समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 31 मार्च 2026 मंगलवार

//////////////////////////////////
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल चौपाल आयोजित करे समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न
रतलाम : सोमवार, मार्च 30, 2026,

कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपार्जन व्यवस्था, सीएम हेल्पलाइन , जनकल्याण योजना, समयावधि पत्रों एवं अन्य विषयों पर विभाग वार समीक्षा कर विभाग प्रमुखों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम को आज से प्रारंभ हुई चना-मसूर की खरीदी का जिले के सभी 6 उपार्जन केन्द्रों पर उपार्जन प्रक्रिया की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने फसलों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और शासन के निर्देशानुसार पारदर्शिता के साथ खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि आज 30 किसानों द्वारा स्लॉट बुक किए गए हैं।
कलेक्टर ने नापतौल विभाग को सभी तौल कांटों का सत्यापन कर सर्टिफिकेट मंडी में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। सरसों की खरीदी भावांतर योजना के अंतर्गत किए जाने के संबंध में भी सभी एसडीएम को सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही गेहूं एवं अन्य फसलों के नमूने संग्रहित करने तथा जिस फसल को खराब बताकर खरीदने से मना किया गया है, उन्हें कारण सहित नमूनों के साथ सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने गैस बुकिंग एवं वितरण व्यवस्था को लेकर एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसी संचालकों की बैठक आयोजित कर प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अग्नि सुरक्षा को लेकर शासन के निर्देशानुसार आवश्यक कार्यवाही करने एवं कारोबारियों को अग्निशमन यंत्र रखने तथा सभी शासकीय अग्निशमन यंत्रों को चालू स्थिति में रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों दिए। साथ ही सीएमएचओ को सभी शासकीय एवं निजी अस्पतालों में फायर ऑडिट कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत पदाभिहित अधिकारियों को प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समय सीमा से बाहर प्रकरणों पर नियमानुसार आर्थिक शास्ति अधिरोपित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रकरणों का निराकरण संतोषजनक होना चाहिए। संबल योजना के हितग्राहियों को पात्रता अनुसार तत्काल लाभ वितरण करने तथा सभी विभागों को अपनी-अपनी हितग्राही मूलक योजनाओं में पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रकरणों को बिना कारण अनावश्यक लंबित न रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल चौपाल आयोजित करने, स्वच्छता अभियान चलाने तथा “माँ की बगिया” अभियान के तहत पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी शासकीय भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने और सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
================
एमएसएमई इकाइयां औद्योगिक गतिविधियों का प्रभावी केन्द्र और लाखों परिवारों के स्वावलंबन का आधार हैं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
राज्य सरकार प्रदेश के उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है प्रदेश के दरवाजे देश-दुनिया के सभी निवेशकों के लिए खुले हैं मध्यप्रदेश, देश के प्रमुख स्टार्टअप राज्य के रूप में स्थापित हो रहा है मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एमएसएमई इकाइयों को सिंगल क्लिक से की 169 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित स्टार्टअप को अनुदान और उद्यमियों को भू-आवंटन पत्र भी प्रदान किए मुख्यमंत्री डॉ. यादव को मंत्री श्री काश्यप ने भेंट किया लघु उद्योग निगम के 8 करोड़ रूपए के अंतरिम लाभांश का चैक
रतलाम : सोमवार, मार्च 30, 2026,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश, देश के सर्वाधिक सशक्त, आर्थिक रूप से सुदृढ़ और बेहतर वित्तीय प्रबंधन वाले प्रथम तीन राज्यों में से एक है। राज्य सरकार प्रदेश के उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है। प्रदेश के दरवाजे देश-दुनिया के सभी निवेशकों के लिए खुले हैं। हम उद्योग मित्र नीतियों और सहयोग की भावना के साथ उनके स्वागत के लिए तत्पर हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश भारतीय अर्थव्यवस्था में उद्योग हो या कृषि हर क्षेत्र में योगदान के लिए निरंतर सक्रिय है। एमएसएमई इकाइयां औद्योगिक गतिविधियों का प्रभावी केन्द्र होने के साथ-साथ लाखों परिवारों के स्वावलंबन का आधार भी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव समर्थ एमएसएमई विकसित मध्यप्रदेश की थीम पर मुख्यमंत्री निवास में आज सोमवार को 257 से अधिक एमएसएमई इकाइयों को उनके खाते में 169.57 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक से जारी करने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबाधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्टार्टअप को लगभग 28 लाख से अधिक की अनुदान राशि की प्रथम किश्त भी जारी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को इस अवसर पर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य कुमार काश्यप ने लघु उद्योग निगम की ओर से 8 करोड़ रूपए के अंतरिम लाभांश का चैक भेंट किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैतूल और आगर-मालवा के तीन उद्यमियों को औद्योगिक भूमि के लिए आवंटन पत्र प्रदान किए तथा मुख्यमत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत हितलाभ वितरण भी किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज का आयोजन महावीर जयंती के शुभ अवसर पर हो रहा है। यह भगवान महावीर के जनकल्याण और शुचिता के सिद्धांतों को साकार करने का भी प्रतीक है। प्रदेश में उद्योग-व्यापार गतिविधि और उद्यमिता प्रोत्साहित करने के लिए व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और गति सुनिश्चित करते हुए निरंतर नवाचार जारी हैं। राज्य सरकार उद्यमियों को लिए पूंजी, भूमि और व्यवस्थाओं में सरलता कर, उनकी प्रगति की राह को आसान बना रही है। विभाग द्वारा बड़ी राशि का सिंगल क्लिक से सीधे अंतरण व्यवस्था में सुगमता और स्पष्टता का परिचायक है। पूरे देश में मार्च क्लोजिंग का वातावरण है, ऐसे में राज्य सरकार द्वारा एमएसएमई इकाइयों और उद्यमियों को राशि व सुविधा उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह प्रदेश में नए संकल्पों के साथ नया वित्तीय वर्ष आरंभ करने का भी प्रतीक है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में भी प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में ही भारत स्वयं को सुरक्षित महसूस करते हुए प्रगति पथ पर अग्रसर है। युद्ध के दोनों पक्ष भारत का सहयोग कर रहे हैं, यह प्रधानमंत्री श्री मोदी की कुशल नीतियों के कारण ही संभव है। जहां एक ओर विश्व के कई देशों में पेट्रोल-डीजल, गैस की उपलब्धता प्रभावित हो रही है, वहीं हमारे देश में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इनके मूल्यों पर कोई विपरीत प्रभाव नहीं पड़ने दिया। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत समर्थ भी है और सक्षम भी।
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य कुमार काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव जनता के बीच सक्रिय होने के साथ-साथ प्रशासनिक दृष्टि से भी निरंतर गतिशील हैं। उनके व्यापक और स्पष्ट दृष्टिकोण के परिणाम स्वरूप प्रदेश उद्योग-व्यापार, कृषि, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने सहित सभी क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है। प्रमुख सचिव श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में विभाग में डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्थाएं स्थापित की गई हैं। जिसके परिणामस्वरूप भूमि आवंटन प्रक्रिया को गति मिली है। प्रदेश के 25 औद्योगिक क्षेत्रों में विकास कार्य जारी हैं, साथ ही 6 नए औद्योगिक क्षेत्र भी विकसित किए जा रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश में 7100 से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश, देश के प्रमुख स्टार्टअप राज्य के रूप में स्थापित हो रहा है।
================
मुख्यमंत्री डॉ.यादव वाराणसी में 31 मार्च को एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन में होंगे शामिल
- दोनों राज्यों की साझेदारी से बनेगा नया आर्थिक परिदृश्य काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का करेंगे अध्ययन भ्रमण
- विक्रमोत्सव महानाट्य मंचन की तैयारियों का लेंगे जायजा
रतलाम : सोमवार, मार्च 30, 2026,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वाराणसी में आयोजित “एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन 2026” में मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं, पारंपरिक शिल्प, ओडीओपी और जीआई टैग उत्पादों, कृषि एवं खाद्य उत्पादों, निवेश अवसरों और पर्यटन संभावनाओं को एक साझा मंच पर प्रस्तुत करेंगे। इस सम्मेलन में दोनों राज्यों की प्रमुख ताकतें एक साथ सामने आएंगी और उत्पादन, बाजार तथा पहचान से जुड़े विभिन्न आयामों पर केंद्रित संवाद स्थापित होगा। सम्मेलन में उद्योग, शिल्प, निवेश और पर्यटन से जुड़े हितधारक एकत्रित होंगे, जहां व्यावहारिक सहयोग, बाजार विस्तार और साझा पहल पर चर्चा का स्पष्ट स्वरूप दिखाई देगा।
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का भ्रमण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की वाराणसी यात्रा काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के अध्ययन भ्रमण से होगी, जहां तीर्थ क्षेत्र में विकसित क्राउड फ्लो मैनेजमेंट, अधोसंरचना लेआउट और तीर्थयात्री प्रबंधन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया जाएगा। यह अनुभव धार्मिक पर्यटन स्थलों के सुव्यवस्थित विकास और आधुनिक प्रबंधन प्रणाली को समझने का आधार बनेगा।
इसके बाद एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन स्थल पर प्रदर्शनी का अवलोकन किया जाएगा, जिसमें मध्यप्रदेश के ओडीओपी उत्पाद, जीआई टैग हस्तशिल्प, पारंपरिक वस्त्र, औद्योगिक क्षमताएं और पर्यटन संभावनाएं प्रदर्शित होंगी। यह प्रदर्शनी राज्य की आर्थिक और सांस्कृतिक विविधता को एक ही मंच पर प्रस्तुत करते हुए निवेशकों और प्रतिभागियों को प्रत्यक्ष रूप से जोड़ने का कार्य करेगी।
सम्मेलन के मुख्य सत्र में निवेश, औद्योगिक सहयोग और ओडीओपी आधारित अर्थव्यवस्था पर केंद्रित चर्चा होगी, जहां मध्यप्रदेश की निवेश-अनुकूल नीतियों, अधोसंरचना और प्रोत्साहन तंत्र को प्रस्तुत किया जाएगा। इसी सत्र में मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के बीच एमओयू हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिससे औद्योगिक निवेश, कौशल विकास, हस्तशिल्प संवर्धन और पर्यटन क्षेत्रों में सहयोग को औपचारिक रूप दिया जाएगा। ओडीओपी उत्पादों का आदान-प्रदान स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आएगा। दोपहर पश्चात नेटवर्किंग सत्र में उद्योग जगत, निवेशकों और नीति-निर्माताओं के बीच संवाद स्थापित होगा, जिससे संभावित निवेश और साझेदारियों को गति मिलेगी और यह सम्मेलन वास्तविक व्यावसायिक अवसरों से जुड़ता हुआ दिखाई देगा।
समानांतर सत्रों में सहयोग के व्यावहारिक आयामों को विस्तार दिया जाएगा। संयुक्त शिल्प कार्यशाला में मध्यप्रदेश के चंदेरी और महेश्वरी शिल्पकार उत्तरप्रदेश के बनारसी सिल्क कारीगरों के साथ साझा ब्रांडिंग, बाजार विस्तार और ‘गंगा-नर्मदा क्राफ्ट कॉरिडोर’ की अवधारणा पर कार्य करेंगे, जिससे पारंपरिक शिल्प को नए बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में ठोस पहल होगी।
टूरिज्म राउंड टेबल मीटिंग
टूरिज्म राउंड टेबल में वाराणसी, उज्जैन और चित्रकूट को जोड़ते हुए एक संयुक्त धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस प्रक्रिया में इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन सहित प्रमुख हितधारकों की सहभागिता से पर्यटन को संगठित और विस्तारित स्वरूप देने की दिशा में सहमति बनेगी।
विक्रमोत्सव महानाट्य मंचन के स्थल का अवलोकन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव वाराणसी के बी.एल.डब्ल्यू मैदान में 3 से 5 अप्रैल तक होने वाले महानाट्य विक्रमोत्सव के कार्यक्रम स्थल का मुआयना भी करेंगे।
============
सैलाना क्षेत्र में उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण
रतलाम : सोमवार, मार्च 30, 2026,
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार एसडीएम सैलाना श्री तरुण जैन द्वारा सैलाना क्षेत्र के उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गेहूं ,चना, मसूर, सरसों की खरीदी के संबंध में की गई तैयारियों का जायजा लिया गया। एसडीएम ने केंद्रों पर मौजूद तौल कांटों एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का निरीक्षण किया एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन के निर्देशानुसार उपार्जन कार्य पूरी पारदर्शिता एवं सुचारू रूप से किया जाए।
==============
एसडीएम सैलाना ने घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के संबंध में एजेंसी संचालकों की बैठक ली
रतलाम : सोमवार, मार्च 30, 2026,

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार एसडीएम सैलाना श्री तरूण जैन द्वारा एलपीजी गैस वितरकों की बैठक ली गई। बैठक में एसडीएम सैलाना ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति घरेलू उपभोक्ताओं को निर्धारित दर एवं निर्धारित समय पर हॉकरों के माध्यम से सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में समस्त गैस एजेंसी वितरकों को निर्देशित किया गया कि वे उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति निर्बाध रूप से करने के लिये उपभोक्ताओं द्वारा की गई रिफिल बुकिंग की डिलेवरी एफआईएफओ आधार पर करें। उनके द्वारा प्रतिदिन उपलब्ध स्टॉक/बैकलॉग/बुकिंग की जानकारी कार्यालय को उपलब्ध करवायें। साथ ही समस्त हॉकरो कों निर्देशित किया जाए कि, वे अपने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले उपभोक्ताओं को पहले आओ पहले पाओ के आधार पर सिलेण्डर उपलब्ध करवाये जिसके द्वारा बुकिंग की गई है, उसी उपभोक्ता को वेंटिग के अनुसार गैस सिलेण्डर उपलब्ध करवायें।



