समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 31 मई 2026 रविवार

//////////////////////////////////////////
झाड़ियों में किसी अज्ञात व्यक्ति की लाश,अज्ञात व्यक्ति की लाश को पीएम करवाया
सीतामऊ -थाना क्षेत्र के ग्राम लसुडिया भाटी में सीतामऊ- जावरा रोड़ के पास झाड़ियों में किसी अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने की सूचना पर सीतामऊ पुलिस मोके पर पहुंची जहां पर पुलिस द्वारा अज्ञात लाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां पर लाश को पीएम रम में रखवाया गया जानकारी अनुसार लाश की कोई शिनाख्त नहीं हुई हे मौके पर प्रत्यक्ष दर्शीयो ने बताया कि लाश के ऊपर झाड़ियां एवं चेहरे पर काला ऑयल लगा हुआ था अज्ञात लाश को लेकर पुलिस जांच में जुटी=============
जिला अस्पताल के तंबाकू त्याग केंद्र पर मिल रही निःशुल्क सहायता एवं परामर्श
मंदसौर 30 मई 2026/ विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत जिला चिकित्सालय मंदसौर से विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। मेडिकल कॉलेज डीन ने उपस्थित नागरिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को तंबाकू मुक्त जीवन की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मानव श्रृंखला बनाकर तंबाकू मुक्त समाज का संदेश दिया गया।
मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर तंबाकू सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान हस्ताक्षर अभियान भी प्रारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
सीएमएचओ डॉ. जी.एस. चौहान ने बताया कि 25 से 31 मई तक जिले में विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। जिला अस्पताल स्थित तंबाकू त्याग केंद्र (टीसीसी) पर नागरिकों को तंबाकू छोड़ने हेतु निःशुल्क परामर्श एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, आशा कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही।
=============
विश्व तंबाकू निषेध दिवस : तंबाकू छोड़कर शाहिद और कचरूलाल बने प्रेरणा स्रोत
मंदसौर 30 मई 2026/ दृढ़ इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन से किसी भी बुरी आदत को छोड़ा जा सकता है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय मंदसौर में सम्मानित किए गए दो व्यक्तियों ने यह साबित कर दिखाया है।
80 वर्षीय श्री कचरूलाल किशोरावस्था से तंबाकू सेवन के आदी थे और प्रतिदिन लगभग 30 बीड़ी पीते थे। वर्षों तक धूम्रपान करने के कारण उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी थी। जिला चिकित्सालय के तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्र में परामर्श मिलने के बाद उन्होंने बिना किसी दवा के केवल अपनी मजबूत इच्छाशक्ति और नियमित काउंसलिंग के सहारे धूम्रपान छोड़ दिया। आज वे स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ा रहे हैं और दूसरों के लिए प्रेरणा बन गए हैं।
इसी प्रकार श्री शाहिद पिछले 8 से 10 वर्षों से तंबाकू चबाने की लत से जूझ रहे थे। लगातार सेवन के कारण उनके मुंह का खुलना काफी कम हो गया था। उन्होंने जिला चिकित्सालय के तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्र में उपचार शुरू किया, जहां उन्हें निकोटीन रिप्लेसमेंट थेरेपी और नियमित काउंसलिंग उपलब्ध कराई गई। मात्र एक माह में उन्होंने तंबाकू का सेवन पूरी तरह छोड़ दिया और स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव महसूस करने लगे।
इन दोनों सफलताओं ने यह संदेश दिया है कि तंबाकू की लत चाहे कितनी भी पुरानी क्यों न हो, सही परामर्श, चिकित्सकीय सहायता और दृढ़ संकल्प के साथ उससे मुक्ति पाई जा सकती है। जिला चिकित्सालय मंदसौर का तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्र ऐसे लोगों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आ रहा है, जहां निःशुल्क परामर्श, विशेषज्ञ चिकित्सकों का मार्गदर्शन और आवश्यक दवाइयों की सुविधा उपलब्ध है।
=================
राज्य शिक्षा केंद्र ने कक्षा 5वीं एवं 8वीं की पुनः परीक्षा तिथि में किया संशोधन
16 से 23 जून तक चलेगी पुनः परीक्षा, केंद्र ने जारी की समय-सारिणी
मंदसौर 30 मई 26 / राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा कक्षा 5वीं एवं 8वीं की पुनः परीक्षा की तिथियों में संशोधन किया गया है। इस संबंध में समय-सारिणी भी जारी कर दी गई है। जारी कार्यक्रम के अनुसार पुनः परीक्षा का आयोजन 16 जून से 23 जून तक किया जाएगा। इसके बाद 24 से 28 जून के बीच उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि पुनः परीक्षा के आयोजन संबंधी अन्य सभी पूर्व निर्देश यथावत रहेंगे।
=================
पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति वर्ष 2026-27 हेतु MPTAAS पोर्टल प्रारंभ
पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए 31 मई तक आवेदन करें
मंदसौर 30 मई 26 / पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग सहायक संचालक द्वारा बताया गया कि वर्ष 2026-27 के लिए पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के नवीन एवं नवीनीकरण आवेदन हेतु MPTAAS पोर्टल प्रारंभ हो चुका है। पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति 2026-27 के लिए 31 मई तक आवेदन कर सकते हैं।
जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि उनकी संस्था में अध्ययनरत पात्र नवीनीकरण विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति आवेदन MPTAAS पोर्टल पर समय पर प्रस्तुत कराए जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई न हो एवं सभी पात्र विद्यार्थियों को योजना का पूर्ण लाभ प्राप्त हो सके।
=======
अभिव्यक्ति स्थल पर हर रविवार सजेगा जैविक हाट बाजार
मंदसौर 30 मई 26 / जिले में प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को उनकी उपज के लिए उचित विपणन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा अभिव्यक्ति स्थल, महाराणा प्रताप बस स्टैंड के पास, मंदसौर में जैविक हाट बाजार का आयोजन किया जा रहा है।
उप संचालक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग श्री रविंद्र मोदी ने बताया कि यह जैविक हाट बाजार प्रत्येक रविवार, प्रातः 11.00 बजे से नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। इस हाट बाजार में मंदसौर जिले के जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले कृषक, कृषक समूह तथा स्व-सहायता समूह अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं को विक्रय कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक उत्पादों की बिक्री हेतु यह एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। साथ ही उपभोक्ताओं को शुद्ध, स्वास्थ्यवर्धक एवं रसायन मुक्त उत्पाद उचित दरों पर उपलब्ध होंगे।
जिले के समस्त जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले कृषकों, उत्पादक समूहों तथा क्रेता-विक्रेताओं से आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में जैविक हाट बाजार में सहभागिता करें। अधिक जानकारी हेतु संपर्क करें: – 9630202379, 6269698309
=============
दस सालों से जारी परम्परा रही जारी………………
सोमिल नाहटा के जन्मदिवस पर हुआ स्वैच्छिक रक्तदान, 40 यूनिट हुआ रक्तदान
मंदसौर। नगर के युवा नेता और सभी के दिलों पर राज करने वाले सोमिल नाहटा के जन्मदिवस 30 मई को प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी स्वैच्छिक रक्तदान का आयोजन हुआ। सबसे बडी बात यह रही कि लगातार 10 वर्षो से जारी यह परम्परा इस वर्ष भी जारी रही। रक्तदान का आयोजन सोमिल नाहटा मित्र मंडल, कार्यकर्ताओं और उनके शुभचिंतकों द्वारा किया जाता है।
इस वर्ष भी यह आयोजन हुआ और इसमें सोमिल नाहटा के शुभचिंतकों ने 40 यूनिट रक्तदान किया और यह रक्तदान का 11 वां वर्ष रहा। 30 मई को सोमिल नाहटा के जन्मदिवस के अवसर पर सुबह से ही उनके निवास स्थान पर शुभचिंतकों को आना शुरू हो गया था लेकिन रक्तदान शिविर मुख्य आयोजन रहा जिसमें युवा साथियों ने बढ़ चढकर हिस्सा लिया और 40यूनिट रक्तदान मौके पर हुआ और लगभग 20 साथियों ने भविष्य में जरूरत पड़ने पर रक्तदान करने हेतु अपने नाम लिखवाये। सोमिल नाहटा मित्र मंडल ने बताया कि वर्ष 2016 में इस परम्परा की शुरूआत की गई थी लगातार 11 वां वर्ष है हमने सोच रखा था कि सोमिल भैया के जन्मदिवस पर कुछ अच्छा करना है इसलिए प्रतिवर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन करते है।



