मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 12 अप्रैल 2026 रविवार

///////////////////////////

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा गांव चलो अभियान में सीधे किसानों से जुड़े, जनसंवाद का बना प्रभावी माध्यम

उप मुख्‍यमंत्री श्री देवड़ा गांव चलो अभियान अंतर्गत विभिन्न गांवों में पहुंचे

मंदसौर 11 अप्रैल 2026/ उप मुख्यमंत्री एवं वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने गांव चलो अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर ग्रामीणों एवं किसानों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान वे ग्राम मुंदडी, सिंदपन, ढाबला चौपाटी, दौरवाडा, बादपुर सहित कई गांवों में पहुंचे।

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आम नागरिकों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आगामी एक वर्ष में मल्हारगढ़ सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के माध्यम से हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जाएगा। इससे किसानों को न केवल सिंचाई सुविधा मिलेगी बल्कि बिजली की समस्या से भी राहत मिलेगी। चंबल नदी का पानी सीधे खेतों तक पहुंचाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नदी जोड़ो अभियान के सपने को याद करते हुए कहा कि देशभर में नदियों को जोड़ने के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं, जिससे सूखा और बाढ़ जैसी समस्याओं से स्थायी समाधान संभव होगा।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत सभी वर्गों के लोगों के कार्ड बनाए गए हैं, जिसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया है। किसान सम्मान निधि योजना का लाभ भी सभी पात्र किसानों को मिल रहा है। इसके साथ ही गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें सम्मानजनक जीवन मिल सके।

उन्होंने नागरिकों से स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि देश की मिट्टी से जुड़े उत्पादों को अपनाना चाहिए। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से गांव की स्वच्छता बनाए रखने, सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने का आह्वान किया, ताकि वे भविष्य में देश का नाम रोशन कर सकें।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया गया है तथा सांदीपनी विद्यालयों में शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं और आगे भी विकास की यह गति जारी रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

=============

टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत 500 क्वार्टर टिगरिया में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित

मंदसौर 11 अप्रैल 2026/ टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के मार्गदर्शन में शहर क्षेत्र 500 क्वार्टर टिगरिया में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना एवं टीबी (क्षय रोग) जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करना था।

शिविर के दौरान टीबी चैंपियन का स्वागत किया गया। उन्होंने अपनी उपचार अवधि के अनुभव साझा करते हुए आमजनों को जागरूक किया और नियमित इलाज के महत्व पर प्रकाश डाला।

टीबी जागरूकता एवं जांच

स्वास्थ्य विभाग के TBHV श्री अजय पाण्डेय ने उपस्थित नागरिकों को टीबी के लक्षणों एवं बचाव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगातार खांसी, भूख में कमी, वजन घटना, रात में पसीना आना एवं बुखार टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि टीबी से घबराने की आवश्यकता नहीं है। बलगम जांच में पॉजिटिव पाए जाने पर 6 माह का नियमित उपचार रोगी को पूर्णतः स्वस्थ कर सकता है। “जन-जागृति ही इसका सही इलाज है” का संदेश देते हुए सभी से समय पर जांच कराने की अपील की। फोटो संलग्न

जल गंगा संवर्धन अभियान में पेयजल स्रोतों की जांच व क्लोरीनेशन किया गया

ग्रामीण जनों को दिया गया स्वच्छ जल का संदेश

मंदसौर 11 अप्रैल 26/ जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विकासखंड मंदसौर के ग्राम गुराड़िया देदा में पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु विशेष गतिविधियां संचालित की गईं। अभियान के तहत पी एच ई विभाग की टीम द्वारा गांव के प्रमुख पेयजल स्रोतों का निरीक्षण किया गया तथा पानी के नमूने एकत्रित किए गए।

टीम ने ग्राम के जल स्रोतों से सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। इसके साथ ही ग्रामवासियों के घरों से भी पेयजल के नमूने लिए गए, ताकि घरेलू स्तर पर उपयोग किए जा रहे पानी की शुद्धता का आकलन किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जल स्रोतों में क्लोरीनेशन की प्रक्रिया भी की गई, जिससे पानी में मौजूद हानिकारक जीवाणुओं को नष्ट कर पेयजल को सुरक्षित बनाया जा सके। टीम द्वारा ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए नियमित रूप से पानी उबालकर पीने, पानी के भंडारण को साफ रखने एवं स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना, जल स्रोतों का संरक्षण करना तथा जलजनित बीमारियों की रोकथाम करना है। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न गांवों में लगातार जल गुणवत्ता जांच एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

===============

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने चारा एवं भूसे के निर्यात पर 31 मई तक प्रतिबंध लगाया

उल्लंघन पर म.प्र. पशु चारा निर्यात नियंत्रण प्रावधानों के तहत होगी दण्डात्मक कार्यवाही

मंदसौर 11 अप्रैल 26 / कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती अदिती गर्ग ने जिले में चारा एवं भूसे के निर्यात को रोकने के लिए पर 31 मई तक प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। मंदसौर जिला अंतर्गत चारा/भुसा के निर्यात होने व अन्‍य कारणों से पशुओं के भुसा एवं चारा आदि की कमी होने की आशंका है।

जिले मे उत्‍पादित भुसा एवं चारे को पशुओं हेतु पर्याप्‍त मात्रा में आपूर्ति एवं संग्रहण करना आवश्‍यक है। म०प्र० पशु चारा (निर्यात नियंत्रण) आदेश 2000 के निहित प्रावधानों के अधीन प्रदत्‍त शक्तियों को प्रयोग करते हुए पशुओं के आहार में आने वाले सभी प्रकार के चारा, भुसा, घास, ज्‍वार आदि पशु चारे का उपयोग ईंट भट्टे में जलाने, फैक्ट्रियों में जलाने एवं जिले की सीमा से बाहर निर्यात को तत्‍काल प्रभाव से 31 मई 2026 तक के लिए प्रतिबन्ध लगाया गया है।

समस्‍त प्रकार के भुसा, चारा, घास, कड़वी आदि को कोई भी कृषक, व्‍यापारी, व्‍यक्ति या निर्यातक संस्‍था किसी भी प्रकार के वाहन, नाव, मोटर-ट्रक, बैलगाड़ी एवं रेल्‍वे अथवा अन्‍य साधन द्वारा जिले के बाहर बिना कार्यपालिक मजिस्‍ट्रेट की लिखित अनुमति के निर्यात नहीं करेगें। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। उक्त आदेश का उल्लंघन होने पर म.प्र. पशु चारा (निर्यात नियंत्रण) आदेश 2000 के निहित प्रावधानों के तहत दण्डात्मक कार्यवाही की जावेगी।

==============

अभिव्यक्ति स्थल पर हर रविवार सजेगा जैविक हाट बाजार

मंदसौर 11 अप्रैल 26 / जिले में प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को उनकी उपज के लिए उचित विपणन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा अभिव्यक्ति स्थल, महाराणा प्रताप बस स्टैंड के पास, मंदसौर में जैविक हाट बाजार का आयोजन किया जा रहा है।

उप संचालक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग श्री रविंद्र मोदी ने बताया कि यह जैविक हाट बाजार प्रत्येक रविवार, प्रातः 11.00 बजे से नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। इस हाट बाजार में मंदसौर जिले के जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले कृषक, कृषक समूह तथा स्व-सहायता समूह अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं को विक्रय कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि प्राकृतिक उत्पादों की बिक्री हेतु यह एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। साथ ही उपभोक्ताओं को शुद्ध, स्वास्थ्यवर्धक एवं रसायन मुक्त उत्पाद उचित दरों पर उपलब्ध होंगे।

जिले के समस्त जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले कृषकों, उत्पादक समूहों तथा क्रेता-विक्रेताओं से आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में जैविक हाट बाजार में सहभागिता करें। अधिक जानकारी हेतु संपर्क करें: – 9630202379, 6269698309

=============

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}