पोरवाल सोशल ग्रुप ने गौशाला में सेवा कार्य कर मनाया पुण्यतिथि व वर्षगांठ का उत्सव

पोरवाल सोशल ग्रुप ने गौशाला में सेवा कार्य कर मनाया पुण्यतिथि व वर्षगांठ का उत्सव
मंदसौर। श्री पशुपतिनाथ पोरवाल कपल सोशल ग्रुप मंदसौर के तत्वावधान में सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की गई। समूह के सदस्यों ने स्थानीय 10 नम्बर नाका स्थित श्री गोपाल कृष्ण गौशाला पहुँचकर विभिन्न मांगलिक और पुण्य प्रसंगों पर गौ-सेवा का प्रकल्प पूर्ण किया। इस अवसर पर गौमाता को हरा चारा और गो आहार खिलाकर जीव दया का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दो विशेष प्रसंग रहे। सर्वप्रथम, ग्रुप की सचिव श्रीमती रचना पंकज पोरवाल की वैवाहिक वर्षगांठ के उपलक्ष्य में परिवार दम्पत्ति द्वारा गौशाला में विशेष सेवा प्रदान की गई वहीं मनीष मुजावदिया (बिग बी) द्वारा अपनी स्वर्गीय माताजी श्रीमती गीतादेवी मुजावदिया की पुण्यतिथि के पावन अवसर पर उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने हेतु गौ-आहार दान किया गया।
इस अवसर पर ग्रुप की अध्यक्षा श्रीमती अर्चना प्रदीप घाटिया ने संबोधित करते हुए कहा कि पर्व और स्मृतियों को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर उन्हें सेवा से जोड़ना ही हमारे ग्रुप का मुख्य उद्देश्य है। गौ-सेवा से मन को जो शांति मिलती है, वह अद्वितीय है। सचिव श्रीमती रचना पंकज पोरवाल ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी खुशियों को बेजुबान प्राणियों के साथ साझा करना ही सच्ची मानवता है और हमें अपनी भावी पीढ़ी को भी यही संस्कार देने चाहिए।
गौ-सेवा के इस पुण्य कार्य में पोरवाल समाज के वरिष्ठजन जगदीश चौधरी, मनीष मुजावदिया, गोविन्द मुजावदिया, कोषाध्यक्ष रमा अनिल चौधरी, रक्षित चौधरी, कृष्णकांत मोदी, डॉ आकाश चौधरी, श्रद्धा चौधरी, मनीष सेठिया, दिलीप मुजावदिया, राजेन्द्र घाटिया और जगदीश गुप्ता, दीपमाला मुजावदिया, सुनीता मुजावदिया, महक चौधरी, अनीता गुप्ता और कृष्णा सेठिया आदि ने उपस्थित होकर गौमाता का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।



