69 वीं राज्य स्तरीय शालेय बास्केटबॉल प्रतियोगिता सीतामऊ में संपन्न: उज्जैन और भोपाल ने जीता स्वर्ण

69 वीं राज्य स्तरीय शालेय बास्केटबॉल प्रतियोगिता सीतामऊ में संपन्न: उज्जैन और भोपाल ने जीता स्वर्ण
सीतामऊ। जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग मन्दसौर द्वारा सीतामऊ के श्रीराम उत्कृष्ठ उच्च मा. विद्यालय प्रांगण में आयोजित 69वीं राज्य स्तरीय शालेय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन 23 नवम्बर को क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री, मध्य प्रदेश शासन, श्री हरदीपसिंह डंग की उपस्थिति में हुआ।
पाँच दिवसीय यह प्रतियोगिता 19 नवम्बर से प्रारम्भ हुई थी, जिसमें प्रदेश के आठ संभागों—उज्जैन, इन्दौर, भोपाल, रीवा, शहडोल, जबलपुर, नर्मदापुरम और सागर—के 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 220 बालक-बालिकाओं ने अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में उज्जैन और भोपाल ने किया वर्चस्व स्थापित – फाइनल मुकाबलों के बाद परिणाम घोषित किए गए, जिसमें बालक वर्ग में उज्जैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। जबलपुर को रजत पदक से संतोष करना पड़ा, जबकि नर्मदापुरम की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया।
बालिका वर्ग में भोपाल की टीम प्रथम स्थान पर रही और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ग्वालियर ने रजत पदक जीता, जबकि इन्दौर की टीम कांस्य पदक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रही।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मध्य प्रदेश के श्री हरदीपसिंह डंग ने सभी विजेता, उपविजेता टीमों और भाग लेने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा, “खेलों में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए दिमाग के साथ समय का भी महत्वपूर्ण योगदान रहता है। जिसमें अहंकार का भाव होता है, वह कभी आगे नहीं बढ़ सकता।”
उन्होंने आयोजकों, पत्रकारों और प्रतियोगिता से जुड़े सभी पदाधिकारियों की प्रशंसा की। इस अवसर पर श्री डंग ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए खेल ग्राउंड पर नेट लगाने की घोषणा भी की। उन्होंने विश्वास जताया कि इन्हीं खिलाड़ियों में से राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी चयनित होंगे और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।समापन समारोह के
मंच पर नगर परिषद अध्यक्ष मनोज शुक्ला, जनपद उपाध्यक्ष जितेन्द्रसिंह चौहान, जिला योजना समिति के सदस्य अनिल पांडे, भाजपा मण्डल अध्यक्ष जितेंद्र बामनिया, जिला भाजपा मंत्री सुशीला राठौर, सीतामऊ भाजपा मंडल महामंत्री प्रशांत चतुर्वेदी, अजीत तातेड़ सहित कई गणमान्य व्यक्ति मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का प्रारम्भ सरस्वती वंदना से हुआ। जिला क्रीड़ा अधिकारी बारीवाल ने प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी दी, और जिला शिक्षा अधिकारी सु श्री टेरेसा ने अतिथियों का स्वागत किया। श्री जे. के. पब्लिक स्कूल के छात्रों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।
समारोह में अनिल पांडे, जितेंद्र सिंह चौहान और ग्वालियर टीम के मैनेजर दुबे ने भी अपने विचार व्यक्त किए। नगर के पैरामाउट स्कूल, विवेकानंद हाईस्कूल, श्री जे.के. पब्लिक स्कूल और संदीपरी विद्यालय को मेमेन्टो प्रदान किया गया, साथ ही संभागीय स्कूल के मैनेजर्स और सीतामऊ बास्केटबॉल क्लब के पदाधिकारियों को भी पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्राचार्य अशोक रत्नावत ने किया तथा आभार राजीव त्रिपाठी ने व्यक्त किया।


