त हुआ है। योजना के भाग-एक के अंतर्गत उद्योग, सेवा अथवा व्यवसाय (विधि अनुकूल समस्त गतिविधियाँ) स्थापित करने के लिए अधिकतम परियोजना लागत राशि 1 एक लाख रुपये तक निर्धारित की गई है। योजना का मुख्य उद्देश्य समाज के सबसे गरीब वर्ग को कम लागत के उपकरण एवं कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराना है, जिसका लाभ नवीन उद्यमों की स्थापना तथा पूर्व से संचालित उद्यमों के विस्तार दोनों के लिए देय होगा।

योजना के अंतर्गत पात्रता के लिए आवेदक को मध्यप्रदेश शासन द्वारा विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्धघुमंतु जाति की अधिसूचित सूची (51 जातियों) में सम्मिलित होना तथा सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण-पत्र धारक होना अनिवार्य है। आवेदक मध्यप्रदेश का मूल निवासी हो, जिसकी आयु 18 से 55 वर्ष के मध्य हो तथा वह आयकर दाता नहीं होना चाहिए। इस योजना के भाग-एक के तहत आवेदन करने के लिए किसी भी प्रकार की शैक्षणिक योग्यता का बंधन नहीं रखा गया है। महिलाओं एवं सक्षम दिव्यांग आवेदकों को चयन में प्राथमिकता दी जावेगी।

वित्तीय सहायता के रूप में हितग्राहियों को बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जावेगा, जिस पर विभाग द्वारा प्रथम ऋण पर परियोजना लागत का 25 प्रतिशत या अधिकतम राशि 20 हजार रुपये का मार्जिन मनी अनुदान दिया जावेगा।

इसके साथ ही, बैंक द्वारा वितरित/शेष ऋण पर हितग्राही को 06 प्रतिशत वार्षिक की दर से ब्याज अनुदान (सबवेंशन) की पात्रता होगी। हितग्राही किसी भी राष्ट्रीयकृत, निजी या सहकारी बैंक का चूककर्ता/डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए। प्रथम ऋण की सफल अदायगी पर हितग्राही को पूर्व परियोजना लागत की 2 गुना राशि के द्वितीय ऋण की पात्रता होगी, जिस पर 20 प्रतिशत अनुदान व 6 प्रतिशत ब्याज अनुदान देय होगा।

योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक आवेदक निर्धारित प्रपत्र-1 में अपना आवेदन, आवश्यक सहपत्रों के साथ समस्त (SAMAST) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भरे जाकर वेबसाइट mponline.gov.in पर किए जा सकते हैं। योजना की विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए इच्छुक आवेदक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण / विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्धघुमक्कड़ जाति कल्याण विभाग, कक्ष क्रमांक 315, द्वितीय तल, सुशासन भवन, जिला मंदसौर में संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त विभाग के संपर्क कर्ता श्री दीपक लोठ से उनके मोबाइल नंबर 6261565001 पर भी सीधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

===============

पॉक्सो एक्ट के तहत सहायक व्यक्तियों के लिए आवेदन आमंत्रित

यौन उत्पीड़न पीड़ित बच्चों की सहायता हेतु 28 मई तक कर सकते हैं आवेदन

मंदसौर 18 मई 26/ महिला एवं बाल विकास जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री बी.एल. बिश्नोई ने बताया कि लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 (POCSO Act) की धारा 39 के अंतर्गत यौन उत्पीड़न से पीड़ित बच्चों की सहायता हेतु जिले में 07 सहायक व्यक्तियों का इम्पेनलमेंट किया जाना है।

सहायक व्यक्ति पीड़ित बच्चों को बयान दर्ज करवाने, न्यायालयीन प्रक्रिया में सहयोग, परामर्श उपलब्ध करवाने तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करेंगे।

सहायक व्यक्ति के रूप में कार्य करने के इच्छुक व्यक्ति स्वयं अथवा पंजीकृत डाक, कोरियर एवं स्पीड पोस्ट के माध्यम से अपना आवेदन 28 मई 2026 तक जिला कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग, मंदसौर में प्रस्तुत कर सकते हैं।

सहायक व्यक्ति (Support Person) से संबंधित विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट mpwcdmis.gov.in के निर्देश मेन्यु में उपलब्ध है।

=========

 नौगांवा में अति प्राचिन बावड़ी की साफ सफाई की, श्रमदान मे शामिल हुए आमजन

मंदसौर। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिला समन्वयक श्रीमती तृप्ति बैरागी के निर्देशानुसार परेश्वर युवा ग्राम विकास समिति नौगांव एवं ग्रामवासी की जन भागीदारी से गांव नौगांव में प्राचिन ऐतिहासिक बावड़ी जो कि पूर्व में ग्राम वासियों का पेयजल स्रोत था। जलझूलनी ग्यारस पर भगवान चारभुजा नाथ का जन्म के बाद में स्नान करवाने की ऐतिहासिक बावड़ी का. ग्राम वासियों के श्रमदान के सहयोग से बावड़ी की साफ सफाई की गई। इस अवसर पर गांव की वरिष्ठतम पूर्व सरपंच भानु प्रताप सिंह सिसोदिया एवं रूप राज सिंह सिसोदिया वर्तमान सरपंच पति ईश्वरलाल मेघवाल, मेघराज धानुका, नारायण लाल पाटीदार, शांतिलाल पाटीदार, अरविंद पाटीदार, संस्था प्रमुख अध्यक्ष रतनलाल चौहान, सचिव सुनील ररोतिया, एवं राजेश कुमार, दीपक कुमार मेघवाल अन्य ग्राम वासी उपस्थित और सभी को जल बचाने पानी का बचाव करने हेतु प्रेरित किया गया।

============

आपातकालीन परिस्थितियों में दवाई उपलब्ध कराने हेतु रेडक्रॉस मेडिकल एवं प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र रहेंगे खुले

मंदसौर 18 मई 26 / मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीएस चौहान ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि दिनांक 20 मई 2026 को जिले के समस्त केमिस्ट / मेडिकल संचालकों द्वारा प्रस्तावित हड़ताल के कारण अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे।

आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में दवाई उपलब्ध कराने हेतु निम्न संस्थान खुले रहेंगे—

रेडक्रॉस मेडिकल, मंदसौर, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, मंदसौर।

साथ ही, मंदसौर जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा जारी आपातकालीन नंबर भी आवश्यकता अनुसार उपलब्ध रहेंगे—

श्री दीपक पाटीदार – मो. 9425105366

श्री आशीष मंडलोई – मो. 9229703666

श्री नरेन्द्र त्रिवेदी – मो. 8770782606

श्री अंकित जोशी – मो. 8827860671

श्री वीरेन्द्र जोशी – मो. 9425368828

उक्त संस्थानों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है तथा आपातकालीन सेवाएँ जारी रहेंगी।

अतः आमजन से अपील है कि किसी भी आपात स्थिति में उपरोक्त संस्थानों एवं संपर्क नंबरों का उपयोग कर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

=============

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}