मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 02 जून 2026 मंगलवार

///////////////////////////////

वर्षाकाल में पौधारोपण के लिए अभी से करे तैयारी – कलेक्टर

समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न

कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाईन, समयावधि पत्रों, समाधान पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं अन्य विषयों पर विभाग वार समीक्षा कर विभाग प्रमुखों को आवश्यक निर्देश दिए गये । बैठक में एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में निर्देश दिए गये कि सभी विभाग प्रमुख सीएम हेल्पलाइन एवं समयावधि पत्रों के प्रकरणों का समाधानकारी निराकरण कर जवाब पोर्टल पर दर्ज करें। बैठक में कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों के सीएमओ एवं जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनवाए जाएं। साथ ही समग्र ई-केवाईसी का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए।

बैठक में कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत पदाभिहीत अधिकारियों को प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समय सीमा से बाहर प्रकरणों पर नियमानुसार आर्थिक शास्ति अधिरोपित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रकरणों का निराकरण संतोषजनक एवं समयावधि में होना चाहिए। संबल योजना के हितग्राहियों को पात्रता अनुसार तत्काल लाभ वितरण करने तथा सभी विभागों को अपनी-अपनी हितग्राही मूलक योजनाओं में पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।

कार्यालय प्रमुखो को अपने सभी कार्यालयों में एस डी आर एफ की टीम के साथ फायर आडिट कराने के निर्देश दिए। स्वास्थय विभाग शासकीय एवं निजी अस्पतालों, फूड विभाग सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, नगर निगम अपने क्षेत्र में संचालित कारीगरो की दुकानों एवं फटाका दुकानों में फायर ऑडिट करवाना सुनिश्चित करें।

बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण के लिए कार्ययोजना बना कर कार्यवाही करें। वन विभाग ,नगर निगम, ग्रामीण विकास विभाग एवं नगरीय निकाय लक्ष्य अनुसार पौधारोपण का प्लान बना कर कार्यवाही करें एवं 05 जून को सांकेतिक रूप से पौधारोपण करवायें, बाकी पौधारोपण बारिश शुरू होने के बाद करवायें। इसके लिए अभी से तैयारी कर लें। फार्मर आई डी बनाने के लिए सभी एसडीएम शिविर आयोजित कर कार्यवाही करें । शिविर में तहसीलदार, पटवारी, रोजगार सहायक की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।

===========

प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था नगरा के सदस्यों के लिए शिकायत निवारण शिविर 3 जून को

महाप्रबंधक केन्द्रीय सहकारी बैंक श्री कृतज्ञ गुप्ता ने बताया कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था मर्यादित, नगरा के कृषक सदस्यों के खातों में संस्था कर्मचारियों द्वारा आर्थिक अनियमितता किए जाने संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए 3 जून को प्रातः 11:00 बजे से शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा।

शिविर का आयोजन कार्यालय उपायुक्त सहकारिता, गुलाब चक्कर पुराना कलेक्टोरेट के पास, रतलाम में किया जाएगा। शिविर में संस्था नगरा के वे सदस्य, जिन्हें अपने खाते में किसी प्रकार की अनियमितता संबंधी शिकायत है, वे आवश्यक प्रमाणक एवं दस्तावेजों सहित उपस्थित होकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

शिविर में शिकायत दर्ज कराने का समय प्रातः 11:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। शिविर मे शिकायतकर्ता सदस्य को स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य होगा। उनके स्थान पर किसी रिश्तेदार अथवा अन्य प्रतिनिधि की उपस्थिति मान्य नहीं होगी।

==========

कर्नल मोहित कुमार जैन, निदेशक, आर्मी भर्ती कार्यालय, महू द्वारा एनसीसी शिविर में अग्निवीर भर्ती मार्गदर्शन

21 मप्र बटालियन एनसीसी, रतलाम द्वारा वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 24 मई से 02 जून तक शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, सैलाना में आयोजित किया जा रहा है।शिविर में कमान अधिकारी कर्नल राघवेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में एवं प्रशासनिक अधकारी कर्नल संदीप अहलावत के निर्देशन में प्रतिदिन प्रातः सैन्य विषय के प्रशिक्षण अन्तर्गत शस्त्र प्रशिक्षण, फायरिंग, नेवीगेशन, टेन्ट पिंचिंग, कवायद, मेप रीडिंग इत्यादि विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी के साथ ही प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के मोटिवेशनल एवं सुरक्षात्मक विषयो पर व्याख्यान कैडेटस को दिए जा रहे है।

व्याख्यान माला की इसी कढ़ी में आर्मी भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल मोहित कुमार जैन द्वारा शिविर में उपस्थित 550 कैडेटस को बताया कि अग्निवीर भर्ती के लिए किस प्रकार तैयारी की जावे ताकि अधिक से अधिक एनसीसी कैडेटस को इसका लाभ मिल सकें। कर्नल जैन द्वारा बताया गया कि एनसीसी ’’ए’’ ’’बी’’ तथा ’’सी’’ प्रमाण-पत्र धारी को विशेष अंको का लाभ प्रदान किया जाता है। उनके द्वारा बताया गया कि भारत सरकार द्वारा प्रांरभ की गई अग्निवीर भर्ती योजना युवाओं के लिए राष्ट्र सेवा एवं उज्जवल भविष्य के लिए एक सुनहरा अवसर है। इस योजना के माध्यम से युवाओं को भारतीय सेना में चार वर्ष तक सेवा करने का अवसर प्राप्त होता है जिससे उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं देश भक्ति की भावना का विकास होता है।

कर्नल जैन द्वारा बताया गया कि अग्निवीरों की सेवा अवधि के दौरान आकर्षक वेतन एवं आधुनिक सैन्य प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है और चार वर्ष की सेवा पूर्ण होने उन्हें सेवानिधी पैकेज भी प्रदान किया जाता है जिससे वे आगे की पढाई, व्यवसाय अथवा रोजगार में लाभ प्राप्त कर सकें। उक्त अग्निवीरों में से अपनी सेवा के दौरान श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को सेना द्वारा नियमित भी किया जाता है।

इसके अलावा केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा विभिन्न भर्तीयों जैसे पुलिस, पैरामिलिट्री सेना, शिक्षा, राजस्व तथा रेल्वे आदि में भूतपूर्व अग्निवीरों हेतु विशेष कोटा एवं सीटे प्रदान की जाती है। वर्तमान में कई बहुराष्ट्रीय कंपनीयो द्वारा भी भूतपूर्व अग्निवीरों के लिए विशेष रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहै है। अग्निवीर योजना देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के साथ-साथ आत्मनिर्भर और सक्षम नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करती है।

=============

समान नागरिक संहिता समिति की बैठक की

तैयारियों के लिए एडीएम ने अधिकारियों के साथ लिया जायजा

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में सुझाव एवं विचार प्राप्त करने के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक आगामी 4 जून को मेडिकल कॉलेज रतलाम के ऑडिटोरियम में आयोजित की जाएगी। बैठक की तैयारियों के लिए एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव ने आज संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान बैठक स्थल की बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के समय एसडीएम रतलाम शहर आर्ची हरित, आयुक्त नगर निगम श्री अनिल भाना, तहसीलदार रतलाम शहर श्री ऋषभ ठाकुर, यातायात विभाग के सब इंस्पेक्टर सहित संबंधित अधिकारी/ कर्मचारी उपस्थित थे।

============

ग्राम मथुरी की आदिवासी बस्ती में गंदे पेयजल की समस्या पर त्वरित कार्यवाही की गई

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्राम मथुरी की आदिवासी बस्ती में मटमैला एवं बदबूदार पानी आने की सूचना मिलने पर पीएचई एसडीओ श्री डी.सी. कथिरिया एवं उनकी टीम ने सरपंच और सचिव के साथ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि आदिवासी बस्ती में पेयजल पाइपलाइन के ऊपर नाली का निर्माण होने से गंदे पानी का रिसाव वाल्व एवं नल कनेक्शनों में हो रहा था, जिसके कारण पेयजल दूषित हो गया था। स्थिति को देखते हुए संबंधित मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति तत्काल बंद करवा दी गई।

एसडीओ श्री कथिरिया ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत ट्यूबवेल में सिंगल फेस मोटर पंप स्थापित कर पेयजल प्रदाय शुरू कर दिया गया है, जिससे रहवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को बदलने हेतु ग्राम पंचायत से प्रस्ताव प्राप्त कर तकनीकी स्वीकृति जारी कर दी गई है। ग्राम पंचायत मथुरी के सरपंच श्री रूपचंद पाटीदार ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर नई पाइपलाइन डालने की कार्यवाही ग्राम पंचायत द्वारा की जाएगी।

======

मलेरिया निरोधक माह के शुभारंभ पर निकली जन-जागरूकता रैली

मानव श्रृंखला बनाकर दिया जिले को मलेरिया मुक्त करने का सन्देश

मलेरिया निरोधक माह “जून 2026” के शुभारंभ अवसर पर स्वास्थ्य विभाग एवं मलेरिया विभाग द्वारा आज सुबह मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, रतलाम से विशाल जन-जागरूकता प्रभात रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य आमजन को मलेरिया से बचाव, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता का संदेश देना।

रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्रीमती संध्या बेलसरे द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर श्री गोविन्द काकानी एवं श्री अशोक अग्रवाल सामाजिक कार्यकर्ता जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. देवेंद्र मौर्य एवं जिला वेक्टर जनित रोग सलाहकार डॉ. प्रमोद प्रजापति विशेष रूप से उपस्थित थे।

रैली मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कॉलेज रोड, नाहरपुरा चौक एवं लोकेंद्र टॉकीज चोराहे तक पहुंची। वहां पर आशा कार्यकर्ताओं, मलेरिया विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर आमजन को मलेरिया उन्मूलन एवं बचाव संबंधी संदेश दिए गए। रैली में “मच्छर मुक्त घर-परिवार”, “रुके पानी को हटाएं, मलेरिया को दूर भगाएं” जैसे नारों के माध्यम से जनजागरूकता फैलाई गई।

===========

पेयजल संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण करें – कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह

जिले की पेयजल व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में जिले में पेयजल व्यवस्था की सुचारू संचालन के लिए समीक्षा बैठक ली। बैठक में एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव, कमिश्नर नगर निगम श्री अनिल भाना, पी ओ डूडा श्री अरुण पाठक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम पर प्राप्त होने वाली पेयजल संबंधी शिकायतों का निराकरण करें । बैठक में कलेक्टर ने जनपदवार कंट्रोल रूम पर प्राप्त पेयजल शिकायतों की समीक्षा की तथा नगरीय निकायों के कंट्रोल रूम में दर्ज शिकायतों के संबंध में संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) से फीडबैक प्राप्त किया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जहां आवश्यकता हो वहां टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा शिकायतों के निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रीष्मकाल के दौरान पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखें और किसी भी माध्यम से प्राप्त समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

=======

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}