
रिपोर्टर जितेंद्र सिंह चंद्रावत जडवासा
ढाबे के आड़ में कर रहा था अवैध शराब कारोबार
जावरा/कालुखेड़ा: रतलाम जिले में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखबिर की सटीक सूचना पर कालुखेड़ा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है।
पहली कार्रवाई: नाकाबंदी में धराई शराब से भरी कार
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक हुंडई क्रेटा कार (GJ01RP7449) में अवैध शराब भरकर जावरा से रियावन की ओर ले जाई जा रही है। पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से 16 पेटी (800 क्वार्टर) देशी मसाला शराब बरामद हुई। इस मामले में पुलिस ने पुष्पराज सिंह पिता रणजीत सिंह राठौर (29) और रघुवंशी पिता ओंकारलाल मोगिया (35), दोनों निवासी भाटखेड़ी को गिरफ्तार किया है।
दूसरी कार्रवाई: ढाबा संचालक के घर से मिला जखीरा
पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में कंसेर निवासी अजयपाल सिंह का नाम सामने आया, जो मुख्य सप्लायर बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने अजयपाल सिंह के घर के पीछे दबिश दी, जहाँ घास में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। अजयपाल सिंह यहाँ एक ढाबा संचालित करता है और आड़ में शराब का अवैध धंधा चला रहा था। पुलिस ने अब तक कुल 40 पेटी से अधिक शराब और तस्करी में इस्तेमाल वाहन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 6 लाख 84 हजार 650 रुपये आंकी गई है।
आरोपी फरार, पुलिस की तलाश जारी
कालुखेड़ा थाना प्रभारी शंकरसिंह चौहान ने बताया कि मुख्य आरोपी अजयपाल सिंह फिलहाल फरार है। पुलिस ने उसे दोनों ही मामलों में आरोपी बनाया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
कार्रवाई में इनका रहा सराहनीय योगदान:
इस पूरी कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं सीएसपी जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। थाना कालुखेड़ा के निरीक्षक शंकरसिंह चौहान, उप निरीक्षक प्रियंका चौहान, सहायक उप निरीक्षक शिवनाथसिंह राठौर व मनीष शर्मा, प्रधान आरक्षक महेंद्र फतरोड, आरक्षक नरेंद्रसिंह चावड़ा, श्याम पंड्या, नितिन जोशी, पवन जाट, लक्ष्मण, महिला आरक्षक योगिता, पूजा मुजाल्दे और सैनिक दिलीप गायरी की भूमिका महत्वपूर्ण रही।



