मंदसौर के राजवर्धन सिंह राठौर बने स्टेट शूटिंग चैंपियन

मंदसौर के राजवर्धन सिंह राठौर बने स्टेट शूटिंग चैंपियन
मंदसौर-14 से 22 जुलाई 2026 तक मध्यप्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन द्वारा इंदौर स्थित एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित 29वीं मध्यप्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में मंदसौर के होनहार निशानेबाज राजवर्धन सिंह राठौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य सहित कुल 5 पदक जीतकर स्टेट चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस शानदार उपलब्धि से उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे मंदसौर जिले का नाम प्रदेशभर में गौरवान्वित किया।
राजवर्धन सिंह राठौर वर्तमान में रतलाम स्थित Aimers Shooting Academy में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) से एनएस-एनआईएस, पटियाला प्रमाणित कोच भूपेंद्र सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
इस उपलब्धि पर कोच भूपेंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा, “राजवर्धन ने प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया है। यह सफलता उनकी लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। हमें पूर्ण विश्वास है कि वे आने वाली राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी मध्यप्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।”
राजवर्धन के माता-पिता एवं परिवारजनों ने उनकी इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कोच एवं Aimers Shooting Academy का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेहतर प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन के कारण राजवर्धन लगातार नई उपलब्धियाँ हासिल कर रहे हैं।
राजवर्धन सिंह की इस शानदार सफलता पर खेल प्रेमियों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।



