भूमाफियाओं के हौसले बुलंद: दुर्गा वाटिका के पास करोड़ों की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास, नपा प्रशासन मौन
जल्द नहीं बनी बाउंड्री वॉल, तो नगर पालिका कार्यालय के बाहर धरने पर बैठूंगी: पार्षद सुमित्रा पोरवाल

*भूमाफियाओं के हौसले बुलंद: दुर्गा वाटिका के पास करोड़ों की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास, नपा प्रशासन मौन*
जल्द नहीं बनी बाउंड्री वॉल, तो नगर पालिका कार्यालय के बाहर धरने पर बैठूंगी: पार्षद सुमित्रा पोरवाल
मध्य प्रदेश विधानसभा में भी गूंजेगा करोड़ों की सरकारी जमीन पर कब्जे का मामला
नीमच।नीमच नगर पालिका क्षेत्र में भूमाफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे अब करोड़ों रुपए की सरकारी जमीन को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला दुर्गा वाटिका के समीप का है, जहां नगर पालिका के आधिपत्य वाली करोड़ों रुपए की कीमती जमीन पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जे का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि नगर पालिका प्रशासन सब कुछ जानते हुए भी बाउंड्री वॉल बनाने में पूरी तरह अक्षम और लाचार साबित हो रहा है।
इस गंभीर मुद्दे को लेकर आज नगर पालिका परिषद की जागरूक पार्षद *श्रीमती सुमित्रा मुकेश पोरवाल* नीमच जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने जनसुनवाई में शिकायती पत्र सौंपकर प्रशासन को भूमाफियाओं और नगर पालिका अधिकारियों की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
पौधों की आड़ में चल रहा अवैध कब्जा –
पार्षद श्रीमती पोरवाल ने बताया कि दुर्गा वाटिका के पास स्थित नगर पालिका की इस बेशकीमती भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जे की नीयत से काम किया जा रहा है। कब्जे को छुपाने के लिए बीच-बीच में पौधे लगाए जा रहे हैं और उन पौधों की आड़ लेकर जमीन को हड़पने का प्रयास किया जा रहा है।
वर्क ऑर्डर जारी, फिर भी अधिकारी क्यों हैं मौन?
श्रीमती पोरवाल ने अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि इस भूमि पर सुरक्षा के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा *दिनांक 23 अगस्त 2023* को ही वर्क ऑर्डर जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी ‘लाइन ऑर्डर’ का बहाना बनाकर आज तक बाउंड्री वॉल का निर्माण नहीं करा पाए हैं।
> पार्षद का आक्रोश: –
> “एक तरफ जहां नगर पालिका के जनप्रतिनिधि परिषद और शासन की भूमि को बचाने के लिए दिन-रात संघर्ष कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शासन-प्रशासन में बैठे जिम्मेदार अधिकारी भूमाफियाओं पर कोई उचित कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इससे जनप्रतिनिधियों और जनता में भारी आक्रोश है।”
-सुमित्रा पोरवाल पार्षद न.पा.नीमच
पोरवाल समाज के लिए प्रस्तावित है यह भूमि –
मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए श्रीमती पोरवाल ने बताया कि उक्त भूमि *वर्ष 1998 में पोरवाल समाज नीमच के लिए नगर पालिका द्वारा प्रस्तावित* की गई थी, जिसका प्रकरण वर्तमान में भोपाल स्थित वल्लभ भवन (मंत्रालय) में विचाराधीन है। इसी तरह इसके समीप की भूमि भी एक अन्य समिति के लिए प्रस्तावित थी। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते गंभीरता नहीं दिखाई गई और माफियाओं ने निर्माण कर लिया, तो स्थिति और बिगड़ जाएगी। इसलिए नगर पालिका तत्काल इस भूमि को अपने पूर्ण अधिपत्य में लेकर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराए।
उग्र आंदोलन और विधानसभा में उठेगा मुद्दा–
श्रीमती पोरवाल ने नगर पालिका अधिकारियों को कड़े लहजे में आगाह किया है कि यदि शीघ्र ही इस भूमि पर बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे नगर पालिका कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगी , जिसकी समस्त जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले और अधिकारियों की उदासीनता को लेकर *मध्य प्रदेश विधानसभा**में भी शीघ्र ही प्रश्न उठाया जाएगा, ताकि नीमच के इस बड़े भू-घोटाले और प्रशासनिक लापरवाही का पर्दाफाश हो सके।


