समाचार मध्यप्रदेश नीमच 22 अक्टूबर 2026 गुरुवार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कलेक्टर-कमिश्नर एवं पुलिस अधिकारियों की कॉन्फ्रेंस में की विभिन्न विषयों की समीक्षा
किसानों को राहत, त्योहारों में सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
अल्पवर्षा एवं अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र सर्वेक्षण कर किसानों को राहत उपलब्ध कराने के निर्देश
नीमच, 21 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टर-कमिश्नर, पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस महानिरीक्षक कॉन्फ्रेंस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुई। बैठक में आगामी त्योहारों एवं मेलों में कानून-व्यवस्था, किसानों को राहत, खाद्य सुरक्षा, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, स्वामित्व योजना, स्वास्थ्य सेवाओं, निर्माण कार्यों, खाद एवं विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
अल्पवर्षा एवं अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में किसानों को राहत देने के कार्यों में तेजी लाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अल्पवर्षा एवं अतिवृष्टि प्रभावित जिलों में किसानों को राहत उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में फसलों एवं नुकसान का सर्वेक्षण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत कार्यों में विलंब नहीं होना चाहिए तथा संबंधित अधिकारी तत्परता से कार्रवाई कर प्रभावित किसानों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
त्योहारों एवं मेलों में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करें
मुख्यमंत्री ने आगामी त्योहारों एवं मेलों के दौरान कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित घटनाओं की रोकथाम के लिए पहले से ही आवश्यक एहतियाती उपाय किए जाएं। प्रमुख धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं मेलों के आयोजन स्थलों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी स्वयं इन स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
दीपावली पर कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैंप की बिक्री रोकने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि दीपावली के दौरान कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैंप का विक्रय किसी भी स्तर पर नहीं होना चाहिए। सभी कलेक्टर पटाखा व्यापारियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दें। इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों के लाइसेंस निलंबित करने सहित नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।
मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाएं
मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा विभाग को त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिलावटी मावा, दूध एवं पनीर के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर इनके स्रोतों पर ही छापेमारी करने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा, ताकि मिलावटी खाद्य सामग्री बाजार तक नहीं पहुंचे।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान एवं स्वामित्व योजना की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की समीक्षा करते हुए सभी जिला अधिकारियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को शुक्रवार को अनिवार्य रूप से फील्ड में जाकर आवेदनों के निराकरण की स्थिति देखने तथा क्षेत्र भ्रमण कर आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
उन्होंने स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी जिला कलेक्टरों को इसके क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने मौसम परिवर्तन के कारण होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला चिकित्सालयों में चेस्ट क्लीनिक एवं आवश्यक मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मरीजों को समय पर उचित उपचार प्रदान करने पर जोर दिया।
निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करें
मुख्यमंत्री ने वर्षा के बाद निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग सहित सभी निर्माण विभागों को लंबित कार्यों को गति प्रदान कर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। संबंधित विभाग नियमित समीक्षा कर निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होने दें।
राष्ट्रीय एकता दिवस एवं मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के आयोजन की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों में कार्यक्रमों का गरिमापूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, 1 नवंबर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के कार्यक्रमों को उत्साहपूर्वक एवं सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने को कहा।
गोवर्धन पूजा एवं पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पूजा कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत पुरस्कृत होने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर पशु हाट आयोजित करने तथा उन्हें प्रदेश की ग्रामीण परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत के रूप में विकसित करने के प्रयास करने पर जोर दिया।
खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करें
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों में खाद की उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा करते हुए किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एग्रीस्टैक एवं ई-विकास व्यवस्था के माध्यम से खाद वितरण को सुगम बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं के नाम पर कृषि भूमि दर्ज है, उनके लिए स्वयं उपस्थित होकर खाद प्राप्त करना अनिवार्य नहीं होना चाहिए। वे अपने स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को नामांकित कर खाद प्राप्त कर सकें। संबंधित अधिकारी इस संबंध में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें।
ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें
मुख्यमंत्री ने विद्युत आपूर्ति की समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य स्तर पर विद्युत उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों सहित सभी स्थानों पर सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्थानीय स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपरिहार्य परिस्थितियों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को पूर्व सूचना दी जाए तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाए रखा जाए।
कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देशों के पालन के निर्देश
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा दिए गए निर्देशों का जिले में कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने सभी विभागों को अपने दायित्वों के अनुरूप समय-सीमा में कार्रवाई करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान एनआईसी कक्ष, नीमच में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भायडिया, श्री चंद्र सिंह धार्वे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
–00–
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 23 अक्टूबर को सावन में आयोजित होगा शिविर
विभिन्न ग्राम पंचायतों के नागरिक समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण के लिए प्रस्तुत कर सकेंगे आवेदन
नीमच, 21 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आमजन की समस्याओं के निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 23 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत सावन में शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर में ग्राम पंचायत सावन सहित ग्राम पंचायत अडमालिया, भादवामाता, बिसलवास सोनिगरा, बोरखेड़ी पानड़ी, गिरदौड़ा, जवासा, झालरी, कानाखेड़ा, पिपलोन तथा रेवली-देवली के नागरिक अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
शिविर में जिला एवं विकासखंड स्तर के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।


