मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 02 सितंबर 2026 बुधवार

*********************************

विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम पर बैठक सम्पन्न

 

4 सितंबर को नगर में भव्य चल समारोह निकलेगा
मंदसौर। विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले भव्य चल समारोह एवं धर्मसभा की तैयारियों को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम मंदसौर में विश्व हिंदू परिषद पदाधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन की बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में विहिप जिला मंत्री हेमंत बुलचंदानी ने बताया कि उत्सव को लेकर संगठन की ओर से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम के तहत 4 सितम्बर को दोपहर 12 बजे केशव सत्संग भवन से भव्य चल समारोह प्रारंभ होगा, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी चौराहा पहुंचेगा।
चल समारोह का मार्ग:
केशव सत्संग भवन → खानपुरा पुलिया → मंडी गेट → धान मंडी चौराहा → बड़ा चौक → गणपति चौक → शुक्ला चौक → घंटाघर → बस स्टैंड → बड़े बालाजी → गांधी चौराहा।
चल समारोह में घोड़ों पर सांस्कृतिक एवं पारंपरिक वेशभूषा में बहनों की सहभागिता, बैंड-बाजों के साथ मातृशक्ति की कलश यात्रा , पारंपरिक झांकियां, नगर एवं आसपास के क्षेत्रों की व्यायाम शालाओं के अखाड़ों द्वारा विभिन्न करतब, दुर्गा वाहिनी का अखाड़ा एवं शस्त्र कला प्रदर्शन, ढोल-ताशे तथा कलश यात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
इसके पश्चात गांधी चौराहा पर धर्मसभा आयोजित होगी, जिसमें केंद्रीय अधिकारी का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। धर्मसभा के उपरांत अखाड़ों के गुरु एवं उस्तादों का श्रीफल एवं दुपट्टा भेंट कर सम्मान किया जाएगा। साथ ही अखाड़ा उस्तादों को शस्त्र एवं सहयोग राशि भी भेंट की जाएगी।
रात्रि में गांधी चौराहा पर भव्य दही हांडी (मटकी फोड़) उत्सव आयोजित किया जाएगा। आसपास के क्षेत्रों की टोलियां प्रतियोगिता में भाग लेंगी तथा विजेता टोली को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर संगठन स्तर पर सभी तैयारियां पूर्ण हैं। वहीं पुलिस एवं प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा, यातायात एवं नगर की अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
बैठक में विहिप विभाग टोली के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला मंत्री एवं जिला टोली के पदाधिकारी, कोतवाली थाना प्रभारी (टीआई) तथा मंदसौर नगर पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

–00-

कृषि की अन्‍नती के क्षेत्र में मंदसौर जिले को ब्रांड बनाया जाएगा

किसान की समस्याओं के हल के लिए अग्रगामी प्रयास किए जाएंगे

जैविक उत्पादों की बिक्री के लिए बृहद प्लेटफार्म उपलब्ध कराया जाएगा

कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने जिले के प्रगतिशील किसानों से परिचर्चा की

मंदसौर 1 सितंबर 2026 / कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह की पहल पर जिले के प्रगतिशील किसानों से एक महत्वपूर्ण परिचर्चा उपज से उद्यम विषय पर आयोजित की गई। कृषि विज्ञान केंद्र पर आयोजित उक्त परि‍चर्चा में कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा जिले के प्रगतिशील एवं वैज्ञानिक सोच रखने वाले किसान बंधुओ से महत्वपूर्ण चर्चा की गई। सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन के अलावा कृषि उद्यानिकी सहकारिता तथा उद्योग विभागों के अधिकारी तथा जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक भी उपस्थित थे

परिचर्चा में कलेक्‍टर ने बताया कि किसानों की समृद्धि तथा कृषि की उन्‍नती के क्षेत्र में मंदसौर जिले को पुरे देश में एक ब्रांड के रूप में स्‍थापित करने के लिए कार्य योजना बनाई जाएगी जो किसानो के सुझावों पर आधारित होगी। इस अवसर पर जिले के विभिन्न हिस्सों से आए हुए लगभग 50 प्रगतिशील किसानों द्वारा उनके नवाचारों से अवगत कराया गया कृषि उद्यानिकी के क्षेत्र में किए जा रहे नवीन प्रयासों के बारे में जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने किसानों को बताया कि जिला प्रशासन एक अग्रगामी पहल द्वारा जिले के किसानों की आय में उत्तरो त्तर वृद्धि की कार्य योजना तैयार कर रहा है किसानों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए ठोस पहल की जा रही है जिसके अंतर्गत जिले के किसानों की उपज की बिक्री हेतु नेशनल इंटरनेशनल लिंकेज करने, जैविक उत्पादों की बिक्री के लिए साप्ताहिक हाट से आगे बढ़कर बड़े स्तर पर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने, सहकारी आधार पर किसानों के समूह बनाकर किसानो की स्थिति को मजबूत बनाने का कार्य किया जाएगा।

परिचर्चा में किसानों द्वारा मंडी में भुगतान में देरी की समस्या से अवगत कराया जाने पर कलेक्टर द्वारा निराकरण हेतु आश्वस्त किया गया, किसानों के खेतों में तार फेंसिंग हेतु लोन दिलवाने की बात भी कलेक्टर द्वारा कही गई। कलेक्टर ने कहा कि इस परिचर्चा में किसानों द्वारा जो भी सुझाव दिए जा रहे हैं उनका अध्ययन कर अमली जामा पहनाया जाएगा फसलों की स्टोरेज के लिए सुविधा देने पर भी कार्य किया जाएगा। जिले के अलग-अलग क्षेत्र में क्लस्टर बनाकर किसानों की आय में वृद्धि के लिए कार्य किया जाएगा।

कलेक्टर ने कहा कि किसानों को फसल प्रोसेसिंग के माध्यम से लाभ दिलवाया जाएगा, प्रयास किए जाएंगे कि किसान अपनी उपज के प्रसंस्करण भी स्थानीय स्तर पर तैयार कर सके जिले की मंडी में किसानो के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी मंडी में सीसीटीवी, टोकन सिस्टम में सुधार, ऑर्गेनिक फसलों के लिए पृथक व्यवस्था जैसे कार्य किए जाएंगे।

कलेक्टर ने कहा कि जिले के किसानों को खेती के माध्यम से संपन्न बनाने के लिए जिले में इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध है फोरलेन एटलेन द्वारा दूरस्थ मुंबई दिल्ली तक फसल उत्पादन पहुंचा जा सकते हैं आगामी समय मे शिघ्र ही किसानो के लिए कार्य योजना को मूर्त रूप देकर अमलीजामा पहनाया जाएगा।

–00–

जनसुनवाई में कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने 82 आवेदकों की सुनवाई की

मंदसौर 1 सितंबर 2026 / मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा जनसुनवाई की गई। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन द्वारा आवेदकों की समस्याओं पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय सीमा में निराकरण के निर्देश जारी किए गए। जनसुनवाई के दौरान आए विभिन्न प्रकरणों में त्वरित निर्देश जारी किए गए।

ग्राम गुराडियालालमुहा निवासी भेरूलाल ने हाईटेंशन विद्युत लाईन को मकान के उपर से हटाने के संबंध में आवेदन प्रस्‍तुत किया। जिस पर एमपीईबी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बाजखेड़ी निवासी सुगनबाई ने कृषि भुमि की नपती एवं सिमांकन के संबंध में आवेदन प्रस्‍तुत किया। जिस पर तहसीलदार कयामपुर को जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। सुरजनी निवासी कारूलाल ने भुमि का कब्‍जा दिलवाने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर तहसीलदार सितामऊ को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। मंदसौर निवासी दुर्गोश ने अवैध होर्डिंग्‍स के संबंध में आवेदन प्रस्‍तुत किया। जिस पर नगर पालिका सिएमओ को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में आरसीसी का निर्माण करवाने, शासकीय योजनाओं का लाभ दिलवाने, सिलिकोसिस बिमारी की राशि बढ़ाने, आर्थिक सहायता प्रदान करने, शासकीय भुमि से अतिक्रमण हटवाने, सीमांकन करवाने एवं भूखंड विक्रय करवाने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।

–00–

आपदा प्रबंधन में आपदा मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : सीईओ श्री अनुकूल जैन

जिला होमगार्ड के तत्वावधान में आपदा मित्र प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ

मंदसौर 1 सितंबर 2026 / आपदा मित्र कुशलता से प्रशिक्षण लेकर स्वयं को सदैव अपडेट रखें आपदाओं के दौरान आपदा मित्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। यह बात सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन ने मंदसौर में जिला होमगार्ड के तत्वावधान में आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रममें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री टी एस बघेल, सीएसपी श्री जितेंद्र सिंह भास्कर, जिला होमगार्ड कमांडेंट श्री वीरेंद्र सिंह जादौन, कंपनी कमांडर श्री रबबि उल्ला काजी आदि उपस्थित थे उल्लेखनीय है कि आपदा मित्र के रूप में जिले के 135 युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है जिसमें युवक युवातियां दोनों सम्मिलित है।

कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन ने कहा कि आपदाओं में कई प्रकार के प्रबंधन की जरूरत होती है जिसके लिए कुशल प्रशिक्षित व्यक्तियों का होना आवश्यक है आपदा के दौरान आमजन की सुरक्षा में आपदा मित्र की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण होती है यह बात सर्वाधिक मायने रखती है कि आपदा मित्र स्वयं के लिए नहीं बल्कि दूसरों की जान माल की सुरक्षा के लिए प्रशिक्षण ले रहे हैं। आपका जज्बा सराहनीय है आपकी संवेदनशीलता अन्य व्यक्तियों के लिए है। श्री जैन ने कहा कि वर्तमान में आपदाओं की प्रवृत्ति भी बदली है बदलती परिस्थिति में आपदा प्रबंधन के लिए सदैव अपडेट रहना होता है। प्रशिक्षण के पश्चात आपदा मित्र यह सुनिश्चित करें कि वे आवश्यकता के अनुसार सदैव उपलब्ध रहें नियत स्थान पर आपकी उपस्थिति मिले आपकी उपयोगिता, उपलब्धता आपदा मित्र का सबसे बड़ा गुण होता है। अपना सूचना तंत्र भी मजबूत रखना चाहिए सूचनाओं का त्वरित प्रवाह सुनिश्चित रहे।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि आपदा मित्र अच्छे से प्रशिक्षण प्राप्त करें उनकी भूमिका आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में बहुत विशिष्ट होती है। प्राकृतिक आपदाओं के अलावा भीड़ प्रबंधन व भीड़ नियंत्रण में भी आपदा मित्र बेहतर भूमिका निभा सकते हैं आपदा के दौरान आपदा मित्र सही समय पर सदैव उपलब्ध रहे।

नगर पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र सिंह भास्कर ने अपने संबोधन में आपदा मित्रों को अच्छे प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपदा मित्र अपने कर्तव्य के निर्वाह के लिए सदैव तत्परता का भाव रखते हुए निस्वार्थ भाव से सेवा कार्य की भावना रखें।

प्रारंभ में जिला होमगार्ड कमांडेंट श्री वीरेंद्र सिंह यादव ने स्वागत उद्बोधन दिया। कंपनी कमांडेंट श्री रबबी उल्ला काजी ने प्रशिक्षण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी कार्यक्रम का संचालन श्री विजय सिंह पुरावत ने किया आभार कंपनी कमांडर श्री संदीप भंवर ने माना।

–00–

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना

मंदसौर जिले के तीर्थ यात्रियों के लिए हरिद्वार ऋषिकेश यात्रा 16 सितंबर को

मंदसौर 1 सितंबर 2026 / मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत मंदसौर जिले के तीर्थ यात्रियों को लेकर विशेष ट्रेन आगामी दिनों हरिद्वार ऋषिकेश के लिए रवाना होगी जिले के यात्रियों के हरिद्वार ऋषिकेश यात्रा आगामी 16 सितंबर से 19 सितंबर तक संपन्न होगी हरिद्वार ऋषिकेश यात्रा के लिए आवेदन आगामी 9 सितंबर 2026 तक किया जा सकता है।

कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत हरिद्वार ऋषिकेश यात्रा के लिए जिले से 156 यात्री रवाना होंगे इनमें मंदसौर नगर तथा ग्रामीण से 50 दलोदा सीतामऊ सुवासरा शामगढ़ गरोठ भानपुरा से 15, 15 तथा मल्हारगढ़ से 16 यात्री जाएंगे।

मुख्यमंत्री दर्शन योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिक जो 60 वर्ष या अधिक आयु के हैं जो आयकर दाता नहीं है आवेदन कर सकते हैं महिलाओं के मामले में 2 वर्ष की छूट है आवेदक तहसील कार्यालय, स्थानीय निकाय, नगर परिषद एवं जनपद पंचायत आदि स्थानों पर आवेदन कर सकते हैं।

–00–

बकरीपालन का 12 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण मंदसौर में 4 सितंबर से प्रारंभ

मंदसौर 1 सितंबर 2026 / ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान प्रबंधक द्वारा बताया गया कि ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान मंदसौर द्वारा निःशुल्क 12 दिवसीय बकरीपालन की ट्रेनिंग 4 सितंबर 2026 से प्रारंभ होगी। 18 से 50 वर्ष वाले इच्छुक प्रत्याशी अपना रजिस्ट्रेशन जल्द से जल्द करवा लेवे जिससे उनका स्थान सुरक्षित हो जाए। प्रत्याशी अपने साथ दो फोटो, आधार कार्ड, राशन कार्ड, समग्र आईडी कार्ड, अंतिम मार्कशीट और बैंक खाते की डिटेल फोटो प्रति लेकर रजिस्ट्रेशन करवा सकते है।

प्रवेश संबंधित अधिक जानकारी के लिए सर्किट हाउस के पहले नई आबादी पुलिस थाने के पास ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया आरसेटी) मोबाईल नम्‍बर 6269058449 , 9111858590, 8435806297 में प्रातः 10 से शाम 5 बजे कार्यालयीन समय पर संपर्क कर सकते हैं।

–00–

लापरवाही पर बड़ा एक्शन: नापाध्यक्ष श्रीमती यादव ने दो जमादारों को किया निलंबित, सफाई व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश

सुबह से वार्डों की स्वयं करेगी मॉनिटरिंग

शामगढ़।नगर में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती कविता यादव ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। वार्डों के औचक निरीक्षण और निर्माण कार्यों के अवलोकन के दौरान मिली शिकायतों के बाद नापाध्यक्ष ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो जमादारों को निलंबित कर दिया है। साथ ही व्यवस्था में कोताही बरतने पर कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों पर संतुष्टि जाहिर करते हुए

वार्ड वासियों ने की सफाई व्यवस्थाओं की शिकायत, नालियों में मिली गंदगी

नापाध्यक्ष श्रीमती यादव ने वार्ड क्रमांक 1 से 7 तक का सघन अवलोकन किया। इस दौरान कचरे के ढेर और गंदगी ओर नालियों को देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान मौजूद वार्ड वासियों ने भी सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें कीं। मामले को तुरंत संज्ञान में लेते हुए नापाध्यक्ष ने मौके पर ही जमादार राजेश बाली और कैलाश बाली को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।

अस्पतालों में भीड़, मौसमी बीमारियों का खतरा निरीक्षण के दौरान जल कार्य सभापति बंटी भाई और पार्षद प्रतिनिधि नवीन फरक्या भी मौजूद रहे। नापाध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिसके कारण अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे संवेदनशील समय में गंदगी बीमारियों को और बढ़ावा दे सकती है। नगर में सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

सफाई कर्मचारियों पर लगाम कसने और मॉनिटरिंग मजबूत करने के लिए नापाध्यक्ष ने स्वच्छता प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय और मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) सुरेश कुमार यादव को व्यवस्था देखने का निर्देश दिया है

उन्होंने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर इससे भी सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

–00–

मंदसौर की बेटी हिम शिखा को भोपाल में आयोजित भव्य मुख्यमंत्री खिलाड़ी सम्मान मिला

खेल दिवस पर भोपाल में भव्य मुख्यमंत्री खिलाड़ी सम्मान समारोह एवं हॉकी टूर्नामेंट संपन्न
भोपाल। प्रदेश स्तर की वॉलीबॉल खिलाड़ी के रूप में मंदसौर की बेटी हिम शिखा यादव को भोपाल में आयोजित भव्य मुख्यमंत्री खिलाड़ी सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। प्रदेश भाजपा खेल प्रकोष्ठ द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर भोपाल में मुख्यमंत्री खिलाड़ी सम्मान समारोह एवं हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के अवॉर्डी खिलाड़ियों सहित अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंदसौर की प्रतिभावान वॉलीबॉल खिलाड़ी हिम शिखा यादव को प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों का सम्मान प्रदेश के खेल एवं युवक कल्याण मंत्री डॉ.विश्वास सारंग तथा भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मानसिंह यादव ने किया। इस अवसर पर भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक शांतिलाल मालवीय, बीपीएड संघ के प्रदेश अध्यक्ष बंशी राठौर सहित प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजकों ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हैं और प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

–00–

शासकीय महाविद्यालय दलोदा में मनाया गया जीवन बीमा निगम का स्थापना दिवस
शासकीय महाविद्यालय दलोदा में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आज दिनांक 01/09/2026 को जीवन बीमा निगम का स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. एल. आर्य के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जीवन बीमा के महत्व, वित्तीय सुरक्षा एवं भविष्य की योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. पवन कुमार पिलोदिया ने जीवन बीमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन बीमा व्यक्ति और उसके परिवार को भविष्य की अनिश्चित परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को बचत, निवेश और वित्तीय नियोजन के प्रति जागरूक रहने तथा भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए वित्तीय अनुशासन अपनाने की आवश्यकता बताई। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की प्रभारी मेनाज बी ने भी जीवन बीमा की उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता का ज्ञान होना वर्तमान समय में अत्यंत आवश्यक है। जीवन बीमा केवल सुरक्षा का साधन ही नहीं, बल्कि व्यक्ति को भविष्य के लिए सुनियोजित बचत और आर्थिक स्थिरता की दिशा में प्रेरित करने वाला माध्यम भी है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के डॉ. रामधन मीणा, प्रो. रत्नेश बैरागी सहित समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जीवन बीमा तथा वित्तीय सुरक्षा के महत्व की जानकारी प्रदान करते हुए जागरूक किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}