अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा प्राचार्य श्री शहजाद हुसैन सम्मानित

अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा प्राचार्य श्री शहजाद हुसैन सम्मानित
मंदसौर। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और विद्यार्थियों को नैतिक व सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के सराहनीय प्रयासों के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भालोट के प्राचार्य श्री शहजाद हुसैन को सम्मानित किया गया है।
अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित ‘भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा’ को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में उनकी सक्रिय भूमिका और निष्ठा के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर गौरवान्वित किया गया।
यह सम्मान डॉ. प्रणव पण्ड्या (कुलपति, देव संस्कृति विश्वविद्यालय) एवं शैलबाला पण्ड्या (प्रमुख, अखिल विश्व गायत्री परिवार) के मार्गदर्शन में प्रदान किया गया। संस्था के पदाधिकारियों ने प्राचार्य श्री हुसैन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे इसी प्रकार भविष्य में भी राष्ट्र निर्माण और विद्यार्थियों के चारित्रिक विकास में अपना भागीरथ पुरुषार्थ जारी रखेंगे। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई प्रेषित की है।



