मंदसौरमध्यप्रदेशराजनीति

बढ़ते गैस दामों और किल्लत के खिलाफ युवा कांग्रेस का अनूठा प्रदर्शन, चूल्हे पर चाय बनाकर जताया विरोध

बढ़ते गैस दामों और किल्लत के खिलाफ युवा कांग्रेस का अनूठा प्रदर्शन, चूल्हे पर चाय बनाकर जताया विरोध


मंदसौर। केंद्र सरकार की नीतियों और रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों के साथ-साथ सिलेंडर की किल्लत के विरोध में जिला युवा कांग्रेस, मंदसौर ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। मंगलवार, 24 मार्च की दोपहर को स्थानीय गांधी चौराहे पर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष दुर्गेश पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस जनों ने वर्तमान स्थिति पर कटाक्ष करते हुए गैस सिलेंडरों को बीच सड़क पर रखकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का मुख्य आकर्षण वह दृश्य रहा जब कार्यकर्ताओं ने सड़क पर ही लकड़ी का चूल्हा जलाया और उस पर चाय बनाकर भारत सरकार की नीतियों के खिलाफ सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई को आम आदमी की कमर तोड़ने वाला बताया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दुर्गेश पटेल ने मोदी सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज मध्यम और गरीब वर्ग के लिए घर का चूल्हा जलाना दूभर हो गया है। सरकार एक ओर उज्ज्वला योजना का प्रचार करती है, वहीं दूसरी ओर गैस सिलेंडरों के दाम इतने बढ़ा दिए गए हैं कि अब सिलेंडर महज घर के कोने में सजावट की वस्तु बनकर रह गए हैं। पटेल ने आगे कहा कि सिलेंडरों की किल्लत ने आम जनता की परेशानी को दोगुना कर दिया है, जिससे साफ जाहिर होता है कि सरकार का वितरण तंत्र पूरी तरह विफल हो चुका है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस के दामों में कमी नहीं की गई और आपूर्ति सुचारू नहीं हुई, तो युवा कांग्रेस इस आंदोलन को उग्र रूप देते हुए गांव-गांव तक ले जाएगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने आम जनता के साथ मिलकर सरकार से बढ़ी हुई कीमतें तुरंत वापस लेने की मांग की। करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन ने राहगीरों का ध्यान भी अपनी ओर खींचा, जहाँ लकड़ी के चूल्हे पर चाय बनाना वर्तमान महंगाई के दौर में आम आदमी की मजबूरी का प्रतीक नजर आया।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता मनोहर नाहटा, अम्बालाल हिंगोरिया, युवा कांग्रेस के संभाग प्रभारी जावेद पटेल, जिला प्रभारी पायल जैन, सहप्रभारी मुस्तकिम कुरेशी, जीतू पाटीदार, प्रदेश महासचिव विनोद पटेल, एनएसयूआई पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील बसेर, महिला प्रकोष्ठ कार्यकारी अध्यक्ष राखी सत्रावाला, सुनीता बंडी, जिला महासचिव नेहा जैन, देवेन्द्र अटोलिया, मनीष मेहर, सुनील राठौर मंदसौर विधानसभा अध्यक्ष राकेश पाटीदार, मल्हारगढ़ विधानसभा अध्यक्ष बल्लू गुर्जर, सुवासरा विधानसभा अध्यक्ष हर्ष पाटीदार, गरोठ विधानसभा अध्यक्ष गोविंदसिंह पावटी, मंदसौर ब्लॉक अध्यक्ष सम्यक जैन, दलौदा ब्लॉक अध्यक्ष महावीर भाटी, मल्हारगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष जितेन्द्र धनगर, धुंधड़का ब्लॉक अध्यक्ष संदीप दास, मेलखेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष जीतू बैरागी, शामगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष सुरेन्द्र रावल, अक्षय सेठिया, आदर्श जोशी, याकुब मंसूरी, कुमकुम सिसौदिया, अनिल धनगर सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित थे। संचालन नेहा जैन ने किया एवं  आभार सम्यक जैन ने माना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}