समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 23 जनवरी 2026 शुकवार

मंदसौर- नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता प्रीतेश चावला जलकार्य सभापति श्री निलेश जैन सीएमओ श्रीमती अनीता चौकोटिया ने बताया कि अमृत 2.0 योजना अंतर्गत लगभग 11 करोड रुपए की लागत से रामघाट परिसर में बनने वाले नवीन फिल्टर प्लांट, नगर में बिछाई जाने वाली डिस्ट्रीब्यूशन पाइप लाइन एवं पेयजल टंकिया का भूमि पूजन आज दिनांक 23 जनवरी 2026 शुक्रवार को प्रातः 10:30 बजे होने जा रहा है इस भूमि पूजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा,लोकसभा सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद की बंशीलाल गुर्जर होंगे कार्यक्रम के वरिष्ठ अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष पंडित राजेश दीक्षित, पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री यशपाल सिंह सिसोदिया, भाजपा नेता पारस मावर भाजपा नेता विजय अटवाल भाजपा मंदसौर उत्तर मंडल अध्यक्ष श्री अरविंद सारस्वत दक्षिण मंडल अध्यक्ष श्री विनोद डगवार होंगे मंदसौर नगर एवं जिलों के गणमान्य नागरिकों से आग्रह है कि वह इस कार्यक्रम में शामिल होवे, इस आशय की अपील जलकार्य समिति सदस्यगण कमलेश सिसोदिया, गोवर्धन कुमावत, सुनीता भावसार , सुनीता गुजरिया, माया नीलम चंद भावसार ने की है===========
मंदसौर में 2 फरवरी को निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन
मंदसौर। जीसीएस हॉस्पिटल अहमदाबाद के अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मंदसौर में एक निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर सोमवार, 2 फरवरी 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा। शिविर नंद सेवा संकल्प समिति मंदसौर श्रीमहर्षि सेवा संस्था मंदसौर एवं अनामिका जन कल्याण सेवा समिति मंदसौर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। शिविर का आयोजन स्वर्गीयश्री प्रदीप छोगमल खिंदावत (जैन), संजीत की प्रथम पुण्य स्मृति में किया जा रहा है। शिविर का आयोजन स्थल श्री पशुपतिनाथ एसोसिएट्स, शक्कर कुईया कॉम्प्लेक्स, दवा बाजार, मंदसौर रहेगा। प्रेस को जारी जानकारी देते हुऐ नंद सेवा संकल्प समिति अध्यक्ष दयाराम चौहान ने बताया कि शिविर में जीसीएस हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जनरल सर्जरी, हड्डी रोग (ऑर्थाेपेडिक), हृदय रोग (कार्डियोलॉजी), मूत्र रोग (यूरोलॉजी) एवं कान, नाक एवं गला (ईएनटी) से संबंधित रोगों की निःशुल्क जांच एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा। शिविर के दौरान पेट, पित्ताशय, किडनी, प्रोस्टेट, हड्डी-जोड़ दर्द, घुटना प्रत्यारोपण, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, मूत्र मार्ग की समस्याएं, पथरी, प्रोस्टेट विकार, साइनस, थायरॉइड सहित कान-नाक-गला से जुड़ी बीमारियों की जांच की जाएगी। कुछ रोगों में बिना ऑपरेशन आधुनिक तकनीकों से उपचार की जानकारी भी दी जाएगी। शिविर मे दवाइयां निः शुल्क वितरीत की जायेगी। आयोजकों ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर का लाभ उठाएं। शिविर में पंजीयन एवं अधिक जानकारी हेतु आप 7987096619, 9981590661, 9425416354 पर सम्पर्क कर सकते है।
===========
देहरी में 24 जनवरी को होगा नेत्र रोग निदान एवं लैंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन
मंदसौर, देहरी में 24 जनवरी शनिवार को आर्य समाज देहरी के तत्वावधान में 22वां निःशुल्क नेत्र रोग निदान एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन श्री लाभमुनि जन सेवा ट्रस्ट मंदसौर द्वारा किया जा रहा है। इसमें श्री राम मारुति यज्ञ समिति व ग्राम पंचायत का भी विशेष सहयोग रहेगा। यह शिविर ग्राम पंचायत भवन देहरी में शनिवार को सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक चलेगा। समाजसेवी नानालाल शर्मा ने बताया कि शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की आंखों की जांच की जाएगी। जांच के बाद जिन रोगियों का चयन ऑपरेशन के लिए किया जाएगा, उनके लिए लैंस प्रत्यारोपण की पूरी व्यवस्था निःशुल्क रहेगी। चयनित मरीजों को लेंस, आवश्यक दवाइयां, काला चश्मा, भोजन और आवास की सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही मरीजों की ब्लड प्रेशर जांच भी की जाएगी, ताकि किसी प्रकार का जोखिम न रहे। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के लिए मरीजों को अस्पताल तक ले जाने और वापस लाने की व्यवस्था भी संस्था द्वारा की जाएगी। आयोजकों ने ग्रामीण क्षेत्र के नेत्र रोग से पीड़ित लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं।
============
सीतामऊ में 29 से 31 जनवरी तक तीन दिवसीय द्वितीय साहित्य महोत्सव का होगा आयोजन
महोत्सव में ‘नेचर सेंसस’ का होगा विमोचन
प्रेस वार्ता में कलेक्टर ने दी पत्रकारों को विस्तृत जानकारी
मंदसौर 22 जनवरी 26/ आगामी 29 से 31 जनवरी 2026 तक द्वितीय सीतामऊ साहित्य महोत्सव का आयोजन सीतामऊ स्थित नटनगर शोध संस्थान में किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने पत्रकारों को महोत्सव के उद्देश्य, गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने बताया कि सीतामऊ में आयोजित यह साहित्य महोत्सव “नॉलेज कुंभ” के रूप में विकसित हो रहा है। यह आयोजन सभी के लिए पूर्णतः खुला है। महोत्सव के माध्यम से इतिहास, संस्कृति, साहित्य, कला एवं स्थानीय विरासत पर विशेष फोकस किया गया है। यह आयोजन इतिहास, साहित्य एवं कला का एक समागम है, जिससे शोध एवं ज्ञान के प्रचार-प्रसार को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत नेचर वॉक, रिवर सफारी, बर्ड वॉचिंग, जंगल सफारी जैसी प्रकृति आधारित गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। बच्चों के लिए विशेष गतिविधियाँ रखी गई हैं। पर्यटन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अलग-अलग दिनों में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। कवियों के साथ-साथ इतिहासकारों, पर्यावरणविदों एवं प्रेस जगत से जुड़े विशिष्ट व्यक्तियों की सहभागिता रहेगी।
कलेक्टर ने कहा कि स्थानीय कवियों एवं स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा रहा है। 30 जनवरी की शाम को भव्य कवि सम्मेलन आयोजित होगा। महोत्सव के माध्यम से देश-प्रदेश के लोगों को सीतामऊ की साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत से रूबरू कराया जाएगा तथा स्थानीय हस्तियों को भी प्रमोट किया जाएगा। इसमें कोई भी व्यक्ति अपनी रुचि एवं अभिरुचि के अनुसार सहभागिता कर सकता है।
उन्होंने बताया कि स्कूल के बच्चों के माध्यम से तारामंडल संबंधी गतिविधियाँ आयोजित होंगी। विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिनमें पुस्तकें, पेंटिंग, दुपट्टे, रुमाल, स्थानीय उत्पाद एवं खाद्य सामग्री उपलब्ध रहेगी। इस महोत्सव में पहली बार “नेचर सेंसस” का विमोचन किया जाएगा। साथ ही पुराने समय में मंदसौर में आयोजित हुए साहित्य महोत्सवों से संबंधित एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
इस वर्ष के आयोजन के प्रमुख वक्ता
तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध अभिनेता, संगीतकार एवं वेब सीरीज पंचायत में ‘प्रधान जी’ के लोकप्रिय किरदार के लिए प्रसिद्ध श्री रघुबीर यादव द्वारा की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रमुख वक्ताओं में श्री संजीव सान्याल (अर्थशास्त्री एवं लेखक), पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा (कवि, लेखक एवं हास्यकार), पद्मश्री ज्ञान चतुर्वेदी (कवि एवं व्यंग्यकार), श्री आलोक श्रीवास्तव (कवि एवं लेखक), श्री मीर रंजन नेगी (भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व गोलकीपर), श्री विवेक चतुर्वेदी (कवि एवं लेखक), श्री राजेश कुमार, निदेशक आईसीएचआर (इतिहासकार) श्री रविंद्र कुमार शर्मा, विभागाध्यक्ष, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (इतिहासकार), श्री जेरी पिंटो (साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता लेखक), रुबीका लियाकत (पत्रकार), श्री रज़ा काज़मी (पर्यावरणविद्) वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
गतिविधियाँ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
तीन दिनों के दौरान विविध एवं रोचक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें— चंबल नदी सफारी (पक्षी अवलोकन एवं मगरमच्छ दर्शन), अफीम एवं क्विनोआ क्षेत्र का भ्रमण, सीतामऊ किले में विरासत भ्रमण, सीतामऊ किले एवं वेव्स क्लब बसई में सांस्कृतिक कार्यक्रम, शहनाई वादन, तबला वादन,
जासु मंगानियार एवं समूह की प्रस्तुति,
कबीर स्टूडियो (कबीर परिहार एवं समूह) द्वारा लाइव संगीत प्रस्तुति दी जाएगी। कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने जिलेवासियों, साहित्यप्रेमियों एवं पर्यटकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस तीन दिवसीय साहित्य महोत्सव में सहभागिता कर सीतामऊ की समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत का अनुभव करें।
============
मंत्री सुश्री भूरिया की वर्ल्ड बैंक अधिकारियों के साथ बैठक हुई
मंदसौर 22 जनवरी 26/ महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया की अध्यक्षता में वर्ल्ड बैंक के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में महिला सशक्तिकरण, पोषण, बाल विकास तथा सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उनके प्रभाव पर विस्तृत चर्चा हुई।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने वर्ल्ड बैंक के सहयोग से संचालित परियोजनाओं को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। बैठक में पोषण अभियान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, किशोरी बालिकाओं के सशक्तिकरण, क्षमता निर्माण एवं नवाचारों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
वर्ल्ड बैंक के अधिकारियों ने राज्य सरकार द्वारा सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा तकनीकी सहयोग, और भविष्य की कार्य-योजनाओं को लेकर अपने सुझाव साझा किए। उन्होंने राज्य के साथ निरंतर समन्वय एवं सहयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
बैठक में विभागीय सचिव श्रीमती जीवी रश्मि, उप सचिव श्रीमती माधवी नागेंद्र, आयुक्त श्रीमती निधि निवेदिता, वर्ल्ड बैंक की दक्षिण एशिया की प्रैक्टिस मैनेजर, सुश्री अपर्णा सोमनाथन, सीनियर हेल्थ स्पेशलिस्ट सुश्री दीपिका चौधरी, साउथ एशिया रीजन के लीड हेल्थ स्पेशलिस्ट श्री सोमिल नागपाल एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
==============
26 जनवरी को रहेगा शुष्क दिवस
मंदसौर 22 जनवरी 26/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) को शुष्क दिवस घोषित किया गया हैं। गणतंत्र दिवस पर जिले की समस्त देशी/विदेशी मदिरा दुकाने/गोदाम/एफएल-3 (होटल बार) एवं मद्यभण्डागार बंद रखे जायेंगे। शुष्क दिवस पर सम्पूर्ण जिले में मदिरा एवं परिवहन का क्रय-विक्रय भी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
========
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा 23 जनवरी को करेंगे विभिन्न कार्यों का भूमि पूजन व लोकार्पण
मंदसौर 22 जनवरी 26 / अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल द्वारा बताया गया कि उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा 23 जनवरी 2026 को विभिन्न कार्यों का भूमि पूजन करेंगे।
तय कार्यक्रम अनुसार उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा 23 जनवरी 2026 को रामघाट मंदसौर में प्रात: 10:30 बजे नवीन पेयजल फिल्टर प्लांट का भूमि पूजन करेंगे। प्रात: 11:30 बजे ग्राम हरसोल में नारायगण से हरसोल मार्ग का लोकार्पण एवं झार्डा से किशनगढ़ पहुंच मार्ग का लोकार्पण करेंगे। दोपहर 01:30 बजे ग्राम अरनियादेव में अरनियादेव से लसुडिया कदमाला मार्ग का भूमि पूजन करेंगे। तत्पश्चात दोपहर 03:30 बजे ग्राम सुठोद में सुठोद से नारायगण मार्ग का भूमि पूजन करेंगे एवं पुराना शहर मार्ग नारायणगढ़ से मुन्देड़ी मार्ग का भूमि पूजन करेंगे।
===========
जिला पोषण समिति की बैठक 23 जनवरी को आयोजित होगी
मंदसौर 22 जनवरी 26 / महिला एवं बाल विकास विभाग जिला परियोजना अधिकारी बी. एल. विश्नोई द्वारा बताया गया कि जिला पोषण समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में 23 जनवरी 2026 को समय 11 बजे सुशासन भवन सभाग्रह में आयोजित की होगी।
============
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के अधिकारियों को भोपाल में किया जाएगा सम्मानित
मंदसौर 22 जनवरी 26 / उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बताया गया कि मंदसौर जिले की निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्रीमती स्वाति तिवारी, विधानसभा क्षेत्र 225 मल्हारगढ़ द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 में उत्कृष्ट कार्य कर उज्जैन संभाग में प्रथम स्थान पर रही है एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री रामलाल मुनिया , विधानसभा क्षेत्र 226 सुवासरा के द्वारा उत्कृष्ट कार्य किया गया है । जिससे जिले के दोनो अधिकारी को 25 जनवरी 2026 को 16 वे राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर मुख्यालय स्तर के कार्यक्रम में महामहिम राज्यपाल द्वारा कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर भोपाल में सम्मानित किया जाएगा।
===========
राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 5 मैत्री कार्यकर्ता 26 जनवरी को नई दिल्ली में होंगे सम्मानित
मंदसौर 22 जनवरी 26/ पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपसंचालक द्वारा जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम (चतुर्थ चरण) वर्ष 2025-26 के अंतर्गत मंदसौर जिले के 5 प्राइवेट मैत्री कार्यकर्ताओं द्वारा उत्कृष्ट कार्य किया गया है। कलेक्टर एवं अध्यक्ष (राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम) तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में इन कार्यकर्ताओं ने सर्वाधिक कृत्रिम गर्भाधान कार्य कर भारत पशुधन ऐप (Bharat Pashudhan App) पर ऑनलाइन डेटा एंट्री की है।
इनके कार्य पशुपालन क्षेत्र में प्रेरणास्रोत बने हैं तथा पशुधन संवर्धन एवं दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के संकेत मिले हैं। उत्कृष्ट कार्य के फलस्वरूप भारत सरकार द्वारा वर्ष 2026 में नई दिल्ली में आयोजित 26 जनवरी गणतंत्र दिवस परेड कार्यक्रम में जिले के 5 प्राइवेट मैत्री कार्यकर्ताओं को (सह-पत्नी) सम्मिलित होने हेतु आमंत्रित किया गया है।
सम्मानित होने वाले मैत्री कार्यकर्ताओं में
श्री दिलीप परमार, श्री जुझारलाल मालवीय, श्री नारायणसिंह, श्री दिलीप कुमावत एवं श्री किशोर कुमार प्रजापत शामिल हैं। गणतंत्र दिवस परेड कार्यक्रम के दौरान भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री द्वारा इन कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा।
इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुकूल जैन ने मैत्री कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए पशुपालन क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
==========
पेट्रोल पंप के सामने अवैध पार्किंग से बिगड़ी रहवासी आमजन परेशान, यातायात बाधित हो रहा
मंदसौर। पुलिस यातायात थाने के पास मॉर्डन पेट्रोल पंप के सामने स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (सीबीआई) शाखा के बाहर अवैध पार्किंग से आमजनता परेशान है। यहां पार्किंग का अब नियम नहीं, बल्कि रोज़ का तमाशा बन चुकी है। सड़क को निजी पार्किंग में बदल दिया गया है और जिम्मेदार विभाग आंखों पर पट्टी बांधे बैठे हैं। नतीजा-रॉयल रेसिडेंसी के रहवासी त्रस्त हैं और स्कूली बच्चे सड़क पर उतरने को मजबूर।
हालात इतने बदतर हैं कि कॉलोनी के भीतर स्कूल वाहन तक घुस नहीं पा रहे, बच्चों को व्यस्त मुख्य मार्ग पर ही उतारना पड़ रहा है। यह सीधे-सीधे बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ है। बैंक और पेट्रोल पंप पर आने वाले वाहन मनमानी पार्किंग कर सड़क को संकरा कर देते हैं, जिससे हर वक्त जाम लगा रहता है। आपातकालीन वाहन भी फंस जाएं तो जिम्मेदारी किसकी?
सवाल यह है कि नगर पालिका और ट्रैफिक पुलिस आखिर किस हादसे का इंतज़ार कर रही है? क्या व्हाइट मार्किंग, नो-पार्किंग ज़ोन और चालानी कार्रवाई सिर्फ कागज़ों के लिए हैं? रहवासियों की शिकायतें हवा में उड़ रही हैं और प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
रॉयल रेसिडेंसी के लोगों ने चेताया है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे जनसुनवाई और सी,म हेल्पलाइन के साथ-साथ आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। अब देखना यह है कि प्रशासन जागता है या फिर किसी अनहोनी के बाद ही नियम याद आएंगे।
==========



