डॉ रघुवीर सिंह महाविद्यालय सीतामऊ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

डॉ रघुवीर सिंह महाविद्यालय सीतामऊ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित
सीतामऊ। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय सीतामऊ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ (17 सितंबर से 17 अक्टूबर) के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में “मेरे सपनों का भारत” विषय पर विद्यार्थियों के मध्य चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री राजेश बारिया के मार्गदर्शन में हुआ। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कैनवास पर रंगों और रेखाओं के माध्यम से भविष्य के विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की कल्पना को सजीव रूप दिया। वहीं, भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने “मेरे सपनों का भारत” विषय पर अपने ओजस्वी विचारों से उपस्थित सभी प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन हेतु गठित निर्णायक समिति में डॉ. माया पंत एवं सुश्री सुमन असलिया शामिल रहीं। कार्यक्रम के सफल संचालन में श्री सुनील कुमावत का विशेष सहयोग रहा।
कड़े मुकाबले के बाद परिणामों की घोषणा की गई:
चित्रकला प्रतियोगिता: प्रथम स्थान पर रवीना सूर्यवंशी बीएससी प्रथम वर्ष एवं द्वितीय स्थान पर चंदा कुशवाहा बीएससी प्रथम वर्ष रही।
भाषण प्रतियोगिता: प्रथम स्थान पर ईशा सोनी बीए तृतीय वर्ष एवं द्वितीय स्थान पर चंदा कुशवाहा बीएससी प्रथम वर्ष रही।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री राजेश बारिया ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।



