श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर गरोठ में सजेगा भक्ति और संस्कृति का भव्य दरबार
समाजसेवी जगदीश अग्रवाल की पहल से तीन दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा सहित होंगे विविध धार्मिक आयोजन
गरोठ। भगवान श्रीकृष्ण के जन्माष्टमी महापर्व के पावन अवसर पर गरोठ में तीन दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा सहित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाते आ रहे समाजसेवी जगदीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं सहभागिता से आयोजित इन कार्यक्रमों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
श्री खाटू श्याम मंदिर, गरोठ में 2 से 4 सितंबर 2026 तक दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होगा। कथा व्यास श्रीपाद सेवाप्रिय हरिदास प्रभुजी रहेंगे। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म और जीवन मूल्यों का संदेश दिया जाएगा।
जन्माष्टमी पर होंगे विशेष धार्मिक आयोजन—।
4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व के अवसर पर प्रातः 10 बजे महाअभिषेक एवं महाआरती होगी। शाम 7:30 बजे महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। वहीं रात्रि 10 बजे भगवान श्रीकृष्ण का महाअभिषेक तथा रात्रि 12 बजे महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन होगा।
मटकी फोड़ प्रतियोगिता बनेगी, आकर्षण का केंद्र–!
जन्माष्टमी उत्सव के तहत नारियल द्वारा मटकी फोड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए अलग-अलग पुरस्कार रखे गए हैं। पुरुष वर्ग में प्रथम पुरस्कार ₹31,100, द्वितीय ₹21,100 तथा तृतीय ₹11,100 रखा गया है। महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार ₹7,100, द्वितीय ₹5,100 एवं तृतीय ₹3,100 रखा गया है।
पुरुष वर्ग की प्रवेश फीस ₹50 तथा महिला वर्ग की प्रवेश फीस ₹30 निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।
महाआरती के बाद मावा मिश्री के लड्डू और पंजेरी का प्रसाद—।
शाम 7:30 बजे श्री खाटू श्याम बाबा की महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को मावा-मिश्री के लड्डू एवं धनिया की पंजेरी का प्रसाद वितरित किया जाएगा। पंजेरी ड्रायफ्रूट्स युक्त शुद्ध देशी घी से तैयार की जाएगी।
धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश-
समाजसेवी जगदीश अग्रवाल लंबे समय से धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उनके प्रयासों से आयोजित ऐसे कार्यक्रम जहां श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान करते हैं, वहीं समाज में आपसी भाईचारे, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत करने का संदेश देते हैं।
आयोजकों ने गरोठ एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से श्रीमद् भागवत कथा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, महाअभिषेक, महाआरती, मटकी फोड़ प्रतियोगिता एवं महाप्रसादी में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।



