कोर्ट मैरिज से नाराज युवती के परिजन ने घर में घुसकर लड़के के पिता के साथ मारपीट कर कार में लेकर गए, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की

सीतामऊ में अपहरण की कोशिश से हड़कंप, नाक, कोहनी और पीठ पर चोट, नाकाबंदी देख सुनसान सड़क पर छोड़कर भागे आरोपी
सीतामऊ। करीब एक माह पहले बेटे द्वारा राकोदा निवासी युवती से कोर्ट मैरिज करने से नाराज युवती के परिजनों पर सीतामऊ में एक व्यक्ति के साथ घर में घुसकर मारपीट करने और उसे जबरन कार में बैठाकर ले जाने का आरोप लगा है। आरोप है कि आरोपी व्यक्ति को मंदसौर की ओरले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में पुलिस की नाकाबंदी देखकर अफजलपुर क्षेत्र की सुनसान सड़क पर उसे उतार कर फरार हो गए। घटना में व्यक्ति के नाक, बाएं हाथ की कोहनी और पीठ पर चोट आई है। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फरियादी जितेंद्र पिता कमलाकांत द्विवेदी, उम्र 46 वर्ष, निवासी सदर बाजार सीतामऊ ने पुलिस को बताया कि करीब एक माह पहले उसके बेटे महेश द्विवेदी ने राकोदा निवासी तेजप्रताप शर्मा की बेटी सरिता से कोर्ट में शादी की थी। बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह घर पर सिलाई का काम कर रहा था। इसी दौरान माधव शर्मा तीन अन्य लोगों के साथ उसके घर पहुंचा और अचानक घर के अंदर घुस गया।
फरियादी के अनुसार आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ थप्पड़ों और मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। माधव शर्मा कथित तौर पर अपनी बहन सरिता के बारे में पूछते हुए उसे उनके हवाले करने की बात कह रहा था। इस पर जितेंद्र ने बताया कि सरिता उसके बेटे महेश के साथ घूमने गई है।
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने जितेंद्र के साथ मारपीट की और उसे घसीटकर बिना नंबर की काले रंग की एक गाड़ी में बैठा लिया। गाड़ी के आगे करणी सेना लिखा हुआ था। आरोपी उसे मंदसौर की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले में जितेंद्र की पत्नी के चिल्लाने पर परिवार के रविकांत पिता चंद्रप्रकाश द्विवेदी और विश्वास पिता उमेश जोशी मोटरसाइकिल से गाड़ी का पीछा करने लगे। फरियादी के अनुसार आरोपी बिलांत्री टोल से आगे पहुंचे, जहां पुलिस की नाकाबंदी दिखाई दी। इसके बाद आरोपी अफजलपुर की ओर एक सुनसान सड़क पर पहुंचे और जितेंद्र को गाड़ी से नीचे उतारकर फरार हो गए। बाद में जितेंद्र थाना पहुंचा और घटना की मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। मारपीट में उसकी बाई कोहनी, नाक और पीठ पर चोट आई है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर रही है।



