रबी फसलों की बुवाई पर पानी का संकट, कुओं के भरोसे किसान; सिंचाई में लग रहे दो से तीन दिन

रबी फसलों की बुवाई पर पानी का संकट, कुओं के भरोसे किसान; सिंचाई में लग रहे दो से तीन दिन
पालसोड़ा -नीमच जिले के अंतर्गत आने वाला गांव पालसोड़ा में कम बारिश के कारण खेतों में नहीं बची पर्याप्त नमी, कई किसानों ने नहीं की खेतों में रबी फसलों की बुवाई, नदी-नाले भी सूखने की कगार पर पालसोड़ा क्षेत्र में कई किसानों ने पानी की कमी को देखते हुए अपने खेतों में बुवाई नहीं की है, वहीं जिन किसानों ने रबी फसलों की बुवाई की है, उनके सामने अब फसलों की सिंचाई का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। किसानों को अपनी फसलों को पानी देने के लिए पूरी तरह कुओं पर निर्भर रहना पड़ रहा है। लेकिन कुओं में भी पानी की कमी होने लगी है। हालात यह हैं कि किसानों को एक खेत में सिंचाई करने के लिए दो से तीन दिन तक का समय लग रहा है। कुओं से धीरे-धीरे कम पानी मिलने के कारण किसान समय पर अपने खेतों में सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं।
रबी सीजन में गेहूं, मैथी, लसन सरसों और अन्य फसलों की खेती के लिए समय पर पानी मिलना बहुत जरूरी है। लेकिन पानी की कमी किसानों की परेशानी बढ़ा रही है। किसान दिन-रात मेहनत करके कुओं से अपनी फसलों को बचाने में जुटे हैं। कई किसानों के सामने यह चिंता है कि अगर समय पर पानी नहीं मिला तो फसलों की बढ़वार और उत्पादन पर बुरा असर पड़ सकता है।
नदी-नाले सूखे, जलस्तर भी घटा
ग्रामीण क्षेत्रों में नदी-नालों की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। पानी का बहाव कम हो गया है और कई नदी-नाले सूखने की कगार पर पहुंच गए हैं। इसका असर आने वाले समय में भूजल स्तर और कुओं के पानी पर भी पड़ सकता है। किसान अभी से पानी की कमी को लेकर परेशान हैं।
खेती की लागत बढ़ी, किसानों की चिंता भी बढ़ी
एक तरफ खाद, बीज, दवाई और डीजल के दाम किसानों की कमर तोड़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सिंचाई के लिए पानी की कमी नई परेशानी बन गई है। रबी फसलों की बुवाई के समय ही पानी का संकट खड़ा होना किसानों के लिए चिंता का विषय है। यदि यही हालात रहे तो किसानों को रबी फसलों के उत्पादन में नुकसान उठाना पड़ सकता है।
*बॉक्स*
नीमच जिले को सूखाग्रस्त घोषित करे मध्यप्रदेश सरकार
नीमच जिले में कम बारिश के कारण जलस्रोतों में पानी की कमी और रबी फसलों की खेती पर पड़ रहे असर को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार को तत्काल स्थिति का सर्वे करवाना चाहिए। जिन किसानों ने बुवाई नहीं की और जिन किसानों की फसलें पानी की कमी से प्रभावित हो रही हैं, उनकी वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए।
सरकार को किसानों के हित में नीमच जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने पर विचार करना चाहिए। किसानों को उचित राहत, आर्थिक सहायता और फसल नुकसान का मुआवजा दिया जाना चाहिए। आखिर किसान अपनी फसलों को कब तक कुओं के भरोसे बचाएंगे? अन्नदाता को समय रहते राहत देना सरकार की जिम्मेदारी है।



