अगले 24 घंटों में मध्य प्रदेश के 8 जिलों में छाया रहेगा कोहरा

अगले 24 घंटों में मध्य प्रदेश के 8 जिलों में छाया रहेगा कोहरा
भोपाल। प्रदेश में शुक्रवार को मौसम पूरी तरह शुष्क रहा, लेकिन दिन और रात के तापमान में आए बदलाव ने ठंड का अहसास बढ़ा दिया। राजधानी सहित कई शहरों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि रात का पारा तेजी से लुढ़का है। शुक्रवार को भोपाल में दिन का तापमान 25.4 डिग्री पर पहुंच गया, लेकिन रात के तापमान में दो डिग्री की गिरावट के साथ यह 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । इंदौर में दिन के तापमान में अधिक अंतर नहीं आया, लेकिन रात के तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट के साथ यह 10.9 डिग्री दर्ज किया। प्रदेश में शुक्रवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस खरगोन में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस कटनी जिले के करौंदी में रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई, जबकि दतिया, उज्जैन, सतना, छतरपुर और खजुराहो की सुबह हल्का कोहरे के साथ हुई।
मौसम केंद्र के अनुसार अले 24 घंटों में ग्वालियर, दतिया, भिंड, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में कहीं-कहीं मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
जेट स्ट्रीम हवाओं का प्रदेश में हो रहा असर-:
उत्तरी अफगानिस्तान क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी वायुमंडल में तेज उपोष्ण पछुआ जेट स्ट्रीम हवाओं का असर प्रदेश के मौसम पर बना हुआ है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ बनने की संभावना है। मौसम केंद्र का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि तीन दिन बाद दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो सकती है।


