समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 04 अप्रैल 2026 शनिवार

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 04 अप्रैल 2026 शनिवार
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने चारा एवं भूसे के निर्यात पर 31 मई तक प्रतिबंध लगाया
उल्लंघन पर म.प्र. पशु चारा निर्यात नियंत्रण प्रावधानों के तहत होगी दण्डात्मक कार्यवाही
मंदसौर 3 अप्रैल 26 / कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती अदिती गर्ग ने जिले में चारा एवं भूसे के निर्यात को रोकने के लिए पर 31 मई तक प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। मंदसौर जिला अंतर्गत चारा/भुसा के निर्यात होने व अन्य कारणों से पशुओं के भुसा एवं चारा आदि की कमी होने की आशंका है।
जिले मे उत्पादित भुसा एवं चारे को पशुओं हेतु पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति एवं संग्रहण करना आवश्यक है। म०प्र० पशु चारा (निर्यात नियंत्रण) आदेश 2000 के निहित प्रावधानों के अधीन प्रदत्त शक्तियों को प्रयोग करते हुए पशुओं के आहार में आने वाले सभी प्रकार के चारा, भुसा, घास, ज्वार आदि पशु चारे का उपयोग ईंट भट्टे में जलाने, फैक्ट्रियों में जलाने एवं जिले की सीमा से बाहर निर्यात को तत्काल प्रभाव से 31 मई 2026 तक के लिए प्रतिबन्ध लगाया गया है।
समस्त प्रकार के भुसा, चारा, घास, कड़वी आदि को कोई भी कृषक, व्यापारी, व्यक्ति या निर्यातक संस्था किसी भी प्रकार के वाहन, नाव, मोटर-ट्रक, बैलगाड़ी एवं रेल्वे अथवा अन्य साधन द्वारा जिले के बाहर बिना कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की लिखित अनुमति के निर्यात नहीं करेगें। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। उक्त आदेश का उल्लंघन होने पर म.प्र. पशु चारा (निर्यात नियंत्रण) आदेश 2000 के निहित प्रावधानों के तहत दण्डात्मक कार्यवाही की जावेगी।
=======
मंदसौर में सन्त श्री पीपानन्दजी का 703 वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया-भव्य शोभायात्रा निकली
मन्दसौर। पीपा क्षत्रिय समाज ट्रस्ट द्वारा संत शिरोमणि श्री पीपाजी महाराज का 703वां जन्मोत्सव पशुपतिनाथ महादेव मंदिर परिसर में स्थित श्री द्वारकाधीश मंदिर में मनाया गया। समाज के आमजन उपस्थित रहे। मंदिर में प्रातः 8 बजे अभिषेक, द्वारकाधीश मंदिर, तापेश्वर महादेव व पशुपतिनाथ मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया गया। संतश्री पीपा महाराज के मंदिर से शोभायात्रा बैंड बाजों के साथ प्रारंभ हुई जो पशुपतिनाथ पुलिया, सदर बाजार और विभिन्न मार्गों से निकलकर पुनः मंदिर पर पहुंची। श्री पीपाजी महाराज के जयकारा लगाते हुए सभी समाज बंधु सफेद वस्त्र पहने हुए साफा बांधे और पीछे महिलाएं अपने परिधान लाल चुनर में गीत गाती हुई, पीपा महाराज के जयकारे लगाते हुए नाचते गाते शोभायात्रा निकाली गई। बाजार के चौराहे पर समाजबंधु, युवा संगठन ने आइसक्रीम ठंडा शीतल जल एवं शरबत का स्टॉल समाज बंधुओं ने लगाये इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पंकज पंवार रतलाम (सेवानिवृत्त रेलवे विभाग), राजेश मकवाना (सेवानिवृत्त लेखापाल), गोपाल चावड़ा, हीरालाल चौहान, संतोष परमार मंदसौर, पप्पू सोलंकी (पत्रकार) तुरकिया, ललित कनेरिया, विक्रम कनेरिया, देव कनेरिया पिपलिया मंडी द्वारा पीपाजी महाराज की छवि पर पूजा अर्चना व दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथियों का ट्रस्टीयों एवं अध्यक्ष द्वारा साफा बांधकर शाल व श्रीफल द्वारा सम्मान किया गया। इस अवसर पर स्व. प्रेम कैलाश सोलंकी की स्मृति में उनके पुत्र एवं अतिथि व ट्रस्ट द्वारा छात्र-छात्राओं का सम्मान कर शील्ड एवं प्रमाण पत्र सम्मान राशि भेंट की गई। युवा संगठन द्वारा पीपा जन्मोत्सव पर कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया।ललित कनेरिया, विक्रम कनेरिया, देव कनेरिया द्वारा संगीतमय बांसुरी वादन और सैक्सोफोन की प्रस्तुत दी गई। अमित परमार, आयुष भाटी द्वारा भी गीत की प्रस्तुत दी गई। पीपा जी महाराज की बड़ी छवि अंकित चावड़ा द्वारा 31 हजार रुपए एवं छोटी छवि विक्रम कनेरिया पिपलियामंडी द्वारा 7101 रुपए में घर पर साल भर की पूजा अर्चना के लिए बोली लगाई गई। अध्यक्ष आनंद भाटी का 3 वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने पर नवीन अध्यक्ष गोपाल चावड़ा को मनोनीत किया गया। पश्चात सभी समाज जनों ने प्रसादी का आनंद लिया। सभी समाज बंधुओ ने तन मन धन से सहयोग किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष आनंद भाटी, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश पालीवाल, कोषाध्यक्ष रमेशचंद पालीवाल, सचिव मुकेश सोलंकी, सहसचिव महेश पंवार, संगठन मंत्री ललित कुमार भाटी, मीडिया प्रभारी राजेश गहलोत, कानूनी सलाकार भूपेश भाटी, ट्रस्टीगण अंबालाल देवड़ा (पूर्व अध्यक्ष), मदन कुमार गेहलोत, जुगल किशोर सोलंकी, रमेशचंद्र पंवार, गोपाल चावड़ा, सुनील पालीवाल, संजय पंवार ने अपना सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर अध्यक्ष, पदाधिकारी, ट्रस्टी, युवा संगठन, महिला शक्ति, समाज के कार्यकर्ता एवं समस्त श्री पीपा क्षत्रिय समाजगण उपस्थित थे। कार्यक्रम आभार आनंद भाटी द्वारा किया गया।
=======
ग्रीष्मकाल में पेयजल समस्या के समाधान हेतु कंट्रोल रूम स्थापित
मंदसौर 3 अप्रैल 26 / लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर पेयजल समस्या निवारण प्रकोष्ठ (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बताया कि जिले में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा संभावित सूखा एवं अतिवृष्टि जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए यह कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है।
पेयजल संबंधी किसी भी समस्या के लिए नागरिक कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07422-256284 पर संपर्क कर सकते हैं। यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक कार्यरत रहेगा।
=============
श्री उत्तरमुखी बालाजी मंदिर पर दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान कल 4 अप्रैल से
सुन्दरकाण्ड पाठ और विशाल भण्डारा होगा आयोजि
मंदसौर। स्थानीय रामघाट स्थित श्री उत्तरमुखी बालाजी रामेश्वरम महादेव मंदिर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। श्री उत्तरमुखी बालाजी की असीम कृपा से आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव में सुन्दरकाण्ड पाठ, भजन संध्या, महाआरती और विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष पार्षद कमलेश सिसौदिया ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार 4 अप्रैल 2026 को सायं 7.30 बजे से होगी जिसमें भक्तिमय सुन्दरकाण्ड पाठ एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक अरूण सोनी व रोहित शर्मा भजनों की प्रस्तुति देंगे। महोत्सव के दूसरे दिन रविवार 5 अप्रैल 2026 को सायं 5 बजे मंदिर परिसर में महाआरती का आयोजन होगा और इसके पश्चात विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा जो देर शाम तक चलेगा।
श्री उत्तरमुखी बालाजी मंदिर सेवा समिति रामघाट ने नगर के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार इन धार्मिक आयोजनों में पधारकर धर्मलाभ लेने और प्रसादी ग्रहण करने का आग्रह किया है।
=========
राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कमलकृष्ण गौशाला विकास हेतु 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की
मंदसौर । क्षेत्र की श्री कमलकृष्ण गौशाला आकोदडा के विकास हेतु राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह द्वारा सांसद निधि से पाँच लाख रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत की गई है । इस सहयोग के लिए क्षेत्रवासियों एवं गौशाला प्रबंधन समिति ने उनका हृदय से आभार व्यक्त किया है। जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष शंकरलाल आँजना ने जानकारी देते हुए बताया कि यह राशि गौवंश के लिए शेड निर्माण एवं आश्रय स्थल के जीर्णोद्धार में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी । क्षेत्र में बेसहारा गौवंश के संरक्षण एवं प्रबंधन के प्रति सांसद श्री सिंह की संवेदनशीलता सराहनीय है । उन्होंने कहा कि इस उदार सहयोग से गोसेवा के कार्यों को नई मजबूती मिलेगी तथा गौवंश के बेहतर रखरखाव में सहायता प्राप्त होगी । गौरतलब हे कि इस राशि के लिए श्री शंकरलाल आँजना ने राज्य सभा सांसद श्री दिग्विजय सिंह से आग्रह किया था । श्री अंजना ने समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से सांसद श्री दिग्विजय सिंह के प्रति आभार प्रकट करते हुए उनके प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी उनका मार्गदर्शन एवं सहयोग इसी प्रकार मिलता रहेगा।
==========
“अनुराग” जनजागरण पदयात्रा ५ अप्रैल २०२६, रविवार को
मन्दसौर (निप्र) स्वच्छता, पर्यावरण व जल संवर्धन के लक्ष्य को लेकर मन्दसौर नगर से अनुराग (प्रेम) रखने वाले गणमान्य नागरिकों के मार्गदर्शन में पदयात्रा निकाली जाएगी । प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को निकाली जाने वाली पदयात्रा दिनांक ५ अप्रैल २०२६, रविवार को प्रातः ठीक ८.३० बजे, किला कोर्ट परिसर के बाहर से प्रारम्भ होकर बड़ी होली, किला रोड, कंदोया गली, चौबदार घट्टा, माली चौक, नीम चौक, पुरानी तहसील, भोईवाडा, मन्दसौर क्षेत्र में भ्रमण करेगी ।
पैदल चलने में असमर्थ महानुभाव प्रातः ९ से ९.१५ के मध्य एकत्रीकरण स्थल – किला कोर्ट परिसर के बाहर, मन्दसौर पर पधारकर आमजन हित के इस अभियान को अपना नैतिक समर्थन अवश्य प्रदान करें ।
==============
दिगंबर जैन आर्यिका द्वय का 5 अप्रैल को मंदसौर में भव्य मंगल प्रवेश
मंदसौर। दिगंबर जैन आर्यिका 105 श्री समर्थ श्री माताजी एवं 105 श्री सार्थक श्री माताजी का ससंघ दिनांक 5 अप्रैल 2026 को मंदसौर नगर में मंगल प्रवेश होने जा रहा है। उल्लेखनीय है कि आर्यिका द्वय की कर्मभूमि और जन्मभूमि मंदसौर ही है। आप दिगंबर जैन समाज के समाजसेवी स्व. डॉ. अजित कुमार जैन के परिवार की सांसारिक जीवन में सदस्य रही हैं। गणाचार्य श्री विराग सागर महाराज से दिनांक 25 अक्टूबर 2015 को अजमेर में दीक्षा ग्रहण करने के 11 वर्षों बाद आर्यिका द्वय का प्रथम आगमन अपने गृहनगर में हो रहा है।
डॉ. एस.एम. जैन ने बताया कि दीक्षा के पश्चात आर्यिका द्वय ने सलुम्बर, उदयपुर, ईडर, विजयनगर, हिम्मतनगर, अहमदाबाद, महुआ पार्श्वनाथ, इचलकरंजी एवं रतलाम में चातुर्मास कर धर्म प्रभावना की है। आपने मालवांचल के उन गांवों में भी विहार कर दिगंबर जैन सिद्धांतों के प्रति जागरण की अलख जगाई है, जहाँ अभी तक दिगंबर जैन संतों का सानिध्य प्राप्त नहीं हुआ था।
आर्यिका द्वय के ससंघ मंगल प्रवेश के प्रति स्थानीय दिगंबर जैन समाज में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। दिगंबर जैन समाज के पदाधिकारियों ने दिनांक 5 अप्रैल 2026 को प्रातः 8.30 बजे नूतन स्कूल मेन गेट के यहां एकत्रित होकर आर्यिका द्वय की भव्य अगवानी करने की अपील की है।
=========
उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ दीक्षांजलि समारोह
मन्दसौर। सरस्वती विद्या मंदिर सीबीएसई, संजीत मार्ग में कक्षा 12वीं के भैया-बहनों का दीक्षांजलि समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में भैया-बहनों को विशेष रूप से बालाजी मंदिर ले जाया गया, जहाँ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, गौ सेवा एवं पक्षियों हेतु जल-पात्र रखने जैसे सेवा कार्य किए गए।
इसके पश्चात विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भैया-बहनों के लिए रोचक गतिविधियां एवं मनोरंजक आयोजन किए गए, जिनमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही, विद्यालय में बिताए गए उनके स्मरणीय पलों को एक भावनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से साझा किया गया, जिसने सभी को भावुक कर दिया।
सम्राट यशोधर्मन सभागृह में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम मंचासिन मुख्य अतिथि श्री शिवांशु मालवीय (थाना प्रभारी, यशोधर्मन थाना मंदसौर) एवं अध्यक्ष के रूप में श्री राजदीप परवाल (कोषाध्यक्ष, भारतीय आदर्श शिक्षण समिति), श्री अशोक पारिख (सचिव, भारतीय आदर्श शिक्षण समिति), डॉ सरोज प्रसाद (प्राचार्य, सरस्वती विद्या मंदिर सीबीएसई) उपस्थित रहे। इस अवसर पर भैया-बहिनों को विद्यालय से प्राप्त संस्कारों को जीवन में अपनाने हेतु प्रेरित किया गया एवं शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए सभी भैया-बहिनों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। इस अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर सीबीएसई के प्रधानाचार्य श्री प्रवीण मिश्रा, सैनिक विद्यालय के प्राचार्य श्री अविनाश चतुर्वेदी, बीएड कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती योगीता सोमानी, छात्रावास अधीक्षक श्री कमल किशोर गोठी, एमपी बोर्ड विद्यालय के प्राचार्य श्री महेश वपता, उपप्राचार्य सुश्री लक्ष्मी राठौड़, आचार्य परिवार एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।
============
स्मृति नागरिक सहकारी बैंक का शानदार प्रदर्शन: शुद्ध एन पी ए शून्य प्रतिशत, व्यवसाय 1280 करोड़ पार
जमा और ऋण में उल्लेखनीय वृद्धि, इस वर्ष इंदौर और रतलाम में नई शाखाएँ खोलने की तैयारी
मंदसौर। स्मृति नागरिक सहकारी बैंक ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के उत्कृष्ट परिणाम घोषित करते हुए बैंकिंग क्षेत्र में अपनी मजबूत स्थिति का प्रदर्शन किया है। बैंक का शुद्ध एनपीए (NPA) शून्य प्रतिशत रहा, जो वर्तमान बैंकिंग परिदृश्य में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। साथ ही बैंक के कुल व्यवसाय में 14 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए यह आंकड़ा 1280 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील पंजवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025-26 में बैंक की जमा राशि में 106 करोड़ रुपये तथा अग्रिम (ऋण) में 53 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। 31 मार्च 2025 को बैंक की जमा राशि 669.45 करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर 31 मार्च 2026 को 775.26 करोड़ रुपये हो गई। वहीं अग्रिम राशि 451.80 करोड़ रुपये से बढ़कर 504.80 करोड़ रुपये पहुंच गई।
उन्होंने बताया कि जहां अन्य बैंक एनपीए की समस्या से जूझ रहे हैं, वहीं स्मृति बैंक ने अपने शुद्ध एनपीए को शून्य प्रतिशत पर बनाए रखते हुए खुद को अग्रणी बैंकों की श्रेणी में स्थापित किया है।
बैंक के संस्थापक एवं मार्गदर्शक श्री नरेन्द्र नाहटा ने बताया कि स्मृति बैंक मध्यप्रदेश का एकमात्र सहकारी बैंक है जिसने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में अपना विशेष स्थान बनाया है। वर्ष 2025-26 में बैंक को भोपाल में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में सहकारिता विभाग द्वारा “प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ बैंक” के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
उन्होंने बताया कि बैंक ने इस वर्ष 160 करोड़ रुपये का अतिरिक्त व्यवसाय करते हुए कुल व्यवसाय को 1280 करोड़ रुपये तक पहुंचाया, जिसमें 775 करोड़ रुपये का डिपॉजिट शामिल है। उन्होंने कहा कि बैंक को शेड्यूल्ड बैंक का दर्जा प्राप्त करने के लिए 1000 करोड़ रुपये के डिपॉजिट का लक्ष्य रखा गया है।
बैंक प्रबंधन का उद्देश्य स्मृति बैंक को मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के रूप में विकसित करना और आगे चलकर शेड्यूल्ड बैंक बनाना है, ताकि ग्राहकों को इंटरनेट बैंकिंग सहित सभी आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। साथ ही 1 अप्रैल 2026 से ऋण प्रकरणों का अधिकतम 10 दिनों में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
बैंक द्वारा ग्रामीण और अर्द्ध शहरी क्षेत्रों में विस्तार के लिए 50 व्यवसायिक संवाददाता (बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट) और व्यापार सहायक (बिजनेस फैसिलिटेटर ) की नियुक्ति की जाएगी। ये प्रतिनिधि खाता खोलने, जमा संग्रह, नकद भुगतान, राशि अंतरण, केवाईसी एवं विभिन्न ऋण प्रकरणों को आगे बढ़ाने जैसे कार्य करेंगे।
भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्मृति बैंक नई शाखाएं खोलने के सभी मानदंडों को पूरा कर चुका है। इसी क्रम में वर्ष 2026-27 में इंदौर और रतलाम में दो नई शाखाएं खोली जाएंगी। इसके साथ ही बैंक की शाखाओं की संख्या 14 से बढ़कर 16 हो जाएगी। भविष्य में 3 और शाखाएं खोलने की योजना भी तैयार की जा रही है।
बैंक के अध्यक्ष राहुल नाहटा ने इस उपलब्धि का श्रेय बैंक स्टाफ की मेहनत को देते हुए कहा कि आगामी वर्ष 2026-27 में भी निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए पूरा स्टाफ प्रतिबद्ध है।


