रेलवेकोटाराजस्थान

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन का 17 जुलाई को होगा लोकार्पण

प्रधानमंत्री करेंगे वर्चुअल शुभारंभ, यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं; स्टेशन परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं जनप्रतिनिधियों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल का प्रमुख एवं अत्यंत व्यस्त गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक स्वरूप में विकसित होकर यात्रियों की सेवा के लिए तैयार है। आधुनिक वास्तुशिल्प, अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं तथा दिव्यांगजन अनुकूल अधोसंरचना से सुसज्जित यह स्टेशन अब क्षेत्र के विकास, पर्यटन एवं आधुनिक भारतीय रेलवे की नई पहचान के रूप में स्थापित होगा।

पुनर्विकसित गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन परिसर में 17 जुलाई 2026 को आयोजित समारोह में दोपहर 2:00 बजे से सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी, यात्रीगण, जनसमूह एवं रेलवे अधिकारी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पुरस्कार वितरण एवं फिल्म प्रदर्शन भी किया जाएगा। तत्पश्चात माननीय प्रधानमंत्री द्वारा अपराह्न 3:45 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोकार्पण किया जाएगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसम्पर्क अधिकारी श्री सौरभ जैन ने बताया कि गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। स्टेशन पुनर्विकास से संबंधित सभी निर्धारित कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं तथा स्टेशन यात्रियों की सेवा के लिए तैयार है।

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा ने कहा कि पुनर्विकसित गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन यात्रियों को पहले से कहीं अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आधुनिक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराएगा। इसके साथ ही यह स्टेशन क्षेत्रीय विकास, पर्यटन, व्यापार एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने इसे कोटा मंडल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

पुनर्विकास कार्य के अंतर्गत लगभग 555 वर्गमीटर क्षेत्र में स्टेशन भवन का विस्तार एवं नवीनीकरण किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए 3 नए प्रतीक्षालय, 4 आधुनिक शौचालय ब्लॉक, लगभग 10,000 वर्गमीटर में विकसित सर्कुलेटिंग एरिया तथा सुचारु यातायात व्यवस्था तैयार की गई है। प्लेटफॉर्मों को जोड़ने के लिए 12 मीटर चौड़ा आधुनिक फुट ओवर ब्रिज बनाया गया है। इसके अतिरिक्त लगभग 960 वर्गमीटर क्षेत्र में नए प्लेटफॉर्म शेल्टर तथा लगभग 12,000 वर्गमीटर क्षेत्र में प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का कार्य पूर्ण किया गया है। स्टेशन पर लिफ्ट एवं एस्केलेटर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं अन्य यात्रियों को आवागमन में विशेष सुविधा मिलेगी।

दिव्यांगजनों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन को पूर्णतः दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है। इसके अंतर्गत रैंप, टैक्टाइल पाथ, पृथक पार्किंग, दिव्यांग अनुकूल शौचालय एवं पेयजल सुविधा, व्हीलचेयर, हेल्प बूथ तथा सुगम पहुंच मार्ग विकसित किए गए हैं। स्टेशन पर आधुनिक साइनेज, ट्रेन सूचना बोर्ड, कोच पोजीशन डिस्प्ले सिस्टम एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म घड़ियां भी स्थापित की गई हैं।

पुनर्विकसित गंगापुर सिटी स्टेशन की प्रमुख विशेषताएं

आकर्षक एवं आधुनिक स्टेशन भवन तथा भव्य फसाड।

• तीन नए वातानुकूलित प्रतीक्षालय एवं चार आधुनिक शौचालय ब्लॉक।

• लिफ्ट एवं एस्केलेटर सहित 12 मीटर चौड़ा आधुनिक फुट ओवर ब्रिज।

• सुव्यवस्थित सर्कुलेटिंग एरिया एवं पृथक पार्किंग सुविधा।

• पूर्णतः दिव्यांगजन अनुकूल अधोसंरचना।

• आधुनिक साइनेज, ट्रेन सूचना बोर्ड एवं कोच पोजीशन डिस्प्ले सिस्टम।

गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन का यह पुनर्विकास यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, पर्यटन, व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई ऊर्जा देगा। यह लोकार्पण समारोह कोटा मंडल तथा गंगापुर सिटी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण अवसर होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}