मोटर व्हीकल एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, स्कूल बसों समेत 5 वाहन जब्त

मोटर व्हीकल एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, स्कूल बसों समेत 5 वाहन जब्त
गरोठ। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मंगलवार को गरोठ एसडीएम राहुल चौहान ने प्रशासनिक अमले के साथ वाहनों की चेकिंग के लिए सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों की जांच करते हुए कई वाहनों पर कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान दो मैजिक वाहन सहित विभिन्न स्कूलों की बसों को जब्त किया गया। इनमें चंबल कॉन्वेंट स्कूल खड़ावदा, शारदा कॉन्वेंट स्कूल गरोठ और कमला सकलेचा स्कूल भानपुरा की बसें शामिल हैं। जब्त किए गए सभी वाहनों को संबंधित थाने पहुंचाया गया।
प्रशासन की अचानक हुई कार्रवाई से वाहन चालकों एवं स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया। एसडीएम राहुल चौहान के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहनों में नियमों के पालन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना बताया गया है। प्रशासन द्वारा आगे भी वाहन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।



