देवरिया जंक्शन पर 52.56 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्त

देवरिया जंक्शन पर 52.56 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्त
देवरिया। यूपी टीईटी परीक्षा के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर चलाए जा रहे विशेष सुरक्षा अभियान के दौरान देवरिया जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ व जीआरपी की संयुक्त टीम ने गुरुवार को तस्करी के लिए बिहार ले जाई जा रही 52.56 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ अमरनाथ ने बताया कि वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में देवरिया जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या-1 के पश्चिमी छोर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो बैग लेकर खड़े तीन युवक संदिग्ध प्रतीत हुए। तलाशी लेने पर बैग से 24 बोतल रॉयल स्टैग व्हिस्की (750 एमएल) और 192 बोतल आफ्टर डार्क ब्लू रेयर ग्रेन व्हिस्की (180 एमएल) बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 52.56 लीटर तथा अनुमानित कीमत 47,280 रुपये बताई गई है।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली (बिहार) निवासी अमन कुमार, पंकज कुमार और हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार में अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी, क्योंकि वहां शराबबंदी लागू है।जीआरपी देवरिया ने आरोपितों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार कर रहे हैं।संयुक्त कार्रवाई में जीआरपी देवरिया के प्रभारी निरीक्षक अभिषेक पांडेय, सहायक उपनिरीक्षक चन्द्रसेन सिंह, आरपीएफ के उपनिरीक्षक रमाशंकर सिंह, सुरेंद्र यादव, सुधीर दीक्षित तथा आनंद प्रकाश सहित अन्य जवान शामिल रहे।



