समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 09 जुन 2026 मंगलवार

//////////////////////////////////////////////
समग्र के कार्यों के लिए विशेष शिविर लगाए, प्रतिदिन करें समीक्षा
12 जून से 18 जून तक जिले में आयोजित होंगे जन कल्याण शिविर
मंदसौर 8 जून 26 / अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल की अध्यक्षता में सोमवार को सुशासन भवन स्थित सभागृह में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर कलेक्टर श्रीमती जायसवाल ने निर्देश दिए कि समग्र आईडी से संबंधित कार्यों के लिए विशेष शिविर लगातार आयोजित किए जाएं तथा उनकी प्रतिदिन समीक्षा की जाए। शिविरों में नवीन समग्र निर्माण एवं ई-केवाईसी के कार्य प्राथमिकता से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि स्कूलों में मरम्मत कार्य समय-सीमा में पूर्ण कर प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करें। साथ ही छात्रावास, आंगनबाड़ी भवन एवं अन्य शासकीय भवनों के मरम्मत कार्य भी वर्षाकाल से पूर्व पूर्ण किए जाएं।
बैठक में बताया गया कि जिले में 12 जून से 18 जून 2026 तक जन कल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से हितग्राही मूलक योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
अपर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भूमि आवंटन के बिना कोई भी विभाग निर्माण कार्य प्रारंभ न करे। पेयजल आपूर्ति, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा पानी की चोरी से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा संबल योजना के पंजीयन एवं अनुग्रह सहायता राशि से संबंधित लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
==================
बाल संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
मिशन वात्सल्य एवं मिशन शक्ति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक संपन्न
मंदसौर 8 जून 26 / अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल की अध्यक्षता में मिशन वात्सल्य अंतर्गत जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा मिशन शक्ति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में मिशन वात्सल्य अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे स्पॉन्सरशिप योजना, मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना, आफ्टर केयर योजना एवं पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही मिशन शक्ति अंतर्गत महिला हेल्पलाइन एवं वन स्टॉप सेंटर के प्रभावी क्रियान्वयन सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अपर कलेक्टर श्रीमती जायसवाल ने बाल देखरेख संस्था “अपना घर” के बच्चों के नियमित अध्ययन, दत्तक ग्रहण हेतु विधिमुक्त बच्चों के प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा संस्था में निवासरत बच्चों के आवश्यक दस्तावेज समय-सीमा में तैयार कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए बाल संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला श्रम अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला खेल अधिकारी, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग, जिला योजना अधिकारी, प्रभारी अधीक्षिका बाल देखरेख संस्था “अपना घर” बालिका गृह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
============
ग्राम बालागुढा में भूमि आवंटन के संबंध में आपत्ती/ अभिमत 15 जून तक प्रस्तुत करें
मंदसौर 8 जून 26 / मल्हारगढ़ तहसीलदार द्वारा बताया गया कि कार्यालय मुख्य चित्सिा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मंदसौर द्वारा ग्राम बालागुढा में स्थित शासकीय भूमि सर्वे नम्बर 1204 मे से रकबा 0.2526 हेक्टेयर भूमि पर प्राथमीक स्वास्थ्य केन्द्र भवन निर्माण हेतु भूमि आबंटित करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है। प्राथमीक स्वास्थ्य केन्द्र भवन निर्माण के लिए अभिमत 15 जून 2026 तक प्रस्तुत कर सकते है।
==============
चार्ज रजिस्टर एवं ग्राम-नगर रजिस्टर संधारण कार्य जारी
जनगणना की तैयारियों को लेकर जिले में अभिलेख अद्यतन करने की प्रक्रिया प्रारंभ
मंदसौर 8 जून 26 / जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती एकता जायसवाल द्वारा जानकारी बताई गई कि आगामी जनगणना की तैयारियों के अंतर्गत जिले में चार्ज रजिस्टर एवं ग्राम-नगर रजिस्टर के संधारण का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चार्ज अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के ग्राम, नगर, वार्ड एवं प्रगणक ब्लॉकों से संबंधित जानकारी का संकलन एवं सत्यापन किया जा रहा है। इस दौरान क्षेत्रीय अभिलेखों को अद्यतन करने के साथ-साथ आवश्यक संशोधन भी किए जा रहे हैं।
जनगणना प्रशिक्षण नोडल श्री सत्येंद्र राठौर ने बताया कि यह कार्य जनगणना अभिलेखों को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है, जिससे आगामी जनगणना का कार्य व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपादित किया जा सके।
============
लोकसेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत समय-सीमा में सेवा प्रदाय नहीं करने पर तहसीलदारों को किया गया जुर्माने से दण्डित
मंदसौर 8 जून 26 / कलेक्टर जिला मन्दसौर द्वारा जिले में लोकसेवा गारंटी अधिनियम 2010 के तहत सीमांकन, बंटवारा एवं नामांतरण के आवेदनों का शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा में निराकरण नहीं करने पर श्री मोहित सीनम तहसीलदार सीतामऊ, श्री विनोद कुमार शर्मा नायब तहसीलदार भानपुरा एवं श्री भीमसिंह खराड़ी नायब तहसीलदार शामगढ के विरूद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर राशि 5-5 हजार का जुर्माना अरोपित कर दण्डित किया। साथ ही श्री पंकज गंगवाल नायब तहसीलदार सीतामऊ व श्री पंकज जाट नायब तहसीलदार मल्हारगढ़ को भविष्य हेतु चेतावनी पत्र प्रेषित कर समस्त तहसीलदारों को लोकसेवा गारंटी के आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिये गये।
=========
नवागत दलौदा थाना प्रभारी श्री रविन्द्र प्रताप डांगी का किया स्वागत
दलौदा। दलौदा थाना क्षेत्र में नए थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण करने पर श्री रविन्द्र प्रताप डांगी का स्वागत किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जय हिन्द ग्रुप मंदसौर संयोजक समाजसेवी कुलदीप सिंह गौड़ ने दलौदा थाना परिसर पहुच कर नवागत दलौदा थाना प्रभारी का पुष्प हार पहना कर स्वागत अभिनंदन किया।
कुलदीप सिंह गौड़ ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था को बनाने और पुलिस-जनता समन्वय पर चर्चा करते हुए उन्हें शुभकामनाए दीं। दलौदा थाना प्रभारी श्री रविन्द्र प्रताप डांगी ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और भाईचारा बनाए रखना तथा अपराधियों पर अंकुश लगाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।
=======
मंदसौर। जीवदया और भारतीय संस्कृति के संस्कारों को आने वाली पीढ़ी में रोपित करने के उद्देश्य से महावीर इंटरनेशनल, मंदसौर द्वारा प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था के कार्यकारिणी सदस्य वीर अभय पोखरना के विशेष सहयोग से नाका नंबर 10 स्थित गोपाल कृष्ण गौशाला में गौसेवा का आयोजन संपन्न हुआ।
इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता संस्था के नन्हे-मुन्नों की सक्रिय भागीदारी रही। बच्चों ने अपने हाथों से गौमाता को हरा चारा खिलाकर सेवा का पुण्य लाभ अर्जित किया। नई पीढ़ी को गौसेवा और जीवदया जैसे मानवीय मूल्यों से जोड़ते हुए बच्चों का यह उत्साह वहां उपस्थित सभी लोगों के लिए आकर्षण और प्रेरणा का केंद्र बना रहा। यह दृश्य इस बात का प्रमाण था कि गौसेवा की गौरवशाली परंपरा सुरक्षित हाथों में है।
सकल जैन समाज अध्यक्ष लोकेंद्र जैन मुख्य अतिथि के रूप में अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल एक कार्य नहीं, बल्कि सबसे बड़ा पुण्य कर्म है। गौमाता की सेवा से जन्मों-जन्म के कष्ट मिट जाते हैं। गौशाला अध्यक्ष संजय लोढ़ा ने गौशाला के 120 वर्षों के गौरवमयी और सेवापूर्ण इतिहास से सभी सदस्यों को अवगत कराया। संस्था अध्यक्ष अरविंद कुदार एवं सुनीता कुदार द्वारा इस पुनीत कार्य को संपन्न कराने में अभय पोखरना के विशेष योगदान की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
इस अवसर पर अशोक ओस्तवाल (सह सचिव), नवीन छिंगावत (प्रवक्ता), पवन सोनी (मीडिया प्रभारी), योगेश जैन (प्रोजेक्ट चेयरमैन) तथा कार्यकारिणी सदस्य सुजानमल ओस्तवाल, लोकेंद्र फांफरिया, अखिलेश धींग एवं महेश धनोतिया सहित संस्था के अनेक वीर-वीरा सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम संचालन सचिव ऋषभ फांफरिया द्वारा किया गया, जबकि अंत में भावेश बख्शी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
======
भारतीय शिक्षण मण्डल मालवा प्रांत का दो दिवसीय परिचायक वर्ग सम्पन्न
प्रथम दिवस प्रथम सत्र में श्री पंकज नफाड़े द्वारा परिचायक वर्ग क्यों आवश्यक है यह बताया गया उन्होंने बताया कि परिचायक वर्ग कार्यकर्ता निर्माण के लिये लगाया जाता है। संगठन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा में भारतीयता का पुनर्जागरण जिसमें संस्कृति और संस्कारों को महत्व दिया जावे। परिचय सत्र के पश्चात रात्रि विश्राम किया गया।
द्वितीय दिवस की शुरुआत प्रातः 6 बजे योग एवं प्राणायाम से की गयी जिसमें एकात्मता स्त्रोत को दोहराया गया श्री कन्हैया देशमुख द्वारा यह सत्र लिया गया अल्पाहार के पश्चात श्री पंकज जी द्वारा भारतीय ज्ञान परम्परा, गुरुकुल पद्धति को आज के परिवेश में किस प्रकार शिक्षा में समाहित किया इसकी जानकारी दी। क्षेत्रीय संयोजक श्री लक्ष्मीकांत त्रिपाठी द्वारा कार्यकर्ता को संगठन में किस प्रकार एवं क्या-क्या कार्य सरल तरीके से करना चाहिये यह बताया। प्रांत अध्यक्ष श्रीमती माया इंगले ने मंडल संरचना को प्रत्यक्ष प्रयोग कर आसान तरीके से बताया कि किसी भी विषय को लेकर आपस में विमर्श कर चिन्तन के बाद समाधान कारक बिन्दू निकाले जावें। प्रांत मंत्री श्री मनीष देवनानी ने संगठन के पांच आयाम अनुसंधान, प्रबोधन प्रशिक्षण, प्रकाशन एवं संगठन की विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
श्री क्षितिज पुरोहित द्वारा मन्दसौर वर्ग की व्यवस्था संबंधी चर्चा की गयी, डॉ. श्रीमती अमृता सोनी द्वारा संगठन गीत दोहराया गया। वर्गाधिकारी श्यामसुन्दर देशमुख द्वारा वर्ग के दोनों दिनों की प्रारंभ से समापन तक की गतिविधियों की चर्चा की तथा वर्ग समाप्ति के पश्चात हमें क्या करना चाहिये यह बताया। जिला संयोजक विक्रम सिंह सिसौदिया ने वर्ग में पधारे सभी अतिथियों तथा प्रतिभागियों का आभार माना। कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र आचार्य द्वारा किया गया। वर्ग का समापन सामूहिक वंदेमातरम से हुआ।
=======
श्रीमद् भागवत महापुराण कथा एवं वृद्ध जनों का सम्मान समारोह आयोजित हुआ
सीतामऊ। छोटी काशी के नाम से जानी जाने वाले सीतामऊ में 28 मई से 3 जून तक सत्संग भवन में कृष्ण वल्लभ परसाई (उदयपुर) एवं परिवार निवासी सीतामऊ के द्वारा भागवत महापुराण कथा एवं वृद्ध जनों का सम्मान समारोह का आयोजन किया गया पूज्य गुरुदेव पंडित विजय कुमार द्विवेदी के मुखारविंद से भागवत महापुराण कथा को अमृतवाणी के रूप में सुनाई गई सत्संग भवन में सात दिवस तक कई श्रद्धालुओं भक्त जनों माता बहनों एवं परिवार जनों ने भागवत महापुराण कथा की अमृतवाणी का लाभ लिया भागवत महापुराण कथा की पूर्णाहुति के अगले दिवस श्री गीता जी का पाठ एवं अभिषेक का आयोजन हुआ उसी दिन दोपहर पश्चात सत्संग भवन में सीतामऊ एवं आसपास के क्षेत्र के आमंत्रित वृद्ध जनों का कृष्ण वल्लभ परसाई एवं परिवार द्वारा शाल श्रीफल एवं दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाज के वरिष्ठ एवं वयो वृद्ध हरि बल्लभ शर्मा डीगाव माली एवं सीतामऊ के गौरव सेवानिवृत अनुविभागीय अधिकारी अनिल कुमार पटवा मुख्य अतिथि के रूप में एवं ओम सिंह भाटी हल्दूनी अध्यक्ष के रूप में मंचासीन थे सर्वप्रथम मंचासीन अतिथियों का शाल श्रीफल एवं दुपट्टा पहना कर स्वागत एवं सम्मान किया गया इसके पश्चात पर परसाई परिवार द्वारा विभिन्न समाज के आमंत्रित एवं उपस्थित वृद्ध जनों का मुख्य अतिथियों द्वारा शाल श्रीफल एवं दुपट्टा पहना कर सम्मान एवं स्वागत किया गया
कार्यक्रम में इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ हरि बल्लभ शर्मा ने कहा कि परिवार में वृद्ध जन परिवार के मार्गदर्शक होते हैं जिससे परिवार आगे सही दिशा में बढ़ता रहता है वृद्ध जनों का सम्मान सभी के लिए अनुकरणीय है सेवानिवृत अनुविभागी अधिकारी श्री पटवा ने कहा कि सत्संग भवन में भागवत महापुराण कथा का आयोजन होने से सीतामऊ के धर्म प्रेमी एवं श्रद्धालुओं माता बहनों को धर्म ज्ञान और भागवत कथा का लाभ मिला साथ ही समाज के वरिष्ठ नागरिकों एवं वृद्ध जनों का सम्मान समारोह होना हम सभी के लिए प्रेरणा का कार्य है
अध्यक्षता कर रहे ओम सिंह भाटी ने कहा कि सम्माननीय एवं समस्त वृद्ध जनों का आशीर्वाद हमारे ऊपर बना रहे और आपके मार्गदर्शन से हम सामाजिक कार्य करते रहे सम्मानित वृद्ध जनों में मोहन सिंह भंसाली ने कहा कि यह पुनीत कार्य हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है इस पहल के लिए हम सभी हृदय से स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापित करते हैं गोपाल कृष्ण सावरा ने इस अवसर पर वामन अवतार एवं राजा बलि के बारे में अच्छा प्रसंग सुन कर इससे संबंधित भक्ति गीत प्रस्तुत किया अंत में लदुना निवासी दिलीप द्विवेदी द्वारा कृष्ण वल्लभ परसाई का शाल श्रीफल और साफा बांधकर सम्मान किया गया
कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत शिक्षक गोविंद कुमार सावरा ने किया एवं अंत मे परसाई परिवार के वरिष्ठ एवं प्रमुख कृष्ण वल्लभ परसाई ने उपस्थित समस्त अतिथियों वृद्ध जनों भक्त जनों माता बहनों एवं परिजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा की यह पुनीत कार्य ईश्वर के द्वारा एवं ईश्वर की प्रेरणा से संपन्न हुआ है हम तो निमित्त मात्र हैं कार्यक्रम के अंत में भागवत महापुराण कथा की प्रसादी के रूप में सह भोज का आयोजन हुआ।


