डॉक्टर पति ने पहले गला दबाया फिर अस्पताल ले जाने का नाटक कर सागर रोड पर कार में पेट्रोल डालकर शव में आग लगा दी

डॉक्टर पति ने पहले गला दबाया फिर अस्पताल ले जाने का नाटक कर सागर रोड पर कार में पेट्रोल डालकर शव में आग लगा दी
सागर। सानौधा थाना क्षेत्र के चनाटोरिया टोल प्लाजा के पास कार में जलकर मरी डॉक्टर की पत्नी की मौत का राजफास पुलिस ने कर दिया है। आरोपित डॉक्टर पति ने ही पत्नी का पहले घर में गला दबाकर उसकी हत्या की, इसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए घर से अस्पताल ले जाने का नाटक कर सागर रोड पर कार में पेट्रोल डालकर उसमें आग लगा दी। इस पूरी साजिश में उसके दो अन्य साथी भी शामिल थे, जिन्हें पूरी वारदात की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने पुलिस व मृतका के स्वजन से सच छिपाते हुए डॉक्टर के साथ झूठ बोला। बहरहाल पुलिस ने आरोपित पति डॉक्टर नीलेश व उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पत्नी से विवाद के गला दबा दिया-:
सानौधा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर ने बताया कि 20 मार्च की रात करीब दो बजे नीलेश का गढ़ाकोटा स्थित उसके मकान में पत्नी सीमा से विवाद हो गया, जिसके बाद नीलेश ने सीमा का गला दबा दिया। गला दबने से सीमा अचेत हो गई। अपने मकान के नीचे रहने वाले साथी रामकृष्ण कुर्मी और शुभम कुर्मी के साथ कार में सीमा को बैठाकर पहले तो सागर ले जाने का बताया। अपने दोनों साथियों के साथ सीमा को कार में लिटाकर सागर की ओर ले गया। रास्ते में उसने सीमा की मौत को छिपाने के लिए दूसरी योजना बनाई।
कार एक्सीडेंट का बहाना बनाया-
नीलेश ने कार एक्सीडेंट का बहाना बनाकर उसमें लगी सीएनजी में आग लगने के कारण सीमा की जलकर मौत होने की योजना बनाई। नीलेश ने चनाटोरिया के पास एकांत में कार सड़क किनारे ले जाकर उसे पेट्रोल से सीमा की बाडी व कार में डालकर आग लगा दी। आग के बाद तीनों कार से दूर जाकर उसे देखते रहे। इस बीच नीलेश ने गढ़ाकोटा से निकलते समय अपने ससुर, भाई और सीमा के जीजा को भी फोन कर पहले सीमा की तबीयत खराब होने के बाद सागर ले जाने और फिर बाद में फोन कर एक्सीडेंट और कार में आग की जानकारी दी।
प्रेमिका के चलते हुआ विवाद-:
पुलिस ने बताया कि नीलेश और सीमा का अकसर विवाद होता रहता था। दरअसल डॉ. नीलेश गढ़ाकोटा क्षेत्र में ही रहने वाली कॉलेज में अध्ययनरत लड़की (24) से प्रेम करता था। क्लीनिक में इलाज के लिए आने के दौरान लड़की से नीलेश की मुलाकात हुई। दोनों के बीच प्रेम हो गया। इसका पता सीमा को चल गया। बताया जा रहा कि सीमा ने लड़की की फोटो भी नीलेश के मोबाइल में देख लिया था। इसी बात को लेकर अकसर दोनों में विवाद हुआ करता था। अपने ही समाज की प्रेमिका से शादी करने के लिए नीलेश ने सीमा की गला दबाकर हत्या कर दी।
बेटी को बताया मां की तबीयत खराब है-:
रात में विवाद और फिर सीमा की गला दबाने के बाद दूसरे कमरे में सो रही उसकी 11 वर्षीय बेटी ने उठकर पूछा भी तो नीलेश ने उसे मां की तबीयत खराब होने के कारण उसे सागर में इलाज के लिए ले जाने की कहकर वहां से चला गया। इसके बाद बेटी सो गई। नीलेश और सीमा के 11 वर्षीय बेटी और 9 वर्षीय बेटा उसके साथ रहते थे, जबकि 15 वर्षीय बड़ा बेटा बाहर हास्टल में रहता था।
घटना के समय के फुटेज भी हटा दिए-:
साक्ष्यो को मिटाने के लिए नीलेश ने अपने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीबीआर से छेड़छाड़ कर घटना के समय के फुटेज भी हटा दिए। शातिर नीलेश बदलता रहा बयान घटना के बाद पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान डॉ. नीलेश लगातार अपने बयान बदलता रहा। दरअसल, डॉक्टरी की पढ़ाई के पहले उसका चयन सेना में हो गया था, जिसके बाद उसने अपनी ट्रेनिंग भी पूरी की, लेकिन उसने नौकरी ज्वाइन नहीं की और डॉक्टरी कर वह प्राइवेट प्रेक्टिस करने लगा। पुलिस ने बताया कि वह बेहत शातिर किस्म का है।
पेट्रोल डालकर शव को ही पूरा जला दिया-:
सड़क हादसे में सीएनजी कार में आग लगने के बाद सीमा की मौत बताने के लिए उसने यह सारा षड्यंत्र किया। गला दबाने से हुई मौत और गले में हाथ के निशान को मिटाने के लिए उसने पेट्रोल डालकर उसके शव को ही पूरा जला दिया। जिससे पुलिस को कोई साक्ष्य न मिले वारदात के बाद वह अपने ससुराल वालों और पुलिस को अलग-अलग बात बताता रहा, तभी से उस पर संदेह गहरा गया।
पूरे षड्यंत्र में नीलेश के साथ उसके साथी भी शामिल-:
हत्या और शव को आग लगाने के इस पूरे षड्यंत्र में नीलेश के साथ उसके साथी रामकृष्ण कुर्मी और शुभम कुर्मी भी शामिल थे। उन्हें सारी जानकारी थी, बावजूद इसके उन्होंने पुलिस से यह सारी जानकारी छिपाई।
जिसके चलते पुलिस ने नीलेश के साथ रामकृष्ण व शुभम को भी इस मामले में सह आरोपित बनाया गया है।
ऐसे गहराया पुलिस का शक-:
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सिन्हा ने बताया कि बार-बार डॉक्टर के बदलते बयान और घटना स्थल पर मिले साक्ष्यो के आधार पर पुलिस को हत्या या साजिश का संदेह हुआ।
कार के पहले महिला का शव जला, बाद में कार जली-:
पुलिस ने बताया कि घटना स्थल पर पुलिस को माचिस की तिली मिली। कार में लेटी अवस्था में महिला का शव मिला, जबकि जिंदा महिला को आग लगती तो वह यहां-वहां भागने या बचने के लिए हरकत जरूर करती। आगजनी में कार के पहले महिला का शव जला, बाद में कार जली। आग से जलने के कारण शव का थोड़ा सा जांघ का हिस्सा व कुछ दांत बस बचे थे। इसके अलावा कार गढ़ाकोटा की ओर थी, जबकि उसे सागर की ओर होना चाहिए।
सीएनजी के कारण ब्लास्ट होना बताया-:
आरोपित नीलेश ने पहले कार का एक्सीडेंट बताया, फिर सीएनजी के कारण ब्लास्ट होना बताया, जबकि सीएनजी टेंक साबुत था। निरीक्षण के दौरान कार में पीछे के हिस्से से आग लगने की बात सामने आई। घर के सीसीटीवी फुटेज में घर से निकलते समय के फुटेज डिलीट किए गए।
==============

