तुम्बड़ नदी उद्गम स्थल पर कलेक्टर अदिति गर्ग का निरीक्षण

गंगोत्री हरित परियोजना में लगाया 1300 पौधों का लिया जायज़ा, पौध-रक्षक का सम्मान

कुचड़ौद। तुम्बड़ नदी, जो निपानिया (अफजलपुर) की राजस्व सीमा में उद्गमित होती है, उसके उद्गम स्थल पर गंगोत्री हरित परियोजना के तहत किए गए व्यापक पौधारोपण का जिला कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग ने गुरुवार को निरीक्षण किया। यहां प्रथम चरण में 1300 फलदार व छायादार पौधे रोपे गए हैं।कलेक्टर गर्ग के साथ जिला पंचायत सीईओ श्री अनुकूल जैन, जनपद पंचायत सीईओ श्री धर्मेंद्र यादव, तकनीकी विभाग के अधिकारी, धुंधड़का टप्पा नायब तहसीलदार श्री रोहित सिंह राजपूत सहित प्रशासनिक टीम मौजूद रही।उद्गम स्थल को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर– कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने पौधों की स्थिति की समीक्षा करते हुए पौधों को बड़ा करने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और पूरे उद्गम क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह स्थल धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है, इसलिए ग्राम पंचायत व ग्रामीण मिलकर इसे स्वच्छ व आकर्षक बनाए रखें।सीईओ जिला पंचायत श्री जैन ने बताया कि ग्राम पंचायत ने प्रशासन के सहयोग से करीब 12 बीघा अतिक्रमण हटाकर तार फेंसिंग व जाली लगाई है, जिससे पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।
पंचायत मंत्री ने की थी पहल- उल्लेखनीय है कि प्रदेश के पंचायत मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने यहां अभिषेक–पूजन कर नदी को पुनर्जीवित करने का अभियान प्रारंभ किया था। उसी क्रम में प्रथम चरण में 1300 पौधों का रोपण किया गया।
पौध-रक्षक का सम्मान, कलेक्टर ने भी किया पौधारोपण- ग्राम पंचायत निपानिया (अफजलपुर) में अपने प्रथम आगमन पर सरपंच श्रीमती सरिता बापुलाल डांगी ने कलेक्टर महोदया का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। उद्गम स्थल की दिन–रात देखरेख करने वाले पौध-रक्षक गोवर्धनलाल डांगी को भी कलेक्टर ने सम्मानित किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर महोदया ने स्वयं भी पौधारोपण किया।
कदम वृक्ष से बढ़ी उद्गम स्थल की महिमा- यहां मौजूद कदम वृक्ष के कारण उद्गम स्थल की महिमा क्षेत्र में तेजी से फैल रही है। ग्रामवासियों ने यहां श्रीकृष्ण मंदिर व तुम्बड़ मैया मंदिर निर्माण का संकल्प भी लिया है, जिससे यह स्थान भविष्य में पर्यटक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बन सकेगा।इस अवसर पर सरपंच श्रीमती सरिता बापू लाल डांगी, सचिव जगदीश धाकड़, शिवनारायण वृतिया, सहायक सचिव मुकेशदास बैरागी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



