मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 03 अप्रैल 2026 शुक्रवार

 

///////////////////////////////

विधायक डॉ पांडेय ने जावरा क्षेत्र में विधायक निधि से पेयजल टैंकर किये वितरित

जावरा विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास को निरन्तर प्राथमिकता दी जा रही है। विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय द्वारा आमजन की सुविधाओं के लिए सजगता से प्रयास कर रहे है। जिसका प्रतिफल भी मिल रहा है । उक्त विचार विभिन्न अतिथियों ने जावरा जनपद पंचायत में आयोजित विधायक निधि से प्रदाय पेयजल टेंकर वितरण कार्यक्रम में व्यक्त किये। विधायक डॉ पांडेय ने जावरा जनपद पंचायत क्षेत्र में 13 ग्राम पंचायत गोंदी धर्मसी, झालवा, नेतावली, परवलिया, मोयाखेड़ा, ढोढर, हनुमंतिया, रोला, कामलिया, पिपलियासीर, मांडवी, धतरावदा, उणी पर पेयजल टेंकर प्रदाय किये गये । कार्यक्रम मे क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं सरपंच/ सचिव उपस्थित थे।

=============

स्कूल में पहले दिन किताब और साइकिल पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव का हुआ आयोजन

शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतलाम में जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया एवं पाठ्य पुस्तक प्रदाय की गई। विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा साइकिल प्रदाय की गई। कार्यक्रम स्थल पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संबोधन का लाईव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती अनीता कटारा, भोपाल से ओआईसी आरएसके श्री वैभव श्रीवास्तव, जेडी कार्यालय से सहायक संचालक क्रीड़ा श्री रामसिंह बनिहार (प्रेक्षक), जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक लोढ़ा, प्राचार्य श्री सुभाष कुमावत, डीपीसी श्री राजेश झा, योजना अधिकारी श्री जितेंद्र जोशी, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री दीपेन्द्र ठाकुर, एपीसी श्री मुकेश राठौर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री एम.एल. डामर एवं बीआरसी श्री विवेक नागर सहित अन्य शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक लोढ़ा ने स्वागत भाषण दिया। बीआरसी श्री विवेक नागर द्वारा प्रवेशोत्सव की रूपरेखा रखी गई एवं आभार प्रदर्शन किया गया।

जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि प्रवेशोत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज की जागरूकता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह अवसर हर बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने का है। शिक्षा ही वह माध्यम है, जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त नागरिक बनाती है। श्री उपाध्याय ने विशेष रूप से अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजें। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए हैं, जिनका लाभ हर पात्र विद्यार्थी तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर प्रयास करना होगा।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता प्राप्त करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासित दिनचर्या अपनाने तथा अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पित रहने की प्रेरणा दी। कलेक्टर ने कहा कि हर विद्यार्थी को अपने जीवन में ऐसा मुकाम हासिल करने का प्रयास करना चाहिए जिससे वह अपने परिवार, विद्यालय और जिले का नाम रोशन कर सके तथा समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत बन सके।

नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा ने विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु प्रेरित किया। क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती अनीता कटारा ने विद्यालय को व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।

कार्यक्रम में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें तथा 12 विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्राचार्य श्री सुभाष कुमावत ने बताया कि विद्यालय परिवार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास शैक्षणिक, नैतिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्री आशीष दशोत्तर द्वारा किया गया।

==========

स्कूल चले हम“ अभियान अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय जावरा में कार्यक्रम आयोजित

मध्य प्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार “स्कूल चले हम“ अभियान के अंतर्गत आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रम के प्रथम दिवस 1 अप्रैल को प्रवेश उत्सव कार्यक्रम सांदीपनि विद्यालय जावरा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक डॉ राजेंद्र पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा, पार्षद श्रीमती नरगिस मंसूरी एवं जिला महामंत्री श्री महेश सोनी उपस्थित थे। मुख्य अतिथि डॉ राजेंद्र पाण्डेय सहित समस्त अतिथियों ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों और उनके पालकों का तिलक लगाकर पुष्प मालाए पहनाकर स्वागत किया एवं निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया। विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र बोस ने विद्यालय द्वारा गत सत्र में अर्जित उपलब्धियों की जानकारी देते हुए आगामी सत्र हेतु कार्य योजना एवं निर्धारित लक्ष्य बताएं। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आतिथ्य मे आयोजित “प्रवेश उत्सव“ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। इस सत्र से सांदीपनि विद्यालय में संविलियन किए गए समस्त विद्यालयों के प्रधान अध्यापकगण एवं शिक्षक/शिक्षिकाएं, अपार सिंह गंभीर, राकेश डारिया, मुकेश गेहलोत, हर्षा नामदेव, कैलाश चंद्र कपासिया, चांद मोहम्मद खान, रीना धाकड़, नीता बैरागी, आमीन मंसूरी, ज्योति जोशी, कीर्ति आचार्य, सुनील सोनी, कामिनी खान, विजय प्रजापत, गिरीश मुले, पवन अटोलिया, शेख मोहम्मद उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती विभा जैन ने एवं आभार प्रदर्शन उप प्राचार्य श्री संजय श्रीवास्तव ने किया।

===========

कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने ज्ञानोदय अभियान में 5 लाख 94 हजार की बेन्च प्रदान की

रतलाम शहर के 15 स्कूलों के लिए राशि स्वीकृत

जिले में विद्यालयों को टाट पट्टी मुक्त करने के लिए चलाये जा रहे ज्ञानोदय अभियान में अधिकारियों/कर्मचारियों सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा भी बढ- चढ कर सहयोग किया जा रहा है। रतलाम शहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री मध्यप्रदेश शासन श्री चेतन्य काश्यप ने अपनी विधायक निधि से 5 लाख 94 हजार रुपए स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए फर्नीचर( बेंच) की व्यवस्था हेतु स्वीकृत की है।

उल्लेखनीय है कि जिले मे कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह व सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन के मार्गदर्शन में प्राथमिक विद्यालयों की दशा सुधारने एवं टाट पट्टी मुक्त बनाने के उद्देश्य से ज्ञानोदय अभियान चलाया जा रहा है।

विधानसभा क्षेत्र रतलाम शहर 220 के 15 स्कूलों के लिए 5 लाख 94 हजार रुपए की राशि विधायक निधि से स्वीकृत की गई है।

क्षेत्र के प्रा. विद्यालय सुभाष नगर, प्रा. विद्यालय श्री शारदा, प्रा. विद्यालय राजेंद्र, प्रा. विद्यालय नूतन, शा. प्रा. विद्यालय रविंद्र, प्रा. विद्यालय जवाहर, प्रा. विद्यालय बिरयाखेड़ी, प्रा. विद्यालय गांधीनगर, प्रा. विद्यालय प्रताप नगर, प्रा. विद्यालय विनोबा इंग्लिश मीडियम, प्रा. विद्यालय ब्राह्मणवास होमगार्ड कॉलोनी, प्रा. विद्यालय खेतलपुर, प्रा. विद्यालय लोकमान्य तिलक, शा.प्रा. विद्यालय करमदी, प्रा. विद्यालय मथुरी में छात्र छात्राओं के बैठने के लिए फर्नीचर व्यवस्था प्रदान की गई ।

========

घोषित मूल्य से अधिक मूल्य पर आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक और पानी बोटल पैकेज विक्रय करने पर नापतौल विभाग ने दर्ज किये आपराधिक प्रकरण

नियंत्रक नापतौल मध्य प्रदेश भोपाल श्री ब्रजेश सक्सेना के माध्यम से भारत सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग दिल्ली के शिकायत पोर्टल कंज्यूमर हेल्पलाइन पर घोषित मूल्य से अधिक मूल्य पर आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक और पानी बोटल पैकेज विक्रय करने की शिकायत प्राप्त होने पर नियंत्रक नापतोल म. प्र. भोपाल और कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार सहायक नियंत्रक/निरीक्षक नापतौल श्री भारत भूषण द्वारा दल के साथ जांच अभियान चलाकर कार्यवाही की गई। जिसमे विभागीय कर्मचारी श्री गोतमलाल मईड़ा को ग्राहक बनाकर मे. महाकाल रेस्टोरेंट, महु नीमच रोड, सिमलावदा, मे. श्री बालाजी किराना, महु नीमच रोड, सिमलावदा, मे. सांई किराना एण्ड रेस्टोरेन्ट, महु नीमच रोड, सातरुंडा चौराहा, मे. राठौर ज्युस सेन्टर, लक्कडपीठा रतलाम पर भेज कर आईसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक और पानी बोटल पैकेट खरीदवाये गये जिसमें उक्त दुकानों पर घोषित मूल्य से अधिक मूल्य पर आईसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक और पानी बोटल पैकेज विक्रय किये जाने पर आपराधिक प्रकरण विधिक मापविज्ञान (पैकेज वस्तुऐं) नियम- 2011 के उल्लघंन और दण्डनीय होने से पंजीबद्ध किये गये। जांच दल में श्री कैलाश चंद्र शर्मा, गोतमलाल मईड़ा, मोहनलाल खैर और मयंक गोयल थे।।

भारत भूषण सहायक नियंत्रक/निरीक्षक नापतौल विभाग रतलाम ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि यदि कोई दुकान/संस्था पैकेज वस्तु को उस पर घोषित मूल्य से अधिक मूल्य पर विक्रय करता है तो इसकी शिकायत कार्यालय को करें। जिससे इस प्रवत्ती पर अंकुश लगाया जा सकें।

===========

अग्निवीर भर्ती 2026: आवेदन की अंतिम तिथि 10 अप्रैल तक बढ़ी

अग्निवीर पदों के लिए पंजीकरण 10 अप्रैल तक भारतीय सेना अग्निवीर (पुरुष) जनरल ड्यूटी (जीडी ) के लिए योग्यता 10वीं पास, ट्रेड्समेन के लिए योग्यता 8 वीं एवं 10 वीं पास, क्लर्क/एसकेटी के लिए 12 वीं पास एवं तकनीकी के लिए योग्यता 10 वीं एवं 12 वीं पास तथा महिला सैन्य पुलिस के लिए योग्यता 10 वीं पास आवेदन कर सकते है। साथ ही स्थायी पदों के लिए नर्सिंग असिस्टेंट/सिपाही फार्मा के पद भी उपलब्ध हैं। पंजीकरण की तिथि 13 फरवरी से 10 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। विस्तृत जानकारी एवं पंजीकरण के लिए भारतीय सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाएं या 7648815570 एआरओ महू, 9479900334 एआरओ ग्वालियर 9039018588 एआरओ भोपाल, 7247028996 एआरओ जबलपुर पर संपर्क कर सकते हैं।

==========

जनगणना में मकान सूचीकरण स्वगणना की सुविधा 16 अप्रैल से

आगामी जनगणना प्रक्रिया के तहत मकान सूचीकरण चरण में नागरिकों को स्वगणना की सुविधा प्रदान की गई है। स्वगणना कार्यक्रम 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक कोई भी व्यक्ति स्वयं https://Census.gov.in/se आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है।

स्वगणना करने पर संबंधित व्यक्ति को एक रेफरेंस नंबर प्राप्त होगा। इसके बाद 1 मई से 30 मई के बीच जब प्रगणक (Enumerator) घर-घर सर्वे के लिए आएंगे, तब नागरिकों को यह रेफरेंस नंबर उपलब्ध कराना होगा। प्रगणक द्वारा इस नंबर का सत्यापन कर अंतिम रूप से जानकारी सबमिट की जाएगी।

प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने और जनगणना प्रक्रिया को सरल एवं सटीक बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

==============

सरसों भावांतर योजना अंतर्गत खरीदी 16 अप्रैल से होगी प्रारंभ

रबी 2025-26 हेतु सरसों भावांतर योजना के अंतर्गत पंजीकृत कृषकों के गहन सत्यापन के बाद योजना के क्रियान्वयन की तिथि में बदलाव किया गया है। पूर्व में यह योजना 1 अप्रैल से प्रारंभ होना प्रस्तावित थी, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अब इसे 16 अप्रैल 2026 से लागू किया जाएगा।

==========

आंगनवाड़ी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया 3 परियोजना अधिकारी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी 4 स्व सहायता समुह का एक दिवस का पोषण आहार राशि का किया कटौत्रा

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री रामनिवास बुधोलिया ने बताया कि कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले में संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों की मॉनीटरिंग हेतु विकसित व्यवस्था के अंतर्गत जिले के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान कुछ केन्द्रों पर स्व सहायता समुह द्वारा निर्धारित मेनू अनुसार ताजा पका हुआ भोजन प्रदाय नहीं जा रहा था। कार्य में लापरवाही बरतने के कारण 3 परियोजना अधिकारी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए एवं

4 स्व सहायता समुह का एक दिवस के पोषण आहार की राशि का कटौत्रा किया गया।

निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र इंद्रलोक नगर( रतलाम शहर1), आंगनवाड़ी केंद्र आक्यापाडा (रतलाम शहर 2), आंगनवाड़ी केंद्र ब्रह्मांड गली जावरा शहर (जावरा शहर), आंगनवाड़ी केंद्र कलालिया-1(जावरा ग्रामीण)

पर निर्धारित मेनू अनुसार ताजा पका हुआ भोजन प्रदाय नहीं जा रहा था। परियोजना अधिकारी रतलाम शहर -1 श्रीमती चेतना गेहलोद, परियोजना अधिकारी जावरा ग्रामीण श्रीमती अंकिता पाटीदार, प्रभारी परियोजना अधिकारी रतलाम ग्रामीण-2 सुश्री फ़िरदोज खान को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया एवं अंबिका स्व सहायता समुह, वात्सल्य स्व सहायता समुह, वैभव लक्ष्मी स्व सहायता समुह, अन्नदाता स्व सहायता समुह का एक दिवस के पोषण आहार की राशि का देयक अमान्य कर राशि कटौत्रा की गई।

==============

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}