समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 05 फरवरी 2026 गुरुवार

////////////////////////////////////
SDM स्वाति तिवारी पहुंच रही हैं खेतों, किसानों का दर्द समझने वाली SDM स्वाति तिवारी की कार्यशैली की तारीफ़
मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ ब्लॉक की एसडीएम (SDM) स्वाति तिवारी इन दिनों खेतों में खड़ी फसलों की बर्बादी का जायज़ा लेने पहुंच रही हैं। एसडीएम मैडम का यह काम किसान हितैषी है। कई अधिकारी ऐसे हैं जो ओलावृष्टि तथा बारिश से प्रभावित किसानों के बीच अभी तक नहीं पहुंचे हैं। लेकिन एसडीएम स्वाति तिवारी खेतों में दौड़ लगा रही हैं। उनका प्रयास है कि एक सप्ताह में सर्वे का काम पूरा हो जाए।मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में ओलावृष्टि प्रभावित गांवों में एसडीएम स्वाति तिवारी तहसीलदार ब्रजेश मालवीय व पटवारी अमला क्षेत्र के प्रभावित कितु खेड़ी सहित अन्य गाँवों में पहुंचे।
============
करोड़ों की चांदी के साथ गरोठ के दो युवक गिरफ्तार
गरोठ।कोटा ग्रामीण कनवास पुलिस थाना अंतर्गत पुलिस ने 49 किलो चांदी ले जाते दो युवकों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार ऑपरेशन क्लिन स्वीप के तहत नाकेबंदी के दौरान कोटा ग्रामीण कनवास पुलिस थाना अंतर्गत पुलिस ने 49 किलो से अधिक चांदी अंतर्राष्ट्रीय कीमत 1.40 करोड़ रुपए की (चांदी की सिल्लियां) की जप्त , दस्तावेज के अभाव में जीएसटी एवं आयकर विभाग को की गई सूचना , मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के दो युवक गिरफ्तारी किया। आशीष जैन पिता प्रकाशचंद जैन और पीरूलाल माली पिता मोतीलाल माली को गिरफ्तार किया।
=======
श्री सांवरिया सेठ पैदल यात्रा में भक्ति की आई सुनामी, सर्व समाज ने किया स्वागत,अभिनंदन — आयोजक अरूल अरोरा गंगानगर ने इस वर्ष भी रच दिया इतिहास, यात्रा में भोजन, चाय, नाश्ता के साथ चिकित्सकीय सुविधा भी चली साथ—साथ — पैदल यात्रा ले चुकी है एक उत्सव का रूप, महिला, बजुर्ग, बच्चे सभी सभी शामिल
==========
अधीक्षण यंत्री आर सी जैन का स्थानांतरण होने पर मंदसौर वृत्त ने दी विदाई

मंदसौर। मप्र विद्युत वितरण कम्पनी के मंदसौर अधीक्षण यंत्री आर सी जैन का स्थानांतरण मंदसौर से इंदौर पदोन्नती पर हुआ है मंगलवार को मप्र विद्युत वितरण कम्पनी मंदसौर वृत्त के अन्य अधिकारियों ने उन्हे विदाई देते हुए पदोन्नति होने पर शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है।
मंदसौर के अधीक्षण यंत्री के पद पर आर सी जैन लगभग दो वर्ष तक रहे इस अवधि में कभी कोई विवादस्पद शैली नहीं रही। अभी हाल ही में मप्र शासन ने उन्हें पदोन्नत करते हुए इंदौर में स्मार्ट मीटर सेल में मुख्य अभियंता इंदौर क्षेत्र भेजा है। मंगलवार को आर सी जैन को मंदसौर वृत के सभी अधिकारी कर्मचारियों द्वारा शुभकामनाएं दी गई। इस मौके पर कार्यपालन यंत्री मंदसौर संभाग दीपक बांदिल, कार्यपालन यंत्री मल्हारगढ़ संभाग गिरीश शाक्य, पंकज कुमावत सहायक यंत्री मंदसौर व्रत तथा दशरथ चंद्रावत मध्य प्रदेश विद्युत फेडरेशन अध्यक्ष उपस्थित थे।
=======
विश्व कैंसर दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने निकाली जन-जागरूकता रैली
मंदसौर 4 फरवरी 26 / मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. गोविंद सिंह चौहान द्वारा बताया गया कि विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जिले में कैंसर के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रैली का आयोजन किया गया। जिला चिकित्सालय से प्रारंभ हुई इस रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहाँ आमजन को कैंसर की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
रैली के दौरान कैंसर से बचाव के नारों ने शहरवासियों का ध्यान खींचा। सामाजिक कार्यकर्ता एवं मजदूर संघ अध्यक्ष श्री करण सिंह परिहार और श्री जगदीश खींची ने जोशीले अंदाज में नारे लगवाकर लोगों को जागरूक किया। रैली का मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना था कि यदि कैंसर की पहचान शुरुआती चरणों में हो जाए, तो यह पूरी तरह इलाज योग्य है।
इस गरिमामयी आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से सम्मिलित हुए, जिनमें सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. रावत, एनसीडी (NCD) नोडल अधिकारी डॉ. आर.के. द्विवेदी, जिला मीडिया अधिकारी डॉ. एम.एल. कश्यप और सहायक एनसीडी नोडल अधिकारी श्री महेश धनोतिया शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि तंबाकू-शराब से दूरी और नियमित व्यायाम कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है।
रैली में स्वास्थ्य विभाग के अमले के साथ-साथ बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता, नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं और मजदूर संघ समिति के सदस्यों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां लेकर “कैंसर से डरना नहीं, लड़ना है” जैसे नारों के साथ समाज को एकजुट होने का आह्वान किया।
==================
जवाहर नवोदय विद्यालय की चयन प्रवेश परीक्षा 7 फरवरी को आयोजित होगी
मंदसौर 4 फरवरी 26 / नवोदय विद्यालय के प्राचार्य द्वारा बताया गया की जवाहर नवोदय विद्यालय चयन प्रवेश परीक्षा-2026 कक्षा 9 वीं एवं 11 वीं की 7 फरवरी 2026 को प्रात: 11 से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित होगी। यह परीक्षा पी.एम. श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय लदूना केन्द्र पर आयोजित होगी।
========
समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन हेतु पंजीयन का कार्य 7 फरवरी से प्रारंभ
गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रूपये प्रति क्विंटल घोषित
मंदसौर 4 फरवरी 26/ रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन के लिये किसान पंजीयन 7 फरवरी से शुरू होगा। किसान 7 फरवरी से 7 मार्च तक पंजीयन करा सकते हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने किसानों से आग्रह किया है कि निर्धारित समय में पंजीयन करा लें। उन्होंने बताया है कि किसान पंजीयन की व्यवस्था को सहज और सुगम बनाया गया है। कुल 3186 पंजीयन केन्द्र बनाये गए हैं। केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के लिये गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रूपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है, जो गत वर्ष से 160 रूपये अधिक है।
पंजीयन की नि:शुल्क व्यवस्था
पंजीयन की निःशुल्क व्यवस्था ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र पर, तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र पर और सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्र पर की गई है।
पंजीयन की सशुल्क व्यवस्था
पंजीयन की सशुल्क व्यवस्था एम.पी. ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेन्टर कियोस्क, लोक सेवा केन्द्र और निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर की गई है। इन केन्द्रों पर पंजीयन के लिये शुल्क राशि प्राप्त करने के संबंध में कलेक्टर निर्देश जारी करेंगे। प्रति पंजीयन के लिये 50 रूपये से अधिक शुल्क निर्धारित नहीं किया जाएगा। किसान पंजीयन के लिए भूमि संबंधी दस्तावेज़ एवं किसान के आधार कार्ड एवं अन्य फोटो पहचान-पत्रों का समुचित परीक्षण कर उनका रिकार्ड रखा जाना अनिवार्य होगा।
सिकमी, बटाईदार, कोटवार एवं वन पट्टाधारी किसान के पंजीयन की सुविधा केवल सहकारी समिति एवं सहकारी विपणन सहकारी संस्था द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्रों पर उपलब्ध होगी। इस श्रेणी के शत-प्रतिशत किसानों का सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा किया जाएगा। पूर्व वर्षों की किसी अपात्र संस्था में केन्द्र प्रभारी एवं ऑपरेटर को किसी अन्य संस्था में पंजीयन के लिए नहीं रखा जायेगा।
उपार्जित फसल के भुगतान हेतु बैंक खाता
किसान द्वारा समर्थन मूल्य पर विक्रय उपज का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किसान के आधार लिंक बैंक खाते में किया जाएगा। किसान के आधार लिंक बैंक खाते में भुगतान करने में किसी कारण से समस्या उत्पन्न होने पर किसान द्वारा पंजीयन में उपलब्ध कराये गए बैंक खाते में भुगतान किया जा सकेगा। किसान पंजीयन के समय किसान को बैंक का नाम खाता नंबर और IFSC कोड की जानकारी उपलब्ध करानी होगी। अक्रियाशील बैंक खाते, संयुक्त बैंक खाते एवं फिनो, एयरटेल, पेटीएम, बैंक खाते पंजीयन में मान्य नहीं होंगे। पंजीयन व्यवस्था में बेहतर सेवा प्राप्त करने के लिए यह जरूरी होगा कि किसान अपने आधार नंबर से बैंक खाता और मोबाईल नंबर को लिंक कराकर उसे अपडेट रखें।
जिला और तहसील स्तर पर स्थापित आधार पंजीयन केन्द्रों को क्रियाशील रखा जाए ताकि किसान वहां जाकर आसानी से अपना मोबाईल नंबर एवं बायोमेट्रिक अपडेट करा सकें। इस कार्य के लिए पोस्ट ऑफिस में संचालित आधार सुविधा केन्द्र का भी उपयोग किया जा सकता है। आधार नंबर से बैंक खाता लिंक कराने के लिए बैंकों के साथ भी समन्वय आवश्यक होगा। किसान के आधार लिंक बैंक खाते के सत्यापन हेतु पंजीयन के दौरान ही 1 रूपये का ट्रांजेक्शन मध्यप्रदेश राज्य आपूर्ति निगम द्वारा ई-उपार्जन/JIT पोर्टल के माध्यम से कराया जाएगा।
आधार नंबर का वेरिफिकेशन
पंजीयन कराने और फसल बेचने के लिए आधार नंबर का वेरिफिकेशन कराना अनिवार्य होगा। वेरीफिकेशन आधार नंबर से लिंक मोबाईल नंबर पर प्राप्त OTP से या बायोमेट्रिक डिवाईस से किया जा सकेगा। किसान का पंजीयन केवल उसी स्थिति में हो सकेगा जबकि किसान के भू-अभिलेख के खाते एवं खसरे में दर्ज नाम का मिलान आधार कार्ड में दर्ज नाम से होगा। भू-अभिलेख और आधार कार्ड में दर्ज नाम में विसंगति होने पर पंजीयन का सत्यापन तहसील कार्यालय से कराया जाएगा। सत्यापन होने की स्थिति में ही उक्त पंजीयन मान्य होगा।
किसानों को करें एसएमएस
विगत रबी एवं खरीफ के पंजीयन में जिन किसानों के मोबाइल नंबर उपलब्ध हैं, उन्हें एसएमएस से सूचित करने के निर्देश दिये गये हैं। गांव में डोंडी पिटवाकर ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर पंजीयन सूचना प्रदर्शित कराने तथा समिति/ मंडी स्तर पर बैनर लगवाने के निर्देश भी दिये गये हैं। किसान पंजीयन की सभी प्रक्रियाएँ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये गये हैं।


