मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 04 अप्रैल 2026 शनिवार

गुजरात, महाराष्ट्र और यूपी जाने वाली समर स्पेशल ट्रेन

रतलाम। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा तथा विशेष रूप से ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के दौरान बढ़ती यात्रा मांग को ध्यान में रखते हुए विशेष किराये पर बांद्रा टर्मिनस–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बांद्रा टर्मिनस-सूबेदारगंज तथा उधना-आगरा कैंट के बीच विशेष किराये पर तीन जोड़ी ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।

जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार 02200 बांद्रा टर्मिनस-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्पेशल प्रत्येक शनिवार को बांद्रा टर्मिनस से सुबह 5.10 बजे प्रस्थान कर दाहोद (12.43/12.45), रतलाम (2.30/2.40), नागदा (3.43/3.45), उज्जैन (4.55/5.10) व मक्सी(6.00/6.02), होते हुए अगले दिन सुबह पांच बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी। यह ट्रेन चार अप्रैल से 11 जुलाई तक चलेगी।

=========

भविष्य से भेंट कार्यक्रम के तहत जिले के 109 विद्यालयों में अधिकारी होंगे शामिल

विद्यालयों में जाकर प्रेरक की भूमिका के रूप में एक कालखंड में बच्चों के साथ करेंगे संवाद

मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में “स्कूल चले हम अभियान 2026″ कार्यक्रम अंतर्गत 4 अप्रैल को भविष्य से भेंट कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा । कार्यक्रम अंतर्गत जिले के शासकीय विद्यालयों में भविष्य से संवाद कार्यक्रम के लिए ” कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह द्वारा जिले के 109 विद्यालयों के लिए अधिकारियों को विद्यालय आवंटिक किए गए है। अधिकारी 4 अप्रैल को प्रातः 11 बजे से शाला में उपस्थित होकर एक कालखंड में बच्चों के साथ संवाद “भविष्य से भेंट कार्यक्रम” में सहभागिता करेंगे।

=========

अशासकीय विद्यालयों द्वारा विशेष दुकानों से पाठयपुस्तक, यूनिफार्म एवं अन्य सामग्री क्रय करने हेतु बाध्य करने पर होगी कार्यवाही कलेक्टर ने किये जांच दल गठित

जिले में निजी विद्यालयों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के आदेशानुसार कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह द्वारा निरीक्षण दलो का गठन किया गया है । सत्र प्रारंभ में अशासकीय विद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों द्वारा क्रय की जाने वाली पुस्तके, स्टेशनरी, यूनिफॉर्म, शूज इत्यादि किसी विशेष दुकान अथवा विद्यालय से क्रय किए जाने हेतु बाध्य किए जाने के संबंध में गठित दलों द्वारा सतत भ्रमण कर निगरानी रखी जायेगी। शिकायत प्राप्त होने पर दल द्वारा जांच की गाएगी। जांच में दोषी पाये जाने पर विधि अनुसार कार्यवाही की जाएगी ।

जिला स्तरीय दल में जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक संचालक शिक्षा, जिला परियोजना समन्वयक को शामिल किया गया है । जिला स्तरीय दल द्वारा संपूर्ण जिले के विद्यालय एवं दुकानों का निरीक्षण किया जाएगा। विकासखंड रतलाम, जावरा, पिपलोदा, आलोट, सैलाना, बाजना में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संबंधित संकुल प्राचार्य एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक जनपद शिक्षा केंद्र को दल मे सदस्य बनाया गया है ।दल द्वारा विद्यालयों एवं दुकानों का सतत निरीक्षण एवं जांच की जाएगी।

बी ई ओ एवं बी आर सी संकुल प्राचार्य के साथ संयुक्त रूप से उनके संकुलाधीन समस्त अशासकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर पाठ्यपुस्तक विक्रेताओं, गणवेश विक्रेताओं की दुकानो का निरीक्षण कर प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधिकारी को प्रस्तुत करेंगे।

==========

रतलाम में निवेश क्षेत्र के विरोध में उतरे आदिवासी संगठन, ग्रामीण के साथ धरने पर बैठे

RATLAM MLA KAMLESHWAR DHARNA

रतलाम-   1450 हेक्टेयर के निवेश क्षेत्र को लेकर एक बार फिर आदिवासी संगठन विरोध में उतर आए हैं. सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडिया और ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए हैं. रतलाम के पलसोड़ी, बिबड़ोद, जुलवानिया, जामथून और रामपुरिया ग्राम पंचायतों में प्रस्तावित मेगा इंडस्ट्रियल पार्क बन रहा है.

जिसे लेकर ग्रामीण विरोध दर्ज करवाते रहे हैं, लेकिन अब यहां निवेश करने वाली कंपनियां अपनी यूनिट लगा रही है. जिसके बाद एक बार फिर निवेश क्षेत्र को निरस्त किए जाने की मांग को लेकर आदिवासी संगठन और ग्रामीण अब धरने पर बैठ गए हैं.

पलसोड़ी गांव में निवेश क्षेत्र के पास आज ग्रामीण और आदिवासी संगठनों के नेता निवेश क्षेत्र का विरोध करने के लिए जुटे थे. जिसके बाद सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार भी धरना स्थल पर पहुंचे और अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए. सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है. धरना स्थल पर रोशनी की व्यवस्था करने और सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने की मांग भी सैलाना विधायक ने की है.

सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार का कहना है कि “निवेश क्षेत्र से प्रभावित ग्रामीणों, विशेषकर आदिवासी समुदाय के लोगों के साथ ग्राम पलसोड़ी में ग्रीड के पास शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन जारी है. हमारे परिवार पीढ़ियों से इस भूमि पर निवास कर रहे हैं और उनकी आजीविका पूरी तरह इसी पर निर्भर है, लेकिन राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज नहीं होने के कारण उन्हें अतिक्रमणकारी बताया जा रहा है.

विधायक ने बिना उचित सुनवाई और पुनर्वास के किसी भी प्रकार की बेदखली को असंवैधानिक और अमानवीय बताया है. उन्होंने प्रशासन से मेगा इंडस्ट्रियल पार्क की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है.

विधायक और स्थानीय ग्रामीण धरना स्थल से हटने को तैयार नहीं है और निवेश क्षेत्र को निरस्त किए जाने तक वह धरने पर बने रहने की बात कह रहे हैं.

  तहसीलदार ऋषभ ठाकुर ने बताया कि “स्थानीय ग्रामीण और सैलाना विधायक निवेश क्षेत्र को लेकर अपना विरोध करवाने आए थे. वरिष्ठ अधिकारियों को उनकी मांगों के बारे में अवगत करा दिया गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}