झांतला क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक समापन: कांटे की टक्कर में चिकलाना ने मारी बाजी, संघर्षपूर्ण मुकाबले में डोराना रही उपविजेता

रिपोर्टर अर्जुन कुमावत बछोडिया
झांतला क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक समापन: कांटे की टक्कर में चिकलाना ने मारी बाजी, संघर्षपूर्ण मुकाबले में डोराना रही उपविजेता
झांतला/पिपलोदा। ग्राम झांतला में खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से आयोजित 6 दिवसीय क्रिकेट महाकुंभ का बीती शाम भव्य समापन हुआ। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में रोमांच की पराकाष्ठा देखने को मिली, जिसमें चिकलाना की टीम ने डोराना (राजस्थान) को हराकर खिताबी जीत दर्ज की। पूरे आयोजन में चंद्रावत एंड पार्टनर्स की मुख्य भूमिका रही, जिनके द्वारा विजेता खिलाड़ियों और क्षेत्र के पत्रकारों का विशेष सम्मान किया गया।
10 ओवर की पारी में 8 ओवर में ही जीती चिकलाना
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला चिकलाना और डोराना (RJ) के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दौराना की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 107 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में उतरी चिकलाना की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। 10 ओवर की इस पारी में चिकलाना ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए मात्र 8 ओवरों में ही 7 विकेट खोकर 108 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। उपविजेता रही दौराना की टीम ने भी अपने जुझारू खेल से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह, पुरस्कारों का वितरण
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में चंद्रावत एंड पार्टनर्स के मैनेजर हर्षवर्धन सिंह चंद्रावत कालूखेड़ा और बंकट दास बैरागी पूर्व सरपंच (भागरखेड़ी) उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार (चंद्रावत एंड पार्टनर्स की ओर से) और उपविजेता टीम को द्वितीय पुरस्कार (बंकट दास बैरागी की ओर से) प्रदान किया गया।
चंद्रावत एंड पार्टनर्स ने किया पत्रकारों का सम्मान
इस गरिमामयी मंच पर चंद्रावत एंड पार्टनर्स की ओर से क्षेत्र की खबरों को प्रखरता से उठाने वाले पत्रकारों का आत्मीय स्वागत किया गया। पत्रकार पत्रिका कालूखेड़ा के रूपसिंह राठौड़ , राज एक्सप्रेसवे से राकेश मालवीय (कालूखेड़ा) और भारत न्यूज़ 24 के जिला ब्यूरो चीफ अर्जुन कुमावत (बछोड़िया) का चंद्रावत एंड पार्टनर्स द्वारा माला पहनाकर भव्य अभिनंदन किया गया। इस दौरान क्रिकेट समिति झांतला सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण जन मौजूद रहे।


