समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 12 जनवरी 2026 सोमवार

////////////////////////////////
सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने कृषि उपज मंडी से कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
कृषि वर्ष 2026 के संबंध में जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि उपज मंडी मंदसौर में संपन्न
मंदसौर 11 जनवरी 2026/ प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को “कृषि वर्ष” के रूप में मनाए जाने के उपलक्ष्य में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम जंबूरी मैदान, भोपाल में आयोजित किया गया, जिसका सीधा प्रसारण कृषि उपज मंडी, मंदसौर में किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन का सीधा प्रसारण बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने देखा एवं सुना। इस अवसर पर सांसद श्री सुधीर गुप्ता, पूर्व विधायक श्री यशपाल सिंह सिसोदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कृषि विभाग के उप संचालक श्री रविंद्र मोदी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में किसान एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने कृषि उपज मंडी, मंदसौर से कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कृषि रथ प्रतिदिन तीन ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेगा तथा एक माह की अवधि में विकासखंड की समस्त ग्राम पंचायतों तक पहुँचेगा।
वर्ष 2026 को “कृषि वर्ष” के रूप में मनाए जाने के अंतर्गत कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों जैसे पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन आदि में नवीन एवं वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी किसानों तक पहुँचाने तथा किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों के मध्य सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जायद, खरीफ एवं रबी फसलों की बुआई से एक माह पूर्व प्रत्येक विकासखंड में एक-एक कृषि रथ संचालित किया जाएगा।
कृषि रथ के मुख्य आधार स्तंभ
जैविक खेती एवं प्राकृतिक कृषि क्षेत्रों का विस्तार, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना का प्रचार-प्रसार, एकीकृत पोषक तत्व, कीट एवं रोग प्रबंधन, कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के उपाय, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देना, विभागीय कृषि योजनाओं का प्रचार-प्रसार, प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना, ई-विकास प्रणाली अंतर्गत ई-टोकन, उर्वरक वितरण व्यवस्था, पराली प्रबंधन।
ग्राम स्तरीय गतिविधियाँ एवं तकनीकी दल
कृषि रथ के माध्यम से ग्राम स्तर पर विभिन्न गतिविधियाँ एवं कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक कृषि रथ के साथ एक तकनीकी दल रहेगा, जिसमें कृषि विभाग के वर्ग-2 स्तर के एक अधिकारी को तकनीकी दल प्रभारी बनाया जाएगा। साथ ही दल में कृषि विज्ञान केंद्र/कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ एवं एक प्रगतिशील कृषक को भी शामिल किया जाएगा। कृषि रथ के ग्रामों में पहुँचने से 3–4 दिन पूर्व वातावरण निर्माण एवं व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
ऑनलाइन मॉनीटरिंग व्यवस्था
कृषि रथ की गतिविधियों की ऑनलाइन दैनिक मॉनीटरिंग के लिए विकासखंड स्तर पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी तथा जिला स्तर पर उप संचालक कृषि जिम्मेदार होंगे, जो प्रतिदिन फीडिंग के माध्यम से विभाग को जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
==================
=====
प्रति मंगलवार जनसुनवाई के साथ होगी जल सुनवाई
जल संबंधी शिकायतों का होगा त्वरित समाधान
मंदसौर 11 जनवरी 2026/ जिला प्रशासन द्वारा जिले में आम नागरिकों की जल संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से प्रति मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई के साथ अब *जल सुनवाई* भी आयोजित की जाएगी।
इस *जल सुनवाई* में आम नागरिक अपनी जल से संबंधित शिकायतें लेकर उपस्थित हो सकते हैं। जल आपूर्ति, पेयजल, नल कनेक्शन, जल स्तर, पाइपलाइन, टंकी, हैंडपंप सहित अन्य जल संबंधी समस्याओं की सुनवाई कर उनका शीघ्र निराकरण किया जाएगा।
जल सुनवाई के माध्यम से नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के साथ‑साथ वार्ड एवं पंचायत स्तर की जल संबंधी शिकायतों का भी समाधान किया जाएगा। संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जल संबंधी किसी भी समस्या के समाधान हेतु प्रति मंगलवार आयोजित जनसुनवाई में उपस्थित होकर जल सुनवाई का लाभ लें।
===============
नवांकुर संस्था की बगुनिया में बैठक संपन्न
गरोठ। मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद मन्दसौर की चयनित नवांकुर संस्था ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बघुनिया द्वारा संस्था के खड़ावदा सेक्टर में आदर्श ग्राम ढलमू में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की बैठक आयोजित किया गई । जिसमे ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान में होने वाले कार्यक्रम परिवार संपर्क /खेल कूद स्पर्धा /प्रतिभा सम्मान परामर्श सत्र , रंगोली/स्वच्छ घर अभियान/नदी तटों की सफाई/बावड़ी सफाई /सामूहिक श्रमदान , नशा मुक्ति/सांस्कृतिक /कलात्मक स्पर्धा/पुरस्कार वितरण ,युवा रेली /योग ध्यान प्रदर्शन /नाट्य प्रदर्शन संकीर्तन,जैविक कृषि प्रशिक्षण की जानकारी प्रदान की गई । चयनित आदर्श ग्राम ढलमू में समिति सदस्यों व ग्राम वासियों की सामूहिक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें नवांकुर संस्था के कार्यक्रम समन्वयक कमलेश कुमार चौधरी बघुनिया का उपस्थित ग्राम वासियों से सामूहिक जनसहयोग व सहभागिता की बात की गई ।
============


पेयजल सप्लाय के समय वाल मेन व प्लम्बरों को वार्ड में भ्रमण करना चाहिए- इष्टा भाचावत
मंदसौर। पेयजल को लेकर इंदौर में भीषण त्रासदी हुई ऐसी समस्या मंदसौर शहर में न हो इसलिए शहर में जब भी पेयजल की सप्लाई हो उस समय पर वाल खोलने वाला व क्षेत्रीय प्लम्बर अपने – अपने वार्ड में भ्रमण करें।
उक्त मांग शहर ब्लाक काग्रेस अध्यक्ष सुश्री इष्टा भाचावत ने कलेक्टर अदिति गर्ग व प्रभारी सीएमओ अनिता चोकोटिया से प्रेस नोट के माध्यम से मांग करते हुए कहा कि शहर में जब पेयजल की सप्लाई होती है कई जगहों पर पाइप फूटी होने व लीकेज होने से कम प्रेशर एवं गन्दे पानी आदि की कई समस्याओं का पता लगाया जा सकता है क्षेत्र नागरिकों से लगातार संवाद कर इस प्रकार छोटी – छोटी समस्या का तत्काल पता लगाकर उसका समाधान किया जा सकता है।
सुश्री भाचावत ने आगे कहा कि नगर के गौल चौराहा में डॉ. पमनानी गली के अंत दवा बाजार की तरफ पिछले एक महीने से पेयजल सप्लाय की पाइप लाइन फूटी सप्लाय के समय पानी व्यर्थ बहता रहता है लेकिन अब तक नपा द्वारा उसकी सुध नहीं ली गई है ऐसी कई समस्यां कई वार्डो में है। इसलिए वाल मेन व प्लम्बर को नपा निर्देशित करें कि पेयजल के समय अपने – अपने क्षेत्र में भ्रमण भी करे और सतत मॉनिटरिंग करें और क ही भी कुछ गलत दिखने पर अपने उच्च अधिकारियों को तत्काल सुचित करे।



