गरोठमंदसौर जिला

खम्भे गड़ गए, लेकिन केबल अब तक नहीं लगाई — बिजली विभाग के आश्वासनों से टूटा वार्डवासियों का सब्र

गरोठ का वार्ड नंबर 13 लो वोल्टेज की मार से बेहाल

खंभे गड़ गए, लेकिन केबल अब तक नहीं — बिजली विभाग के आश्वासनों से टूटा वार्डवासियों का सब्र

सतीश शर्मा 

गरोठ। नगर परिषद गरोठ का वार्ड क्रमांक 13 इन दिनों गंभीर वोल्टेज समस्या से जूझ रहा है। घोसी मोहल्ला सहित आसपास के क्षेत्र के रहवासी लगातार लो वोल्टेज, बिजली कटौती और अस्थिर विद्युत आपूर्ति से परेशान हैं। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रभावित हो रहे हैं, बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और आमजन को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वार्डवासियों का आरोप है, कि समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग को शिकायत की जा चुकी है। मोबाइल, हेल्पलाइन और यहां तक कि सीएम लाइन पर भी शिकायतें दर्ज करवाई गईं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। जमीनी स्तर पर समाधान अब तक अधूरा ही नजर आ रहा है।

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि विभाग द्वारा वार्ड में नए बिजली थम्भे तो गाड़ दिए गए, लेकिन अब तक नई केबल नहीं डाली गई। अधूरी व्यवस्था के कारण वोल्टेज की समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।

इस संबंध में बिजली विभाग के सेक्टर चेकिंग सुपरवाइजर महेंद्र सोनी से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 13 में नए पोल लगाए जा चुके हैं तथा ठेकेदार को नई केबल लगाने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि बहुत जल्द घोसी मोहल्ला और आसपास के क्षेत्र की समस्या का स्थायी समाधान कर दिया जाएगा।

हालांकि वार्डवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से केवल “जल्द समाधान होगा” जैसे आश्वासन सुनते आ रहे हैं। अब लोगों का सब्र जवाब देने लगा है। नागरिकों ने मांग की है कि बिजली विभाग तत्काल प्रभाव से नई केबल डालकर वार्डवासियों को लो वोल्टेज की समस्या से राहत दिलाए।

स्थानीय नागरिकों का यह भी कहना है कि यदि शीघ्र सुनवाई नहीं हुई तो वार्डवासी सामूहिक रूप से आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। लोगों का मानना है, कि मूलभूत सुविधाओं में बिजली सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है, और विभाग को इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता से लेना चाहिए।

“विकास के दावों के बीच वार्ड नंबर 13 आज भी स्थिर बिजली के लिए तरस रहा है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}