झारड़ा में गैस माफिया बेखौफ !बस स्टैंड से कॉलोनियों तक अवैध रिफिलिंग का काला खेल

झारड़ा में गैस माफिया बेखौफ !बस स्टैंड से कॉलोनियों तक अवैध रिफिलिंग का काला खेल
नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के झारड़ा में इन दिनों गैस रिफिलिंग का अवैध धंधा पूरे शबाब पर है। बस स्टैंड, वृंदावन कॉलोनी और आसपास के इलाकों में 5 से 7 स्थानों पर खुलेआम घरेलू सिलेंडरों से वाहनों में गैस भरी जा रही है। हैरानी की बात यह है कि यह सब प्रशासन की नाक के नीचे हो रहा है।
930 रु की गैस, ₹1150 में भरकर वसूली
जानकारी के मुताबिक घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत करीब ₹930 है, लेकिन इन्हीं सिलेंडरों से वाहनों में गैस भरकर ₹1150 तक वसूले जा रहे हैं। यानी सुरक्षा से खिलवाड़ भी और जेब पर डाका भी। उपभोक्ताओं से मनमानी दरें वसूलना सीधे तौर पर कानून का उल्लंघन है।
कभी भी हो सकता है बड़ा धमाका
बिना लाइसेंस, बिना सुरक्षा मानकों और बिना किसी अधिकृत मशीनरी के गैस भरना जान-माल का खतरा बना हुआ है जो किसी बड़े हादसे को न्योता देना है। जरा-सी चिंगारी से आगजनी या विस्फोट हो सकता है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान संभव है। स्थानीय लोग इसे “चलता-फिरता बारूद” बता रहे हैं।
पहले भी हुई कार्रवाई, फिर क्यों थमा मामला?
सूत्र बताते हैं कि पूर्व में कुछ स्थानों पर कार्रवाई हुई थी, लेकिन मामला रहस्यमयी तरीके से ठंडा पड़ गया। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर किसके संरक्षण में यह काला कारोबार फल-फूल रहा है?
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल छापेमारी कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अगर समय रहते कदम नहीं उठाया गया तो कोई बड़ा हादसा पूरे इलाके को दहला सकता है।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी जागते हैं या फिर हादसे का इंतजार किया जाएगा।



