रक्तदान शिविर में 29 यूनिट रक्त संग्रहित, साथ ही निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का हुआ आयोजन

रक्तदान शिविर में 29 यूनिट रक्त संग्रहित, साथ ही निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का हुआ आयोजन
गोरखपुर पीपीगंज रक्तवीर युवा क्लब गोरखपुर, बापू स्नातकोत्तर महाविद्यालय पीपीगंज और इंडियन बैंक पीपीगंज के संयुक्त तत्वावधान में थैलेसीमिया, ब्लड कैंसर एवं अन्य गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों की मदद के लिए एक भावपूर्ण रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर बापू पी.जी. कॉलेज, पीपीगंज परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें 29 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना अमूल्य योगदान दिया।कई अन्य इच्छुक लोग कम हीमोग्लोबिन या कम वजन के कारण रक्तदान के लिए अयोग्य घोषित किए गए। शिविर में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, स्थानीय युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रक्तदान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान भी चलाया गया। प्रत्येक रक्तदाता को मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।रक्तवीर युवा क्लब के प्रमुख शिवांबुज पटेल (जो गोरखपुर में सीआईडी में कार्यरत हैं) ने शिविर की सफलता में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, “एक यूनिट रक्त से हम तीन लोगों की जिंदगी बचा सकते हैं।” इंडियन बैंक पीपीगंज के मैनेजर आमोद मिश्रा ने इसे समाज में जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम बताया। रक्तवीर युवा क्लब के रविन्द्र सिंह ने बताया कि क्लब पिछले पांच वर्षों से निरंतर ऐसे शिविर आयोजित कर रहा है।बापू पी.जी. कॉलेज की प्राचार्य डॉ. मंजू मिश्रा ने सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और मेडल प्रदान किए। रक्तदाता आदर्श त्रिपाठी ने युवाओं से ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। शिविर में रक्तदाता आकाश मद्देशिया, कुमार गौरव, फकरे आलम, बी.आर.डी. मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ, महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।इसके साथ ही सेंटर फॉर साइट गोरखपुर द्वारा शिविर स्थल पर 125 छात्र-छात्राओं का निःशुल्क नेत्र जांच शिविर भी लगाया गया। डॉ. श्रीकांत प्रसाद और डॉ. शुष्मा चौरसिया ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया तथा उन्हें मेडल देकर सम्मानित किया।यह आयोजन रक्तदान की भावना को मजबूत करने और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हुआ। रक्तवीर युवा क्लब की ऐसी पहलें निरंतर जारी रहेंगी।



