घटनामध्यप्रदेशराजगढ़

राजगढ़ जिले के पीपलोदी रोड पर ट्रैक्टर ट्राली पलटने से राजस्थान के झालावाड़ जिले के 13 लोगों की मृत्यु

 

ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 13 बारातियों की मौत, 40 घायल:लाशों को निकालने के लिए जेसीबी मंगवानी पड़ी, शवों को देखकर दूल्हा बेहोश हुआ

राजगढ़ -ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 13 बारातियों की मौत हो गई। इसमें 3 महिलाएं और 3 बच्चे भी शामिल हैं। 40 अन्य बाराती घायल हुए हैं। लाशों को निकालने के लिए मौके पर जेसीबी मंगानी पड़ी। झालावाड़ (राजस्थान) से बारात मध्य प्रदेश के राजगढ़ जा रही थी। इसी दौरान राजगढ़ (मध्य प्रदेश) जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर पीपलोदी के पास भीषण हादसा हुआ। दुर्घटना का कारण ड्राइवर का नशे में होना बताया जा रहा है। रविवार रात करीब 9 बजे यह हादसा हुआ। इधर, दूल्हे के गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।

MP के राजगढ़ गई थी झालावाड़ के तातूड़िया परिवार की बारात

झालावाड़ एडिशनल एसपी चिरंजी लाल मीणा ने बताया- झालावाड़ जिले के जावर इलाके के मोतीपुरा से ट्रैक्टर-ट्रॉली में तातूड़िया परिवार की बारात राजगढ़ (मध्य प्रदेश) स्थित कालीपेट इलाके के कमालपुर (देहरीनाथ पंचायत) जा रही थी। राजगढ़ (MP) के खामखेड़ा से कुछ दूरी पर पिपलौदी मोड़ पर ट्रैक्टर सड़क से उतरकर खाई में जा गिरा और पलट गया। ट्रैक्टर में 60 से 65 बाराती सवार थे। सभी घायल और मृतक राजस्थान के झालावाड़ और बारां जिले के रहने वाले हैं। दूल्हा बाइक से आगे निकल गया था। पूरे मामले में जिला कलेक्टर और एसपी मौके पर नजर बनाए हैं। राजगढ़ के SP ने बताया कि झालावाड़ पुलिस से संपर्क किया गया है। घटना की पूरी जानकारी दे दी गई है।

हादसे में इन 13 लोगों की हुई मौत

1. बरजी बाई (50) पति राधेश्याम कतोरिया, निवासी दीगोद जागीर, थाना हरनावादा, जिला बारां, राजस्थान

2. राधा (20) पति प्रकाश कतोरिया, निवासी मोतीपुरा, थाना जावर, जिला झालावाड़, राजस्थान

3. रामकली (25) पति राजकुमार कतोरिया, निवासी भगवतपुरा, थाना छीपाबड़ौद, जिला बारां, राजस्थान

4. रूपा (22) पति बृजेश कतोरिया, निवासी मोतीपुरा, थाना जावर, जिला झालावाड़, राजस्थान

5. बादाम बाई (70) पति नारायण कतोरिया, निवासी गजवाड़ी, थाना जावर, जिला झालावाड़, राजस्थान

6. शिवम (12) पिता कालू लाल कतोरिया, निवासी मोतीपुरा, थाना जावर, जिला झालावाड़, राजस्थान

7. आकाश (5) पिता ब्रजेश कतोरिया, निवासी मोतीपुरा, थाना जावर, जिला झालावाड़, राजस्थान

8. अभी (3) पिता राजकुमार कतोरिया, निवासी भगवतपुरा, थाना छीपाबड़ौद, जिला बारां, राजस्थान

9. रामदयाल (9) पिता राम चरण कतोरिया, निवासी मोतीपुरा, थाना जावर, जिला झालावाड़, राजस्थान

10. अरविंद (12) पिता चतुरलाल कतोरिया, निवासी भगवतपुरा, थाना छीपाबड़ौद, जिला बारां, राजस्थान

11. विशाल (18) पिता रामलाल कतोरिया, निवासी भगवतपुरा, थाना छीपाबड़ौद, जिला बारां, राजस्थान

12. सुनील (20) पिता रामबाबू कतोरिया, निवासी भगवतपुरा, थाना छीपाबड़ौद, जिला बारां, राजस्थान

13. रामपाल (20) पिता भूरालाल कतोरिया, निवासी भगवतपुरा, थाना छीपाबड़ौद, जिला बारां, राजस्थान

बारात में शामिल ममता नाम की महिला ने बताया कि झालावाड़ (राजस्थान) के मोतीपुरा से जा रही थी। ड्राइवर ने शराब पी रखी थी।

मौके पर मची चीख-पुकार

हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने रेस्क्यू शुरू किया और घायलों को हॉस्पिटल भेजने में मदद की। ट्रॉली पूरी तरह पलट गई थी। पहिए ऊपर हो गए थे। जेसीबी से ट्रॉली को सीधा कर उसके नीचे दबे लोगों को निकाला गया। हादसे में 40 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें राजगढ़ के जिला अस्पताल लाया गया। गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है।

लाशें देखकर दूल्हे की तबीयत बिगड़ी

बारातियों की लाशें देखकर दूल्हें की तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

एक साथ बड़ी संख्या में पहुंचे घायलों से हॉस्पिटल में भी अफरा-तफरी का माहौल हो गया। एक-एक बेड पर दो-दो मरीजों को रखना पड़ा।

उल्टी हो गई ट्रॉली, जेसीबी से दबे लोगों को निकाला

हादसा कितना भयावह था कि ट्रॉली पूरी उल्टी हो गई। उसके चारों पहिए ऊपर हो गए थे। ट्रॉली के नीचे कई लोग दब गए थे। जेसीबी से ट्रॉली को सीधा कर उसके नीचे दबे लोगों को निकाला गया।

हादसे पर MP के CM डॉ. मोहन यादव ने जताया दुख

सीएम डॉ. मोहन यादव ने राजगढ़ के पीपलोदी में हुए हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान के झालावाड़ जिले के 13 लोगों की असमय मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। हम राजस्थान सरकार के संपर्क में हैं और राजस्थान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। राज्यमंत्री नारायण सिंह जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और उनके इलाज के निर्देश दिए। कलेक्टर हर्ष दीक्षित और एसपी आदित्य मिश्रा भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से हादसे को लेकर जानकारी ली।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}