अपराधमंदसौर जिलासुवासरा

विधायक के गृह नगर में चोर बेखौफ! 25 दिन में 20 से ज्यादा वारदात, 2 घंटे में फिर 2 मामले 

विधायक हरदीपसिंह डंग के अपने क्षेत्र में ही सुरक्षित नहीं जनता; पुलिस गश्त हवा-हवाई, उठे गंभीर सवाल

जुगल वेद

सुवासरा । सुवासरा विधानसभा के कद्दावर नेता और विधायक हरदीपसिंह डंग के गृह नगर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे खाकी के इकबाल को सरेआम चुनौती दे रहे हैं। पिछले 25 दिनों में नगर के भीतर 20 से अधिक चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। हद तो तब हो गई जब मंगलवार रात बस स्टैंड क्षेत्र में महज दो घंटे के भीतर चोरों ने एक के बाद एक दो बड़ी घटनाओं को अंजाम दे डाला।

मंगलवार रात का घटनाक्रम दो घंटे में दो सनसनीखेज मामले– पहली वारदात (किराना व्यापारी की बाइक पार): मारुति नगर (वार्ड क्रमांक-3) निवासी किराना व्यापारी मंगलेश डपकरा के घर के बाहर खड़ी सुपर स्प्लेंडर बाइक (MP 14 MW 1151) रात करीब 8 से 10 बजे के बीच अज्ञात बदमाश उड़ा ले गए। पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

दूसरी वारदात (बस में घुसा चोर, जनता ने पकड़ा): बस स्टैंड पर खड़ी ‘शिव शक्ति बस’ में एक संदिग्ध युवक चोरी के इरादे से घुस गया। गनीमत रही कि बस संचालक ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। यदि नागरिक मुस्तैद नहीं होते, तो पुलिस के खाते में एक और चोरी दर्ज हो जाती।

जब विधायक का खुद का नगर सुरक्षित नहीं, तो आम जनता किसके भरोसे?- यह सुवासरा विधायक हरदीपसिंह डंग का खुद का गृह नगर है। ऐसे में नगरवासियों का आक्रोशित होना लाजिमी है। लोगों का कहना है कि जब क्षेत्र के सबसे बड़े जनप्रतिनिधि के अपने ही नगर में जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है, तो अन्य इलाकों का क्या हाल होगा?

चोरियों की इस ‘डबल सेंचुरी’ (25 दिन में 20 से ज्यादा चोरियां) ने पुलिस की रात्रि गश्त और मुस्तैदी के बड़े-बड़े दावों की पोल खोल दी है।

व्यापारियों और नागरिकों की तीखी मांगें:-

गश्त बढ़ाओ, अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजो: व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि संवेदनशील और सूने इलाकों में पुलिस ने तुरंत गश्त नहीं बढ़ाई, तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।सभी मामलों का जल्द हो खुलासा: चोरी गए माल और वाहनों की बरामदगी तुरंत की जाए।

इनका कहना है:-

“पिछले दिनों हुई चोरी की वारदातों में पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण और ठोस सुराग हाथ लगे हैं। हमारी जांच अंतिम चरण में है और बहुत जल्द मामलों का पर्दाफाश कर अपराधियों को जेल भेजा जाएगा। मंगलवार रात हुई घटनाओं की भी गंभीरता से जांच कर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर पहलू पर मुस्तैदी से काम कर रही है।”

— राजेंद्र सिंह बघेल थाना प्रभारी, सुवासरा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}